बिहार दिवस समारोह के अवसर पर 22 मार्च को सभी सरकारी और प्राइवेट विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं बिहार गौरव गान एवं बिहार प्रार्थना गीत आयोजित होगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि 22 से 24 मार्च तक बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष बिहार दिवस का थीम सात निश्चय भाग-2, युवा शक्ति बिहार की प्रगति पर आधारित है । इसे इस साल और भव्य और व्यापक बनाने का निर्णय लिया गया है। 22 मार्च को सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के साथ निजी विद्यालयों में प्रभात फेरी आयोजित किया जाए। सभी बच्चे पोषक क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इसके बाद विशेष एसेंबली के माध्यम से बिहार गौरव गान व बिहार प्रार्थना गीत बच्चों को सुनाने या गाने की व्यवस्था की जाए।
रामगढ़ महुआवा में बकरी से फसल नुकसान का विरोध करने पर पिटाई कर घायल कर दिया। वही गले में फंदा डाल जान से मारने की कोशिश की। इस सम्बंध में कुंअरपुर निवासी चंद्रदेव सिंह के पुत्र अंकेश सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें रामगढ़ महुआवा व वाटगंज के 8 लोगों को नामजद व 15 अज्ञात लोगों को आरोपित किया है।आरोपितों में वाटगंज एवं रामगढ़ महुआवा गांव चिरकुट राम, रंजीत राम, उमेश राम,सुरेन्द्र राम, लाल बाबू सहनी, सिपाही सहनी, दिनेश बैठा, शशि बैठा, वकील बैठा सहित 15 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। बताया है उक्त सभी लोग दबंगता पूर्वक बकरी से मसूर का फसल नुकसान कर रहे थे।जिन्हें मना करने पर मारपीट कर घायल कर दिए। वहीं गर्दन में गमछा का फंदा डाल जान से मारने की कोशिश किए। बचाने आए उसके भाई मिथलेश कुमार को भी बेरहमी से पीटकर घायल कर दिये।
ख़राब लाइन को ठीक करने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े बिजली मिस्त्री मोहम्म्मद हुसैन की करंट की चपेट में आ गए और ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए क्लिक करें ऑडियो पर और सुनें पूरी खबर।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन(बीसीए) के तत्वावधान में होने वाले अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट(अंडर-19)के लिए ईस्ट चम्पारण डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (ईसीडीसीए) 20 मार्च तक पूर्वी चंपारण के 25 खिलाड़ियों की सूची बीसीए पोर्टल पर अपलोड कर देगा। प्रेस-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जानकारी देते हुए बीसीए टूर्नामेंट कमिटी के कन्वेनर सह ईसीडीसीए सचिव ज्ञानेश्वर गौतम ने बताया कि पूर्वी चंपारण(अंडर-19) क्रिकेट टीम कैंप के लिए 42 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। इसीडीसीए 15 व 16 मार्च को स्थानीय गांधी मैदान मोतिहारी के ग्राउंड-1 पर इन खिलाड़ियों का कंडीशनिंग कैंप आयोजित करेगा तथा 17 से लेकर 19 मार्च तक इन खिलाड़ियों को 3 टीमों में बांटकर मैच(50 ओवर) कराए जाएंगे। कंडीशनिंग कैंप व मैच में दिखाए गए प्रदर्शन, अनुशासन व टेंपरामेंट के आधार पर 25 खिलाड़ियों का चयन कर उनकी सूची 19 मार्च की शाम को जारी कर दी जाएगी। चयनित 25 खिलाड़ियों का डाटा-बेस इसीडीसीए द्वारा बीसीए पोर्टल पर 20 मार्च को अपलोड किया जाएगा।