बिहार राज्य के जमुई जिले अंतर्गत गिद्धौर प्रखंड से भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है,कि आधार की सुरक्षा को लेकर इन दिनों काफी चर्चा छिड़ी हुई है। सरकार ने हाल में इसकी सुरक्षा के लिए नए मानक भी तय किए हैं। हालांकि जिस तरह तकरीबन हर सेवा के लिए इसे अनिवार्य बना दिया गया है, उससे चिंता ज्यादा बढ़ी है। आशंका यही है कि लोगों की निजी सुचनाएं, जो आधार में दर्ज हैं, कहीं सार्वजनिक न हो जाएं। अब आधार पहचान या पते का प्रमाण नहीं रहा, बल्कि एक यूनिक डॉक्यूमेंट बन गया है। इसमें बायोमेट्रिक जानकारी दर्ज होती है। किसी भी शख्स की बायोमेट्रिक सूचना यूनिक होती है, जिस कारण आधार डाटाबेस की सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। सरकार सुरक्षा को लेकर कई प्रयास कर रही है, पर हमें अपनी तरफ से भी सतर्क रहना चाहिए। ऐसी जगहों पर आधार की जानकारियां नहीं देनी चाहिए, जो सुरक्षित न हों। यूआईएडीआई की वेबसाइट पर ऐसे फीचर उपलब्ध हैं, जिनके जरिए हम अपना डाटा लॉक कर सकते हैं, कोई भी उसका दुरुपयोग नहीं कर सकता है साथ ही हमें इसका भी लाभ उठाना चाहिए।

बिहार राज्य के जमुई जिला के गिद्धौर प्रखंड से भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि जमुई जिले के समाहरणालय संवाद कक्ष में सोमवार को स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीआरडीए निदेशक राम निरंजन चौधरी ने की। बैठक में बताया गया कि 31 मार्च तक जिले के तीन प्रखंडों लक्ष्मीपुर, बरहट और गिद्धौर को ओडीएफ करना है। सोमवार को इन तीनों प्रखंडों के प्रमुख, मुखिया, बीडीओ, सीओ सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों से विचार-विमर्श भी किया गया कि समय सीमा के अंदर इन तीनों प्रखंडों को किस तरह ओडीएफ मुक्त करना है। साथ ही जिला समन्वयक सुधीर कुमार द्वारा शौचालय निर्माण कैसे करना है, किस प्रकार लोगों के बीच जागरूकता फैलाना है आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । उन्होंने कहा कि हर हाल में प्रखंड के सभी लोगों को मिलजुल कर इस कार्य को पूरा करना है। साथ ही ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाना है कि खुले में शौच करने से किन-किन तरह की बीमारी होती है। उससे बचाव का मात्र एक ही अच्छा तरीका यह होगा कि ग्रामीण अपने घर में शौचालय का निर्माण अवश्य करा लें।

बिहार राज्य के जमुई जिले अंतर्गत गिद्धौर प्रखंड से भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है, कि जमुई जिले में अब किसानों को उर्वरक के लिए पी.ओ.एस मशीन स्वेप करना होगा। जिला कृषि पदाधिकारी किरण किशोर ने सोमवार को पी.ओ.एस मशीन से उर्वरक की बिक्री का शुभारंभ किया। खैरमा स्थित स्वास्तिक ट्रेडिग से किसानों को उर्वरक की बिक्री की गई। खैरमा निवासी विनय कुमार मशीन से खरीदारी करने वाले पहले ग्राहक बने। मौके पर डीएओ ने बताया कि जिले में 196 पी.ओ.एस मशीन लगाया गया है। शेष मशीन तकनीकी खराबी के कारण नहीं लग पाया है। उन्होंने कहा कि किसानों को अनुदान की राशि सीधे खातों में जाएगी। इस व्यवस्था से काला बाजारी पर रोक लगेगा। इस मौके पर कृषि समन्वयक पंकज कुमार, अभिषेक, राजेश राज, उर्वरक सहायक नृपेन्द्र कुमार , स्वास्तिक ट्रेड के प्रोपराइटर विनय कुमार सहित किसान उपलब्ध थे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से संजीवन कुमार सिंह जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि मकर संक्रांति के आगमन की आहट के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में गुड़ और तिल की सुगंध फैलने लगी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है, और मकर राशि में सूर्य का प्रवेश अत्यंत फलदायक होता है। इसलिए भी मकर संक्राति का विशेष महत्व है। इस दिन तिल, गुड़ एवं दही खाने का भी विशेष महत्व है। इसको लेकर सभी घरों में जमकर तिल व अन्य पारंपरिक लाय बनाए जाते हैं। इसकी तैयारी भी अभी से शुरू है। पारंपरिक ओखली-समाठ की आवाज से ही क्षेत्र में मकर सक्रांति के आने की धमक सुनाई देने लगी है। पिछले कुछ वर्षों में अंग्रेजी नववर्ष के जश्न ने मकर संक्रांति की महत्ता में भी सेंधमारी की है। तिल-गुड़ के लाय से ज्यादा स्वाद अब कहीं ना कहीं अंग्रेजी केक में लोगों को मिलने लगा है। खासकर शहरी परिक्षेत्र में यह चलन बढ़ी है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में पौराणिक संस्कृति पूरी तरह अक्षुण्ण है।

