मोतिहारी में छतौनी पुलिस ने पिस्टल व कारतूस के साथ शनिवार को एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश का नाम सत्यम कुमार है जो आसमान राय टोला का रहने वाला है। पुलिस टीम बदमाश से पूछताछ कर रही है। वह एक शातिर बदमाश का शार्गिद है।
पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी की ठोकर से जख्मी युवक-युवती के सरकारी खर्चे पर इलाज व मुआवजा की मांग को लेकर लोगों ने सोमवार को मुफस्सिल थाने के निर्मल ठाबा के समीप एनएच 28 ए को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से एनएच पर करीब सात किलोमीटर तक गाड़ियों की लम्बी कतार लग गयी। सूचना पर पहुंची मुफस्सिल व पीपराकोठी थाना पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनएच जाम को समाप्त कराया।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव के नजदीक बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के क्रम में तीन किशोर डूब गए। इनमें एक किशोर की मौत हो गई है। सभी किशोर मोतिहारी शहर के धर्मसमाज मोहल्ला वार्ड नंबर 16 के रहने वाले हैं। मोतिहारी धर्मसमाज वार्ड नंबर 16 निवासी भैरव राउत के पुत्र मंजीत कुमार (14) का शव बरामद कर लिया गया है। ओम प्रकाश गुप्ता के पुत्र पीयूष कुमार (15) और शत्रुघ्न प्रसाद के पुत्र प्रिंस कुमार (14) लापता हैं।
केन्द्रीय कारा में निगरानी व सुरक्षा को लेकर 206 और सीसीटीवी कैमरा लगाये जाएंगे। कारा के बाहरी व भीतरी हिस्सों में सतत निगरानी के लिये कैमरों की संख्या बढ़ायी जायेगी। ऐसा निर्देश जेल प्रशासन को डीएम सौरभ जोरवाल व एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कारा के निरीक्षण के दौरान शनिवार को संयुक्त रुप से दी। लोहा कमान स्थित वार्ड में निरीक्षण के दोनों अधिकारियों ने कैमरा अधिष्ठापित करने की बात कही । साथ ही कारा सेल, क्वारंटिन वार्ड को संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर विशेष रूप से सतत् निगरानी का निर्देश दिया। काराधीक्षक विदु कुमार ने दोनों अधिकारियों को जानकारी दी कि सीसीटीवी कैमरे की संख्या बढ़ाने के लिये विभाग से पत्राचार किया जा चुका है, जल्द ही कैमरे को चिन्हित स्थानों पर लगा दिये जाएंगे। कारा की विधि व्यवस्था व प्रशासनिक व्यवस्था भी चेक की गयी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारा में स्थित पुराने खण्ड का जायजा लिया। नये खण्ड में निरीक्षण के दौरान कारा में स्थित किशोर वार्ड का जायजा लिया एवं किशोर वार्ड में संसीमित किशोर बंदियों से उनके मुकदमें का ब्योरा व उम्र की जानकारी ली। जेल प्रशासन ने जानकारी दी कि काराधीन बंदियों द्वारा प्रशिक्षणोपरान्त वर्मी कम्पोस्ट का कार्य सुचारू ढंग से किया जा रहा है। प्रत्येक खण्ड में तीन कुड़ादान दिये गये है।
Transcript Unavailable.
