बिहार दिवस समारोह के अवसर पर 22 मार्च को सभी सरकारी और प्राइवेट विद्यालयों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं बिहार गौरव गान एवं बिहार प्रार्थना गीत आयोजित होगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि 22 से 24 मार्च तक बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष बिहार दिवस का थीम सात निश्चय भाग-2, युवा शक्ति बिहार की प्रगति पर आधारित है । इसे इस साल और भव्य और व्यापक बनाने का निर्णय लिया गया है। 22 मार्च को सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के साथ निजी विद्यालयों में प्रभात फेरी आयोजित किया जाए। सभी बच्चे पोषक क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इसके बाद विशेष एसेंबली के माध्यम से बिहार गौरव गान व बिहार प्रार्थना गीत बच्चों को सुनाने या गाने की व्यवस्था की जाए।