मोतिहारी दी सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक मोतिहारी के निदेशक मंडल के चुनाव की तिथि घोषित कर दी गयी है। सदर एसडीएम ने चुनाव की तिथि घोषित करते हुए सदस्यों के पदों के आरक्षण को लेकर सूची प्रकाशित की है। सविरोध निर्वाचन की स्थिति में को ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल का चुनाव 12 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। इसके पहले सदर एसडीएम कार्यालय में सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर एसडीएम के द्वारा अपरिहार्य कारणवश नामांकन पत्र प्राप्त नहीं करने की स्थिति में उप निर्वाचन पदाधिकारी मणि कुमार वर्मा को अनुमंडल कार्यालय में दाखिल किया जा सकता है। नामांकन के लिंए प्रपत्र देने का कार्य शनिवार से शुरू किया गया है जिसे आगामी 28 मार्च तक प्राप्त करने की तिथि निर्धारित की गयी है। नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि 5 अप्रैल निर्धारित की गयी है। मतगणना 12 अप्रैल को डॉ. राधाकृष्णन भवन में शाम 4.30 बजे से होगी। अनारक्षित व आरक्षित पदों को लेकर सूची जारी की गयी है। इसके तहत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद अनारक्षित होगा। इसको लेकर सदर एसडीएम श्रेष्ठ अनुपम के द्वारा आम सूचना जारी की गयी है।
मोतिहारी शहर के हिन्दी बाजार स्थित एक हार्डवेयर प्रतिष्ठान पर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने शनिवार को संयुक्त रुप से छापेमारी की। हार्डवेयर व्यवसायी उमेश मोहता के प्रतिष्ठान पर मोतिहारी व मुजफ्फरपुर के वाणिज्य कर विभाग की टीम दोपहर में पहुंची। हार्डवेयर, सीमेंट,छड़,पेंट,सेनेटरी गुड्स आदि के विक्रेता के प्रतिष्ठान पर घंटों अधिकारियों की टीम जमी रही और कागजातों को खंगालती रही। यह छापेमारी राज्य कर आयुक्त सह सचिव डॉ. प्रतिमा वर्मा के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार ने बताया कि एक वर्ष के अंदर करोड़ों की बिक्री के बावजूद कैश में कर का भुगतान नहीं किया गया है। जिसको लेकर राज्य कर संयुक्त आयुक्त के निर्देश पर छापेमारी की गयी। उन्होंने बताया कि सामग्री की खरीद बिक्री के कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है। छापेमारी टीम में राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार, सहायक कर आयुक्त जितेन्द्र कुमार, सहायक कर आयुक्त शगुफ्ता रहमान, सहायक कर आयुक्त राजकिशोर राम, सहायक कर आयुक्त अस्मिता शर्मा, सहायक कर आयुक्त मुजफ्फरपुर पश्चिमी अंचल प्रियरंजन व सहायक कर आयुक्त आदि शामिल थे।
बाहर के मंडियों से आया आलू स्थानीय किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। अन्य प्रदेशों से आ रहे आलू की कीमत कम है। कारोबारी मुनाफा कमा रहे हैं और किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिससे आलू की कीमत में गिरावट ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। जैसे किसानों की कमर ही तोड़ दी है। किसानों ने बताया कि प्रति कटठा आलू की फसल के उत्पादन में करीबन दो हजार से 2600 रुपये की लागत आती है और उससे निकले फसल के उपज से सिर्फ दो हजार से 2400 रुपये की मिल रहे हैं। तीन महीने तक खेतों में मेहनत का किसानों को कोई मोल नहीं मिल पा रहा है। बताया कि सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि अन्य प्रदेशों के व्यापारी बिहार में आलू खरीदने नहीं आ रहे हैं। इसकी वजह से भी स्थानीय किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि जल्दी ही आलू की कीमत नहीं संभली तो बिहार के आलू उत्पादकों को करोड़ों की चपत लग सकती है। किसान बताते हैं कि जिस समय आलू की रोपाई हुई थी। उस समय आलू की कीमत 15 से 18 सौ रुपये प्रति क्विंटल थी। मौसम की बेरुखी का फसल पर भी असर पड़ा। प्रति कटठे में सिर्फ दो क्विंटल आलू की पैदावार हुई है, जबकि प्रति कटठा आलू के उत्पादन में करीबन दो हजार रुपये लागत लगती है। ऐसी स्थिति में किसानों को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। कहा कि सरकार एक ओर किसानों की आय दोगुनी करने की बात कह रही है और दूसरी ओर हमें पैदावार का आधा खर्च भी नहीं मिल पा रहा है। इस बार ना तो किसानों को व्यापारी मिल रहा है और ना ही कोल्ड स्टोर के मालिक आलू रखने को तैयार हो रहे हैं। अब खेत पर आलू निकालने के लिए किसानों को मजदूर भी नहीं मिल रहे हैं। किसानों का कहना है कि केरल के तर्ज पर बिहार में भी हरी साग सब्जियों एवं आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जाये। दूसरी ओर पहले फसल क्षति का मुआवजा भी किसानों को दिया जाता था, लेकिन अब सरकार ने वह भी बंद कर दिया है। इससे कि अब किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच गये हैं।
अज्ञात चोरों ने एक ही रात दो घरों से उड़ाई समान कोटवा:(पूर्वी चम्पारण)।थाना क्षेत्र के अहिरौलिया पंचायत के वार्ड नंबर ग्यारह में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार जिन घरों में चोरी हुआ है उसमे गया सिंह और रामबिहारी सिंह का नाम शामिल हैं जो घर में ताला लगाकर कर गया सिंह कलकत्ता और रामबिहारी सिंह मोतिहारी रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर दोनो घरों में चोरी की घटना का अंजाम दिया।घर में रखे कीमती कपड़ा,बर्तन,कुछ जरूरी कागजात सहित कई बहुमूल्य सामान उड़ा लिए।पट्टीदार राम नारायण सिंह ने बताया कि मेरे लड़के के शादी में जो समान मिला था उसमे से अधिकांश समान अपने घर में जगह कम पड़ने के कारण गया सिंह के घर में रख दिए थे ,उसे भी चुरा लिया गया है।सूचना पर एसआई जितेंद्र कुमार एसआई राजीव कुमार ने घटना स्थल से दर्जनों टूटे हुए ताले बरामद किए तथा चोरी हुई समानो का बारीकी से जांच की ।इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को भेजकर मामले की जांच कराई गई है वही अभी तक आवेदन प्राप्त नही हुआ है।
प्रखंड के सभी स्कूलों में फर्स्ट एड किट की होगी खरीदारी कोटवा प्रखंड के सभी 142 स्कूलों में फर्स्ट एड किट की खरीदारी करने का कोतवा बीईओ राम विजय यादव ने निर्देश जारी कर कहा है कि विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत और प्राथमिक से लेकर हाईस्कूल तक के सभी स्कूलों में प्राथमिक उपचार पेटी का उपलब्ध कराई जा रही है इसके लिए प्रत्येक स्कूल को ₹ 2 हजार की दर से फर्स्ट एड किट की खरीदारी के लिए राशि उपलब्ध करा दी गई है इसकी खरीदारी से प्राथमिक उपचार आदि की व्यवस्था क्लास के बच्चों को तथा स्कूल प्रबंधकों को मिलेगा , बिहार शिक्षा परियोजना से ₹2000 के फर्स्ट एड किट के बजट में प्रति समान के मूल्य तय कर दी गई है इसी के अनुसार सामान की खरीदारी करनी है ,इसके तहद टिन का बक्सा, क्रेप बैंडेज नेल कटर सेफ्टी पिन थर्मामीटर एंटीसेप्टिक लिक्विड डिटॉल एंटीसेप्टिक क्रीम सोफ्रामायसिन चिपकाने वाला बैंडेज जालीदार पट्टी कॉटन सैनिटाइजर आदि की खरीदारी करनी है प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय यादव ने कहा कि सभी प्रधान शिक्षक को खरीदारी करने का निर्देश दे दिया गया है
