जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, डब्लू पंडित जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय के समीप एन.एच 333 जमुई-झाझा मुख्य मार्ग को आज राजद कार्यकर्ताओ ने बालू की समस्या को लेकर राजव्यापी सड़क जाम किया। इस राजव्यापी सड़क जाम को लेकर सड़क यातायात को भी प्रभावित किया, दर्जनों गाड़ियाँ जाम में फँसी रही। इस मौके पर गिद्धौर थाना अध्यक्ष ने जाम को हटवाया।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि बिहार में बालू-गिट्टी संकट को लेकर राजद का आहूत बिहार बंद जमुई में मिलाजुला असर रहा। राजद कार्यकर्ताओं ने जिले भर में जगह-जगह सड़क मार्ग को बाधित कर विरोध दर्ज कराया साथ ही सिमुलतला स्टेशन पर कुछ देर रेल मार्ग को बाधित किया। इससे पाटलीपुत्रा एक्स. का परिचालन प्रभावित हुआ है। जमुई शहर में जिलाध्यक्ष अशोक राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार घूमकर बंद कराने की कोशिश की। कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद भी की। बाद में कचहरी चौक पर बैठकर सड़क जाम किया। इस दौरान चंद मिनटों में ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम स्थल पर पहुंचकर एसडीओ सुरेश प्रसाद एवं एसडीपीओ मो. नेशार अहमद शाह ने जाम समाप्त कराया। इस दौरान 151 कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप गिरफ्तारी दी। लगभग दो घंटे बाद कार्यकर्ताओं को जमुई थाना से रिहा किया गया। जमुई में आयोजित बंद को सफल बनाने में डॉ. त्रिवेणी यादव, गोपाल प्रसाद गुप्ता, मो. शौकत अली, रामदेव यादव, मुरारी राम, सरयु यादव, सचिन मालाकार, मोहित भगत सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, संजीवन कुमार सिंह जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति जनवरी के पहले सप्ताह में टीईटी का संशोधित रिजल्ट घोषित करेगा। रिजल्ट घोषणा के पहले टीईटी की संशोधित आंसर की दिसंबर अंतिम सप्ताह में जारी जाएगी। आंसर की पर अभ्यर्थियों से आपत्ति मांगी जाएगी। आपत्ति लेने के बाद संशोधित रिजल्ट की घोषित की जाएगी। इसकी जानकारी बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने दी। उन्होंने कहा कि जो प्रश्न गलत पूछे गए हैं। उस प्रश्न को हटा कर रिजल्ट घोषित किया जाएगा। रिजल्ट घोषणा के पहले अभ्यर्थियों से आपत्ति मांगी जाएगी। ज्ञात हो कि टीईटी के प्रश्नपत्र में कुल 25 प्रश्न गलत पाए गए हैं। इसको देखते हुए अब संशोधित रिजल्ट बोर्ड घोषित करेगा। इससे पहले सितंबर में टीईटी रिजल्ट घोषित किया गया था। मंगलवार को टीईटी के कई अभ्यर्थी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय पहुंचे। अभ्यर्थी बोर्ड अध्यक्ष और सचिव से मिलने गए थे, लेकिन दोनों अधिकारियों से मुलाकात नहीं होने पर हंगामा करने लगे। अभ्यर्थी संघ के सचेतक अशोक झा ने बताया कि मंगलवार को मिलने का समय दिया गया था, लेकिन अध्यक्ष और सचिव नहीं मिले। इससे नाराज छात्रों ने जदयू कार्यालय में भी हंगामा किया।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि जमुई में शनिवार को स्थानीय उपडाकघर में बचत खाता खोलने एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना को लेकर ब्रांच पोस्टमास्टर का एक दिवसीय शिविर का आयोजन पोस्टमास्टर प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में डाक अधीक्षक जीतेन्द्र कुमार सिंह ने भाग लिया। इस मौके पर डाक अधीक्षक ने प्रत्येक ब्रांच पोस्टमास्टर से बचत खाता एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्रांच पोस्ट मास्टर को प्रत्येक दिन अपने क्षेत्र के कम से कम एक व्यक्ति का खाता खोलना है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को देनी है। प्रत्येक घर एवं परिवार को डाकघर से जोड़ना है। बचत खाता के अलावा अन्य योजनाओं का कार्य जागरूक होकर करें। मुंगेर के तहत आने वाले शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर एवं जमुई जिला के अंतर्गत कुल 415 ब्रांच पोस्टमास्टर हैं। सभी को जागरूक कर क्षेत्र के लोगों के पास भेजा जा रहा है। बैठक में शामिल चकाई, सोनो, झाझा, गिद्धौर, सिमुलतल्ला, खैरा आदि के ब्रांच पोस्टमास्टर ने 415 से अधिक बचत खाता खोला है। वहीं 71 लाख का ग्रामीण डाक जीवन बीमा की हैं, जो संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सभी उपभोक्तओं से अपील करते हुए कहा कि, जल्द से जल्द अपने खाता को आधार कार्ड से लिंक करा लें अन्यथा खाता बंद हो जाएगा। जमुई के सहायक डाक अधीक्षक अरूण कुमार मंडल ने अटल पेंशन योजना, सुकन्या योजना आदि कई प्रकार की योजनाओं के संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा की।