16 सदस्यीय पूर्वी चंपारण क्रिकेट टीम(अंडर-19)का चयन इन्हीं 25 खिलाड़ियों में से होगा जो इस महीने के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के प्रथम सप्ताह में बीसीए के तत्वधान में होने वाले अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेंगे। श्री गौतम ने यह भी बताया कि पूर्वी चंपारण अंडर-16 क्रिकेट टीम का चयन के लिए भी इसीडीसीए 1 व 2 अप्रैल को स्थानीय गांधी मैदान के ग्राउंड-1 पर ट्रायल आयोजित करने जा रहा है। इसीडीसीए से सम्बद्ध इस जिले के क्रिकेट खिलाड़ी(अंडर-16) इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं। ट्रायल में भाग लेनेवाले खिलाड़ी (अंडर-16 खिलाड़ी) रजिस्ट्रेशन के लिए 20 से 25 मार्च के बीच अपना बोन टेस्ट सर्टिफिकेट व आवश्यक डाक्यूमेंट्स खेल-भवन में राशिद जमाल खान को जमा करेंगे।
जिला उर्दू भाषा कोषांग के तत्वावधान में मंगलवार को नगर भवन में राज्य की द्वितीय राजभाषा उर्दू के विकास के लिए उर्दू भाषी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत जिला स्तरीय वाद विवाद का आयोजन किया गया। इसमें शामिल सफल प्रतिभागी को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इसमें मैट्रिक,इंटर व स्नातक कक्षा में पढ़ रहे छात्र छात्राएं भाग लिए। वाद विवाद प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। मैट्रिक में चयनित एक प्रतिभागी प्रथम को 4500 रुपये , द्वितीय में तीन प्रतिभागी को 3500-3500 रुपये व तृतीय स्थानवाले चार प्रतिभागी को 2500-2500 रुपये दिये गए। इंटर में चयनित एक प्रथम प्रतिभागी को 5500 रुपये, द्वितीय तीन को 4500-4500 रुपये व तृतीय स्थान वाले चार प्रतिभागी को 3500-3500 रुपये दिये गए। स्नातक के एक प्रथम प्रतिभागी को 6500 रुपये ,द्वितीय तीन को 5500 रुपये व तृतीय चार प्रतिभागी को 4500-4500 रुपये दिये गए। इसको लेकर शिक्षण संस्थानों से प्रति वर्ग दो दो विद्यार्थियों की अनुशंसा मांगी गयी थी।
सुगौली रेल पुलिस ने जब्त विदेशी शराब को दंडाधिकारी की उपस्थिति में कराया विनष्ट।
मोतिहारी नगर व मुफस्सिल थाने के बीच मेन रोड के किनारे पुलिस जांच के नाम पर श्रीकृष्ण सिंह महिला कॉलेज से सेवानिवृत प्रमोद नारायण ठाकुर से आभूषण ठगने की कोशिश हुई। सतर्कता से उनका आभूषण बच गया। बताया कि वे जांच घर से ब्लड जांच कराकर लौट रहे थे। मुफस्सिल थाने गेट के समीप एक व्यक्ति पीछे से दौड़ते हुये आया और बोला कि सर बुला रहे है आप सुन नहीं रहे हैं। चलिये सर वहां खड़े हैं। वे लौटकर गये तो एक पेड़ के पास लंबा व्यक्ति खड़ा था। उसने कहा कि पुलिस प्रशासन के लोग हैं। आप जैसे लोगों की सुरक्षा की जिम्मेवारी दी गयी है। अपना आभूषण निकालिये। पहले गले से चेन निकालिये। वे बोले चेन नहीं पहनता हूं। हाथ में अंगूठी पहना है उसे निकालो। उंगली से अंगूठी निकालने लगे लेकिन नहीं निकला तो दूसरे खड़े व्यक्ति ने भी निकालने की कोशिश की फिर भी उंगली से अंगूठी नहीं निकली। इस बीच तीसरा युवक वहां सरसो तेल लेकर पहुंचा और बोला कि तेल लगाकर अंगूठी निकालो।
मोतिहारी एलएनडी कॉलेज में सोमवार को बीएड विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया है। राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय है ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में दर्शन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी’। मुख्य अतिथि प्रो.आशीष श्रीवास्तव, शिक्षा संकायाध्यक्ष, एमजीसीयू , मुख्य वक्ता डॉ सुभाष मिश्रा, भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ, विशिष्ट अतिथि प्रो.ज्ञानदेवमणि त्रिपाठी, भुतपूर्व संकायाध्यक्ष, एकेयू व प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि प्रो.आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि आज मैकाले शिक्षा पद्धति को कोसने की अपेक्षा खुद ज़म्मिेदारियों के निर्वहन का समय है। उच्च शिक्षा में सकल नामांकन दर की वृद्धि के लिए तकनीक एक सशक्त माध्यम हो सकता है। पाश्चात्य जगत हमारे पारंपरिक ज्ञान का नकल कर रहा है वहम अंधाधुंध पाश्चात्यीकरण में लीन हैं। पारंपरिक विज्ञान की गिरावट के मद्देनजर अमेरिकी नेक्स्ट जेनरेशन साइंस स्टैंडर्ड फ्रेमवर्क को भारत में भी आत्मसात करने के लिए प्रयास करना होगा।भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विवि, लखनऊ से आए मुख्य वक्ता डॉ सुभाष मिश्रा ने बताया कि एनईपी की आत्मा को स्थापित करने के लिए भौतिक व आध्यात्मिक जगत का समन्वय प्रस्तुत करता हुआ दर्शन एक अनिवार्य तत्व है। मनुष्य को ज्ञान दर्शन की ओर व विज्ञान प्रदर्शन की ओर ले जाता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में एकेयू के भुतपूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. ज्ञानदेवमणि त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा में विज्ञान/ तकनीकी को समझने के लिए प्राचीन हड़प्पा संस्कृति पर दृष्टिपात करनी होगी। प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि जिज्ञासा का नाम ही दर्शन है। जिज्ञासा ही मनुष्य को आगे बढ़ाता है। राष्ट्रीय सेमिनार के आयोजन सचिव-सह- बीएड विभागाध्यक्ष डॉ.परमानंद त्रिपाठी ने सेमिनार का विषय प्रवर्तन किया। मीडिया प्रभारी डॉ. कुमार राकेश रंजन ने बताया कि प्रथम तकनीकी सत्र में एमडीडीएम कॉलेज, मुजफ्फरपुर से आगत सहायक प्राध्यापक डॉ.श्रीनिवास सुधांशु व डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य ने शोध पत्रों को प्रस्तुत किया। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ.सुबोध कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच का सफल संचालन प्रो प्रियरंजन झा ने किया।
शहर की लचर ट्रैफिक व्यवस्था से अब लोगों को मुक्ति मिल जायेगी। जिला पुलिस ने नये प्लान बनाएं हैं। जिसमें सदर अस्पताल व स्कूल के पास नो हॉर्न जोन बनेगा। हाइवें पर स्पीड गन काम करेगा। तेज वाहन चलाने वालों का जुर्माना होगा। होमगार्ड में बहाल हुये नये जवान कमान संभालेंगे। जिला पुलिस मुख्यालय में कंट्रोल रुम बनेगा। एसपी कांतेश कुमार मिश्र का कहना है कि वे शहर के सभी चौक चौराहों का भ्रमण किया । ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये नये प्लान बनाये गये हैं। जिसमें शहरवासियों का सहयोग जरुरी है। शहर के लोग अपने में सुधार करें। चालान से बचना चाहते हैं ट्रैफिक नियम का पालन करना होगा। कुछ जगह ऐसे भी चिन्हित किये गये हैं जहां सड़क के किनारे अतिक्रमण से सड़क जाम की समस्या बराबर बनी रहती है। वहां से अतिक्रमण भी हटाया जायेगा। एसपी ने इन चौराहों का किया निरीक्षण छतौनी चौक, गांधी चौक, बलुआ चौक, ज्ञानबाबू चौक, सिघिया गुमटी, कचहरी चौक, जानपुल चौक व चांदमारी चौक का एसपी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर व छतौनी इंस्पेक्टर, बंजरिया एसएचओ व अन्य पुलिस अधिकारी थे। इन जगहों पर सड़क जाम से लोगों को चलना मुश्किल हो जाता है। अतिक्रमण हटाने के साथ ट्रैफिक पुलिस सुचारु रुप से काम करेगी। तेज स्पीड पर कटेगा चालान तेज स्पीड से बाइक या अन्य वाहन चलाने पर चालान कटेगा। हाइवें पर स्पीड गन काम करेगा। स्पीड गन में जिस वाहन का स्पीड अधिक बतायेगा उसका तत्क्षण