बिहार राज्य के जमुई जिला के प्रखंड सिकंदरा से अमित कुमार सविता जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि भीषण ठंड के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. कौशल किशोर ने जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों को अगामी 06 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि वर्ग 01 से वर्ग 08 तक का पठन-पाठन उक्त तिथि तक बंद रहेगा। बच्चे विद्यालय नहीं आएंगे परंतु गैर शैक्षणिक कार्य के लिए स्कूल खुले रहेंगे। शिक्षक-शिक्षिका निर्धारित समय पर स्कूल आएंगे और विद्यालय से संबंधित गैर शैक्षणिक कार्य को निपटाएंगे। उधर जिलाधिकारी डॉ. कौशल किशोर के उक्त आदेश की अभिभावकों ने प्रशंसा की है।

बिहार राज्य के जिला जमुई प्रखंड सिकंदरा से अमित कुमार सविता जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि बिहार सरकार ने राज्य में भीषण ठण्ड के मद्देनजर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालित समय में परिवर्तन किया। परिवर्तित समय के अनुसार राज्य के सभी आंगनवाड़ी केंद्र दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक संचालित किये जायेंगे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, दुखन राम जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि जमुई शहर के महाराजगंज चौक स्थित एक चार्ट दुकान से दो बाल मजदूर को मुक्त कराया गया है। इस दौरान बच्चों से मजदूरी कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात श्रम अधीक्षक सुबोध कुमार ने कही है। श्रम विभाग के इस कदम से बाल मजदूरों से काम कराने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। श्रम अधीक्षक ने बताया कि लखीसराय जिले के संग्रामपुर निवासी तथा सिकन्दरा निवासी को महाराजगंज चौक स्थित नाश्ते की एक दुकान से मुक्त कराया गया। बाल मजदूरों से काम लेने की शिकायत पर उनके द्वारा उक्त कार्रवाई की गई है। जिले में होटल से लेकर चिमनी भट्ठा तक बाल मजदूरों से काम लेने का सिलसिला जारी है। इसी को रोकने के लिए सरकार द्वारा जागरूकता अभियान के साथ-साथ कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं, साथ ही कल्याण की भी योजनाएं संचालित हो रही है। योजनाओं के तहत फिलहाल मुक्त हुए बाल मजदूरों को बाल मजदूर विद्यालय में नामांकित कराने की व्यवस्था की जाएगी और फिर उसके अभिभावकों के जिम्मे सौंप दिया जाएगा। साथ ही बाल मजदूरों से काम कराने वाले होटल संचालक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिहार के जिला जमुई सिकंदरा प्रखंड से नीरज कुमार जी ने मोबाइल वाणी के माध्यम से बताया कि सिझोरी गावँ में कई वर्ष पहले उपस्वास्थ्य केंद्र बना है लेकिन वहां डॉक्टर एवं नर्स उपस्थित नहीं रहते। ग्रामीणों को इलाज हेतु झोला छाप डॉक्टरों से इलाज करवाना पड़ता है। सिझोरी गावँ से छः किलोमीटर की दुरी पर सिकंदरा उपस्वास्थ्य केंद्र है ,ऐसे में सबसे ज़्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं को होती है।