मोतिहारी प्रखंड अंतर्गत ढेकहां में श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ शनिवार से प्रारम्भ हुआ। यज्ञ के प्रथम दिन 1001 कन्याओं ने कलश यात्रा निकाली। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक जनता दल के नेता सह पूर्व मोतिहारी विधानसभा प्रत्याशी डॉ. दीपक कुमार ने किया। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। कलश यात्रा में बैंड बाजे के साथ हाथी, घोड़ा सम्मिलित थे। मुख्य अतिथि डॉ. कुमार ने कहा कि यज्ञ, पूजा, आराधना से मन व समाज में शांति रहती है। कहा कि लोग बुरा विचार त्याग कर सतमार्ग पर चलते हैं। कहा कि हवन आहुति से वायुमंडल का शुद्धिकरण होता है। यह महायज्ञ नौ दिन चलेगा । इसी क्रम में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में पंचमुखी बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। महायज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष सह उतरी ढेकहां के मुखिया जयराम प्रसाद सिंह ने कहा कि नौ दिन महायज्ञ के दौरान मेला,प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।
मोतिहारी में अनुमंडलीय बागवानी महोत्सव सह प्रतियोगिता में जिले के किसान शिरकत करेंगे। 13-15 मार्च को आयोजित उद्यान प्रदर्शनी में 14 प्रकार के उद्यान प्रादर्श का प्रदर्शन निर्धारित है। प्रदर्शनी का आयोजन लीची अनुसंधान केन्द्र मुशहरी मुजफ्फरपुर में किया गया है। इसमें वर्ग 1 में सामान्य रूप से उत्पादित सब्जी, वर्ग 2 में पॉली हाउस में उत्पादित सब्जी, वर्ग 3 में मशरूम, वर्ग 4 में फल, वर्ग 5 में शहद (केवल मधुमक्खी पालक व जीविका समूह), वर्ग 6 में पान के पत्ते(केवल पान की खेती करनेवाले किसान), वर्ग 7 में सदाबहार पत्ते या फूलवाले पौधे,वर्ग 8 में जाड़े के मौसमी फूलों के पौधे,वर्ग 9 में विभिन्न तरह के शकुलेंट पौधे, वर्ग 10 में विभिन्न तरह के पाम,वर्ग 12 में कलात्मक पुष्प सज्जा, वर्ग 13 में औषधीय व सुगंध पौधा जड़ सहित व वर्ग 14 में छत पर बागवानी की अद्यतन फोटोग्राफ के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके तहत प्रथम पुरस्कार 2 हजार, द्वितीय पुरस्कार 1500 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1 हजार रुपये ,विशिष्ट पुरस्कार 5 हजार रुपये किसानों को दिये जाएंगे। सहायक निदेशक डॉ अमरजीत कुमार राय ने बताया कि प्रार्दशों की प्रविष्टि 13 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक की जाएगी।
मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र में निश्चय योजना 2 के तहत विद्युत शवदाहगृह व मोक्षधाम के निर्माण के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग पटना के द्वारा 7 करोड़ 68 लाख 84 हजार की राशि स्वीकृत की गयी है। जानकारी नगर निगम की महापौर प्रीति कुमार ने दी। उन्हाेंने बताया कि विद्युत शवदाहगृह का निर्माण कार्य होने से नदी के किनारे होने वाले वायु प्रदूषण को रोका जा सकेगा। साथ ही विद्युत शवदाहगृह व मोक्षधाम के निर्माण से खराब मौसम खासकर बरसात के दिनों में दाह संस्कार की प्रक्रिया को पूर्ण करने में निगम क्षेत्र के आम नागरिकों को कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। दाह संस्कार की प्रक्रिया कम समय में सहुलियत के साथ पूरी की जा सकेगी।
