मोतिहारी दी सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक मोतिहारी के निदेशक मंडल के चुनाव की तिथि घोषित कर दी गयी है। सदर एसडीएम ने चुनाव की तिथि घोषित करते हुए सदस्यों के पदों के आरक्षण को लेकर सूची प्रकाशित की है। सविरोध निर्वाचन की स्थिति में को ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल का चुनाव 12 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। इसके पहले सदर एसडीएम कार्यालय में सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर एसडीएम के द्वारा अपरिहार्य कारणवश नामांकन पत्र प्राप्त नहीं करने की स्थिति में उप निर्वाचन पदाधिकारी मणि कुमार वर्मा को अनुमंडल कार्यालय में दाखिल किया जा सकता है। नामांकन के लिंए प्रपत्र देने का कार्य शनिवार से शुरू किया गया है जिसे आगामी 28 मार्च तक प्राप्त करने की तिथि निर्धारित की गयी है। नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि 5 अप्रैल निर्धारित की गयी है। मतगणना 12 अप्रैल को डॉ. राधाकृष्णन भवन में शाम 4.30 बजे से होगी। अनारक्षित व आरक्षित पदों को लेकर सूची जारी की गयी है। इसके तहत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद अनारक्षित होगा। इसको लेकर सदर एसडीएम श्रेष्ठ अनुपम के द्वारा आम सूचना जारी की गयी है।