इस मौके पर जमुई, झाझा के पोस्टमास्टर के अलावा 115 ब्रांच पोस्टमास्टर उपस्थित थे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि झाझा उपडाकघर को जल्द ही अनुमंडल डाकघर बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव सरकार के पास भेज दिया गया है। अनुमंडल डाकघर बनते ही जिले के पांच प्रखंडों के ब्रांच पोस्टमास्टर झाझा से कार्य शुरू कर देंगे। डाक विभाग ने केन्द्र सरकार के निर्देश पर जिला में 14 अतिरिक्त नए ब्रांच की स्थापना की है। उक्त जानकारी शनिवार को स्थानीय पोस्ट आफिस में डाक अधीक्षक जीतेन्द्र प्रसाद सिंह ने दी, उन्होंने कहा कि झाझा उप डाकघर को अनुमंडल बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नए वर्ष में झाझा अनुमंडल में तब्दील हो जाएगा। इसके अंतर्गत चकाई, सोनो, झाझा एवं गिद्धौर प्रखंड के अलावा झाझा बाजार, सिमुलतल्ला, चरकपत्थर आदि के ब्रांच पोस्टमास्टर आ जाएंगे। प्रधानमंत्री के निर्देश पर ब्रांच खोले जाने का प्रस्ताव आया था उसके तहत चकाई में पांच, सोनो में चार, खैरा में एक, झाझा में दो एवं मलयपुर में दो नए ब्रांच की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में एटीएम भी उपलब्ध हो जाएंगे। सभी डाकघर एवं ब्रांच पोस्ट ऑफिस को पेपर लेस किया जा रहा है। जल्द ही ब्रांच पोस्टमास्टर को हेड डिवाइस दिया जाएगा। जिससे ब्रांच पोस्टमास्टर को निकासी एवं जमा करने में कोई परेशानी नहीं होगी। इस दौरान उन्होंने पोस्ट ऑफिस परिसर में पौधरोपण का भी कार्य किया। मौके पर सहायक डाक अधीक्षक अरुण कुमार मंडल, पोस्टमास्टर प्रदीप कुमार, कन्हैया ¨सह, सुनील कुमार आदि कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि जमुई में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार विभाग के वरीय पदाधिकारी की एक बैठक हुई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारी को जानकारी देते हुए एसीएमओ डा. श्री सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल सहित अन्य अस्पताल के बेहतर संचालन को लेकर विभाग के द्वारा एक निर्देश पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि ससमय चिकित्सक की उपस्थिति, आवश्यकतानुसार रोगियों को दवा का वितरण करना ,समय अनुसार जांच की रिपोर्ट देना सहित अन्य बिंदुओं पर आवश्यक कार्य करके ही गुणात्मक सुधार संभव है। बैठक में उक्त मुख्य बिंदुओं पर कार्य करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। मौके पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. कुमार विनोद, संचारी रोग विशेषज्ञ डॉ विजेंद्र सत्यार्थी, डा. सूची प्रसाद सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद थे।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, संजीवन कुमार सिंह जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है, कि भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच मोहाली में खेला जा रहा है। कप्तान रोहित शर्मा के तीसरे दोहरे शतक की बदौलत भारत ने तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में श्रीलंका के सामने 393 रनों का लक्ष्य रखा है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। इस मैच में शिखर धवन और रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत की। भारतीय टीम में किसी भी प्रकार की बदलाव नहीं की गयी है। धर्मशाला में खेले गए पहले मैच में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से श्रीलंकाई आक्रमण के सामने नतमस्तक हो गए थे। 