मोतिहारी शहर में जाम की समस्या व सड़क दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। इसके तहत अब सुबह पांच से रात्रि दस बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की नो इंट्री रहेगी। डीएम शीर्षत कपिल अशोक सह अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति के द्वारा आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इससे शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इसका पालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। भारी वाहनों के प्रवेश से होती है जाम की समस्या शहर में भारी वाहनों का प्रवेश धड़ल्ले से होता रहता है। खासकर सुबह के समय बालू लदी ट्रक शहर के मेन रोड से होकर गली-मोहल्ले तक पहुंच जाती हैं। कई बार तो दिन में भी बड़ी ट्रकें शहर में प्रवेश कर जाती हैं। जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।इसके अलावे मुजफ्फरपुर, पटना व बेतिया जाने वाली गाड़ियां भी सुबह में शहर के मुख्य पथ से होकर ही गुजरती हैं। नो इंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगेगा जुर्माना शहरी क्षेत्र में नो इंट्री के समय भारी वाहनों के परिचालन पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उक्त वाहन के खिलाफ नियम तोड़ने को ले कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने कहा कि सख्ती से किया जाए अमल भारी वाहनों का नो इंट्री एरिया में प्रवेश पर रोक से शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। लोगों के अनुसार, प्रशासन को इसका सख्ती से अमल सुनिश्चित करना चाहिए। आदेश को अमलीजामा पहनाना होगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। शहर के बनियापट्टी निवासी प्रभु गुप्ता का कहना है कि भारी वाहनों पर रोक यह जिला प्रशासन का स्वागत योग्य कदम है। इससे शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। पुलिस प्रशासन को इस पर पैनी नजर रखनी जरुरी है। इधर, कोल्हुअरवा निवासी राजू शुक्ला कहते हैं कि शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की समस्या होती है। दिन के समय भी भारी वाहन शहर में प्रवेश कर जाती हैं। जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। दिन में इनके प्रवेश पर रोक लगने से जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। वहीं, शास्त्रत्त्ी नगर के प्रणव रंजन का कहना है कि दिन में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। यह जिला प्रशासन का स्वागतयोग्य कदम है। इधर, मठिया जीरात निवासी राहुल कुमार के अनुसार शहरी क्षेत्र में दिन के समय में भारी वाहनों के नहीं प्रवेश करने से व्यवसाय भी बेहतर होगा। साथ ही जाम की समस्या दूर होगी।
कवलपुर तेलिया टोली में देर रात बाइक चुरा रहे चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ा तो वे बाइक छोड़ फरार हो गये। ग्रामीणों की सूचना पर चोरो की बाइक पुलिस ने जब्त कर थाना ले गई है। चोरों की संख्या चार थी। सभी चोर नकाब पहने हुए थे। कवलपुर के मोहन प्रसाद ने थाना में आवेदन दिया है।बताया है कि कवलपुर गांव में मोहन प्रसाद के दरवाजे पर बाइक खड़ी थी। करीब 1 बजे रात में खट खट की आवाज आ रही थी।आवाज सुनकर वह बाहर आया तो देखा चार युवक मुंह पर कपड़ा बांधे उसकी बाइक का लॉक तोड़कर ले भागने के फिराक में थे। शोर मचाया तो वे सभी चोर जिस बाइक से चोरी करने आये उसे छोड़ फरार हो गये। इसकी सूचना पुलिस की 112 नम्बर गाड़ी के पदाधिकारियों को उसने दिया। पुलिस पदाधिकारियों ने घटना की जांच की और चोरो के द्वारा छोड़ी गई बाइक को तुरकौलिया थाना ले गई। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि चोरो के द्वारा छोड़ी गई बाइक के नम्बर से उसके मालिक की पहचान की जा रही है।