चालान काटा जायेगा। सदर अस्पातल व स्कूल के समीप नो हॉर्न जोन रहेगा। रोक के बावजूद बेवहज कोई चालक हॉर्न बजायेगा तो जुर्माना वसूल होगा। पिक आवर सुबह आठ से ग्यारह व शाम पांच से सात बजे ट्रैफिक जवानों की विशेष चौकसी होगी। वाकी टाकी से लैस होंगे सभी ट्रैफिक जवान ट्रैफिक कमान के लिये जिला पुलिस केन्द्र में कंट्रोल रुम बनाया जायेगा। ट्रैफिक ड्यूटी में लगे सभी जवानों को वाकीटाकी से लैश किया जायेगा। वायरलेश इंचार्ज फिलहाल इसका कमान संभालेगे। हर सूचना का अदानप्रदान होगा और उस पर शीघ्र कार्रवाई होगी। होमगार्ड के नये बहाल हुये 70 जवानों की ट्रैफिक में ड्यूटी लगायी जायेगी। दो चौक चौराहों पर एक सब इंस्पेक्टर को कमांड सौंपा जायेगा। ट्रैफिक ड्यूटी में शामिल जवानों के लिये शौचालय व पानी की व्यवस्था नगर निगम करेगी। अवैध पार्किंग पर बिना पूछे होगा जुर्माना शहर में जाम की सबसे बड़ी समस्य अवैध पार्किंग है। इसके लिये ट्रैफिक पुलिस को अधिकारी होगा कि अवैध पार्किंग पाये जाने पर सीधे चालान काटे। नये प्लान में यह हिदायत दी गयी है कि शहरवासी को चालान से बचना है तो ट्रैफिक नियम का पालन करें। अवैध पार्किंग में वाहन रहने पर चालान कटेगा।
जिला खनन विभाग ने तीन साल के बकायेदार ईंट भट्ठा संचालकों से माइनिंग रॉयल्टी की वसूली तेज कर दी है। ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी करने के साथ माइनिंग रॉयल्टी का भुगतान शुरू कर दिया गया है। जिले के 353 ईंट भट्ठा संचालकों में अबतक 190 संचालकों के द्वारा 2.60 करोड़ माइनिंग रॉयल्टी का भुगतान किया गया है। 163 ईंट भट्ठा संचालकों पर है रॉयल्टी बकाया अभी 163 ईंट भट्ठा संचालकों पर करोड़ों रुपये रॉयल्टी का बकाया है। जिसे शीघ्र जमा कराने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसके अलावा ईंट भट्ठा संचालन के लिए अन्य कागजात जमा कराने का निर्देश दिया गया है। सीटीई व सीटीओ के लिए 300 संचालकों को नोटिस ईंट भट्ठा संचालन के लिए संचालकों को कंसेंट टू इस्टेब्लिस व कंसेंट टू ऑपरेशन,स्वामित्व आदि का भुगतान व ईंट भट्ठा संचालन के लिए निबंधन प्रमाण पत्र जमा कराना होगा। चिमनी भटठ स्थल के जमीन का कागजात, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से सीटीई व सीटीओ देना होगा। पैन कार्ड,आधार कार्ड की छाया प्रति व वाणिज्य कर विभाग से निबंधन प्रमाण पत्र की छाया प्रति देना अनिवार्य किया गया है।अबतक 300 ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। 353 ईंट भट्ठा संचालित हैं। श्रेणी के अनुसार करना होगा रॉयल्टी का भुगतान ईंट भट्ठा संचालकों को श्रेणी के अनुसार रॉयल्टी का भुगतान करना होगा। जिला खनन विभाग के अनुसार शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लिए अलग अलग रॉयल्टी निर्धारित है। शहरी क्षेत्र श्रेणी 2 व ग्रामीण क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठा श्रेणी 3 के अंतर्गत आता है। श्रेणी 2 के लिए आवेदन शुल्क 5 हजार रुपये व रॉयल्टी 1 लाख 57 हजार 500 रुपये सहित कुल 1 लाख 62 हजार 500 रुपये जमा कराना होगा। वहीं श्रेणी 3 के तहत आवेदन शुल्क 5 हजार रुपये ,रॉयल्टी 1 लाख 12 हजार 500 रुपये सहित कुल 1 लाख 17 हजार 500 रुपये जमा कराना होगा। उक्त रॉयल्टी की राशि समय पर भुगतान नहीं करने पर जनवरी में 105 प्रतिशत, फरवरी में 110 प्रतिशत,मार्च में 115 प्रतिशत,अप्रैल से जून तक 150 प्रतिशत व जून के बाद 200 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा।