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने ग्रिड कनेक्टेड सोलर रूफटॉप योजना (छतों पर सोलर प्लेट) के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से लैस करने और अपनी ऊर्जा शक्ति को बढ़ाने का काम शुरू किया है। इस योजना के तहत कंपनी का लक्ष्य है कि वह दिसंबर 23 तक 10 मेगावाट सौर बिजली उत्पादन करे। अब तक कुल 4439 घरेलू उपभोक्ताओं ने ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप पैनल्स लगाने के लिए आवेदन किया है। कंपनी के पास इस योजना के लिए 14.5 मेगावाट के सौर पैनल्स लगाने के आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि सभी लोगों को ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप योजना का लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि यह योजना बिहार के प्रत्येक घर को स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग करने और वर्ष 2070 तक कार्बन के शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करेगी। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह बिजली कंपनी के सीएमडी संजीव हंस ने कहा कि साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने अबतक 4439 उपभोक्ताओं में से 513 उपभोक्ताओं के घरों में पैनल लगा दिए हैं, जिससे उनकी बिजली उत्पादन क्षमता 2 मेगावाट से अधिक हो गई है। सौर पैनल लगाने के लिए निर्धारित शुल्क को 731 उपभोक्ताओं ने जमा कर दिया है। कंपनी ने अपने सहायक अभियंताओं को निर्देश दिया है कि शेष उपभोक्ताओं के परिसर का सर्वे और तकनीकी व्यवहार्यता की जांच को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। कंपनी ने घरेलू उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि जिन उपभोक्ताओं के परिसर का सर्वे और तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट पूरी हो चुकी है, वे वितरण कंपनी के कार्यालय में जाकर नेट मीटरिंग एकरारनामा करें ।
सदर अस्पताल में जल जमाव की समस्या के निदान को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। बरसात में संभावित जलजमाव से पहले सदर अस्पताल के नाले की सफाई से लेकर निकासी तक के लिए पहल शुरू कर दी गयी है। नाला निर्माण करने वाली एजेंसी रोड डिवीजन से लेकर नगर निगम के अभियन्ता तक को बुलाकर कार्ययोजना बना तुरन्त अमल करने का निर्देश प्रशासन ने दिया है। प्रशासन के इस पहल पर डॉक्टर, मरीज सहित आम लोगों ने राहत की सांस ली है। सदर एसडीओ ने लिया समस्या का जायजा सदर एसडीओ ने सदर अस्पताल की जल जमाव की समस्या व नाले की व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर नगर निगम के अधिकारी ,सिविल सर्जन व अन्य अधिकारी थे। एसडीओ ने नगर निगम के अधिकारी को तुरंत नाला जाम की समस्या को दूर करने व जल निकासी के लिये वर्क प्लान बना काम शुरू करने का निर्देश दिया है। स्टाफ र्क्वाटर से नाला का जल निकासी से लेकर सदर अस्पताल के अंदर परिसर के जाम नाले की सफाई करने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन कार्यालय के पीछे से निकलने वाली नाला व एएनएम स्कूल से सीधे मेन रोड तक बंद नाला का निर्माण के साथ साथ सफाई करने को कहा है। सदर अस्पताल में जल जमाव की समस्या विगत 10 वर्ष से था। मगर प्रशासनिक उदासीनता के कारण यह जल जमाव बना रहता है।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे हाजीपुर के प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता रंजन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सेमरा-सुगौली रेलखंड पर चल रहे विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पीसीईई ने कहा कि 27 जून को मुख्य संरक्षा आयुक्त संरक्षा मुद्दों की समीक्षा करेंगे। उसके बाद सुगौली-सेमरा 9 किलोमीटर रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस रेलखंड पर रेललाइन दोहरीकरण का काम भी पूरा कर लिया गया है। रेलखंड पर ओएचई का सुरक्षा दृष्टिकोण को ध्यान रखते हुए निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया। मोतिहारी से सुगौली तक रोड क्रॉसिंग, रेलवे प्लेटफार्म पर बने फुटब्रिज के नीचे से गुजर रहे वायर की ऊंचाई, फुटब्रिज व लाइन के बीच की दूरी आदि मापदंड के अनुरूप है या नहीं इसकी जांच की। उन्होंने सेमरा से सुगौली स्टेशन तक विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी कई दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों व कार्य एजेंसी को दिया। इससे पहले स्टेशन पहुंचने पर पीसीईई का रेलवे निर्माण के अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
मोतिहारी छतौनी के बरियारपुर में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मकसूद अंसारी की मौत हो गयी। वह कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र के बड़हरवा फतेह गांव का रहने वाला है। वाहन की ठोकर से वह जख्मी हुआ था। परिजनों ने इलाज के लिये छतौनी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। छतौनी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
आदापुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा गांव के सरेह में विद्युत स्पर्शाघात से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर पोखरिया गांव निवासी राजकुमार साह (30) के रूप में हुई है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार मृत युवक गांव के किनारे स्थित मोबाइल टॉवर से जुड़े विद्युत तार की चपेट में आकर करंट के झटके से गिर गया।इसे देख स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी शोभा देवी व दो बच्चे अंजलि व श्वेता का रो रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी कर रही है।