29 रनों पर ही मेजबान टीम ने सात विकेट खो दिए थे। उसका 50 का आंकड़ा भी छू पाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धौनी ने 65 रनों की पारी खेल भारत को बेहद शर्मनाक स्थिति में जाने से बचाया था, और 100 का आंकड़ा पार कराया था। दोस्तों इनकी तरह कोई जानकारी या किसी विषय पर अपना विचार मोबाइल वाणी के साथ बाँटना चाहते हैं ,तो मिस्ड कॉल जरूर करें निःशुल्क नंबर 08800984861 पर।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, दुखन राम जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार कई प्रकार के अधिकार उपलब्ध कराए हुए हैं। उसका सही उपयोग करने की जरूरत है। चुनाव के समय जिस प्रकार पंचायत के वृद्ध लोगों का पेंशन के लिए आवेदन जमा करने का कार्य जनप्रतिनिधि करते हैं उस कार्य को अगर अभी से ही प्रारंभ कर दी जाय, तो पंचायत के प्रत्येक वृद्ध लोगों को पेंशन योजना का लाभ मिल सकता है। राजनीतिक से ऊपर उठकर कार्य करने के बाद ही पंचायत का विकास संभव है। उक्त बातें मंगलवार को प्रखंड सभागार में प्रखंड के पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. कौशल किशोर ने कही है। उन्होंने कहा कि पंचायत के कई पक्का मकान वाले को आवास का लाभ मिल जाने के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई गरीबों को जहां आवास समय पर नहीं मिल पाती है। उन्होंने प्रत्येक माह पंचायत में ग्राम सभाकर पंचायत की समस्याओं को रखकर उसका हल निकाला जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जबतक पूरे वार्ड के घरों में शौचालय का निर्माण नहीं हो जाता तब तक किसी प्रकार की राशि पंचायत को नहीं दी जाएगी। कई जनप्रतिनिधियों ने बालू का उठाव नहीं होने की बात कही जिस पर डीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क के किनारे पक्का का निर्माण हो रहा हैं प्राइवेट मकान बन रहे है, उसी प्रकार आप भी शौचालय का निर्माण कराएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में जनता विकास के साथ कर्तव्य के प्रति भी सजग हैं। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी जबावदेही जनप्रतिनिधियों की है। शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक के विरूद्ध कार्रवाई प्रारंभ करे तुरंत शिक्षा व्यवस्था दुरूस्त हो जाएगा।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से भीम राज जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि नशा सेवन, बाल विवाह व दहेज लेना अपराध है। झाझा प्रखंड में सामाजिक कुरीतियों नशा, बाल विवाह व दहेज प्रथा आदि की रोक के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डी.एम. डाॅ कौशल किशोर, श्रम अधीक्षक सुबोध कुमार, प्रमुख गायत्री गौरव समेत अन्य अथितियों ने किया, साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान व अभिभाषण से हुई।

जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड से, दुखन राम जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि जमुई शहर के महाराजगंज चौक स्थित एक चार्ट दुकान से दो बाल मजदूर को मुक्त कराया गया है। इस दौरान बच्चों से मजदूरी कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात श्रम अधीक्षक सुबोध कुमार ने कही है। श्रम विभाग के इस कदम से बाल मजदूरों से काम कराने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। श्रम अधीक्षक ने बताया कि लखीसराय जिले के संग्रामपुर निवासी तथा सिकन्दरा निवासी को महाराजगंज चौक स्थित नाश्ते की एक दुकान से मुक्त कराया गया। बाल मजदूरों से काम लेने की शिकायत पर उनके द्वारा उक्त कार्रवाई की गई है। जिले में होटल से लेकर चिमनी भट्ठा तक बाल मजदूरों से काम लेने का सिलसिला जारी है। इसी को रोकने के लिए सरकार द्वारा जागरूकता अभियान के साथ-साथ कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं, साथ ही कल्याण की भी योजनाएं संचालित हो रही है। योजनाओं के तहत फिलहाल मुक्त हुए बाल मजदूरों को बाल मजदूर विद्यालय में नामांकित कराने की व्यवस्था की जाएगी और फिर उसके अभिभावकों के जिम्मे सौंप दिया जाएगा। साथ ही बाल मजदूरों से काम कराने वाले होटल संचालक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।