मोतिहारी शहर के हिन्दी बाजार स्थित एक हार्डवेयर प्रतिष्ठान पर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने शनिवार को संयुक्त रुप से छापेमारी की। हार्डवेयर व्यवसायी उमेश मोहता के प्रतिष्ठान पर मोतिहारी व मुजफ्फरपुर के वाणिज्य कर विभाग की टीम दोपहर में पहुंची। हार्डवेयर, सीमेंट,छड़,पेंट,सेनेटरी गुड्स आदि के विक्रेता के प्रतिष्ठान पर घंटों अधिकारियों की टीम जमी रही और कागजातों को खंगालती रही। यह छापेमारी राज्य कर आयुक्त सह सचिव डॉ. प्रतिमा वर्मा के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार ने बताया कि एक वर्ष के अंदर करोड़ों की बिक्री के बावजूद कैश में कर का भुगतान नहीं किया गया है। जिसको लेकर राज्य कर संयुक्त आयुक्त के निर्देश पर छापेमारी की गयी। उन्होंने बताया कि सामग्री की खरीद बिक्री के कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है। छापेमारी टीम में राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार, सहायक कर आयुक्त जितेन्द्र कुमार, सहायक कर आयुक्त शगुफ्ता रहमान, सहायक कर आयुक्त राजकिशोर राम, सहायक कर आयुक्त अस्मिता शर्मा, सहायक कर आयुक्त मुजफ्फरपुर पश्चिमी अंचल प्रियरंजन व सहायक कर आयुक्त आदि शामिल थे।