बिहार क्रिकेट एसोसिएशन(बीसीए) के तत्वावधान में होने वाले अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट(अंडर-19)के लिए ईस्ट चम्पारण डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (ईसीडीसीए) 20 मार्च तक पूर्वी चंपारण के 25 खिलाड़ियों की सूची बीसीए पोर्टल पर अपलोड कर देगा। प्रेस-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जानकारी देते हुए बीसीए टूर्नामेंट कमिटी के कन्वेनर सह ईसीडीसीए सचिव ज्ञानेश्वर गौतम ने बताया कि पूर्वी चंपारण(अंडर-19) क्रिकेट टीम कैंप के लिए 42 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। इसीडीसीए 15 व 16 मार्च को स्थानीय गांधी मैदान मोतिहारी के ग्राउंड-1 पर इन खिलाड़ियों का कंडीशनिंग कैंप आयोजित करेगा तथा 17 से लेकर 19 मार्च तक इन खिलाड़ियों को 3 टीमों में बांटकर मैच(50 ओवर) कराए जाएंगे। कंडीशनिंग कैंप व मैच में दिखाए गए प्रदर्शन, अनुशासन व टेंपरामेंट के आधार पर 25 खिलाड़ियों का चयन कर उनकी सूची 19 मार्च की शाम को जारी कर दी जाएगी। चयनित 25 खिलाड़ियों का डाटा-बेस इसीडीसीए द्वारा बीसीए पोर्टल पर 20 मार्च को अपलोड किया जाएगा।16 सदस्यीय पूर्वी चंपारण क्रिकेट टीम(अंडर-19)का चयन इन्हीं 25 खिलाड़ियों में से होगा जो इस महीने के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के प्रथम सप्ताह में बीसीए के तत्वधान में होने वाले अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेंगे। श्री गौतम ने यह भी बताया कि पूर्वी चंपारण अंडर-16 क्रिकेट टीम का चयन के लिए भी इसीडीसीए 1 व 2 अप्रैल को स्थानीय गांधी मैदान के ग्राउंड-1 पर ट्रायल आयोजित करने जा रहा है। इसीडीसीए से सम्बद्ध इस जिले के क्रिकेट खिलाड़ी(अंडर-16) इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं। ट्रायल में भाग लेनेवाले खिलाड़ी (अंडर-16 खिलाड़ी) रजिस्ट्रेशन के लिए 20 से 25 मार्च के बीच अपना बोन टेस्ट सर्टिफिकेट व आवश्यक डाक्यूमेंट्स खेल-भवन में राशिद जमाल खान को जमा करेंगे।
