मोतिहारी। फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को अनुमंडल के सैकड़ों डीलरों ने अपनी आठ सूत्री मांगों के समर्थन में अनुमंडल कार्यालय पर घंटो प्रदर्शन किया। एक ज्ञापन भी प्रभारी एसडीओ सह डीसीएलआर को सौंपा। इस बाबत आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संघ के अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह, पप्पू आलम, शिवशंकर प्रसाद, हीरालाल साह, रमेश प्रसाद, सर्वदेव राय , जितेन्द्र कुमार यादव, सुभाष कुशवाहा, रिंकी देवी , सलेखा खातून, आनंद कुमार साह एवम भोला साह आदि का कहना है कि उनकी मांगों में जनवितरण प्रणाली विक्रेता या विभाग द्वारा नियुक्त नोमिनी को मध्यप्रदेश व अन्य राज्य की भांति तीस हजार रूपये मानदेय निर्धारित करने, डीलरों को 90 रूपये के स्थान पर प्रति क्विंटल 300 रूपये मार्जिन मनी निर्धारित करने, डीलरों को पूर्व की भांति अनुकंपा पर नियुक्ति करने की मांगों को लेकर नारे लगा रहे थे।

पर्सा जिला पुलिस ने आंतरिक राजस्व विभाग के फर्जी स्टिकर के साथ दो लोगों को पकड़ा गया है।आरोप है कि दोनो फर्जी स्टीकर के जरिये अवैध वसूली कर विभाग को चुना लगा रहे थे।दोनो की पहचान वीरगंज के त्रिशूल चौक स्थित मनीष साह व रंजन राम के रूप में हुई है।पुष्टि डीएसपी दीपक गिरी ने की।

मोतिहारी। नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स ने पूर्वी चंपारण जिला से लगे बारा जिला के पचरौता नगर पालिका वार्ड 4 अंतर्गत गुलरिया बॉर्डर से एक भारतीय नागरिक को आर्म्स के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान मोतिहारी नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 निवासी चंदन कुमार ( 40 ) के रूप में हुई है।जांच में चंदन के दाहिने कमर में लटकाए गए लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। इसके साथ ही कुल 7 कारतूस,समेत खुद के आधार कार्ड समेत पत्नी व भाई का कार्ड,मोबाइल एवं 11 हजार 270 रुपया बरामद हुआ।इसकी पुष्टि नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के 12 बटालियन के डीएसपी सह सूचना अधिकारी अमर खत्री ने करते हुए बताया कि चंदन को रविवार की शाम भारतीय क्षेत्र से नेपाल आते वक्त जांच के क्रम में पकड़ा गया। मॉडल नम्बर 2022 आर एफआई के पिस्टल में तीन राउंड कारतूस लोड था। उन्होंने बताया कि चंदन को आवश्यक पूछ ताछ के बाद इलाका पुलिस कार्यालय सिमरौनगढ को सौंप दिया गया है,जहां आगे की कार्रवाई जारी है।इस बात की जांच हो रही है कि पिस्टल कहां से आया और उद्देश्य क्या था।

मोतिहारी।केंद्र व राज्य सरकार के भवनों और सड़कों के निर्माण में आड़े आ रही मैपिंग स्केल की समस्या से अब शीघ्र ही निजात मिलनेवाली है। इसके लिए विभागीय स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। बिहार सर्वेक्षण विभाग ने इसके लिए अंचल प्रशासन के सहयोग से प्रखंड कार्यालय के यात्री भवन परिसर में भूमि को चिह्रित कर कोर्स स्टेशन के निर्माण के लिए कार्यारंभ भी करा दिया है। जिस कार्य का जिम्मा ट्रिंबल कंपनी को मिला है। जिसे शीघ्र पूरा कर लिए जाने की संभावना है। इसके निर्माण होने से जहां एक ओर सरकारी भवनों और सड़कों के निर्माण में मैपिंग स्केल की कोई समस्या नहीं रहेगी। वहीं सरकारी भवनों और सड़कों के निर्माण में समय की बचत भी होगी। 17 फीट लंबा व 17 फीट चौड़ा जमीन में बनेगा यह स्टेशन प्रखंड कार्यालय स्थित यात्री भवन परिसर में मैपिंग स्केल कोर्स स्टेशन 17 फीट लंबा व 17 फीट चौड़ा जमीन में बनेगा। जिसके निर्माण पर करीब लाखों रुपये की लागत आएगी। क्या होगा कार्य प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत बनने वाले हर एक मैपिंग स्केल कोर्स स्टेशन के बीच की दूरी 70 किलोमीटर की होगी। इस स्टेशन में भूमि का मैपिंग स्केल किया जाएगा। जिस मैपिंग स्केल सेंटर का कंट्रोल जीआरबी देहरादून से होगा। इससे केंद्र व राज्य सरकार के भवनों और पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत निर्मित होनेवाली सड़कों के निर्माण के लिए मैपिंग की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में क्या है स्थिति वर्तमान में मैपिंग स्केल की सुविधा नहीं होने से केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों के भवनों व सड़कों के निर्माण में काफी विलंब होती है। जिससे कोई भी योजना निर्माण के निर्धारित अवधि में पूरा नहीं हो पाता है। जिसके कारण सरकार को समय के साथ आर्थिक क्षति होती है। कहते हैं अधिकारी सर्वे ऑफ इंडिया के प्रोजेक्ट मैनेजर हर्षित आनंद का कहना है कि रक्सौल में मैपिंग स्केल कोर्स स्टेशन लगाने की सरकार की योजना है। इसके तहत निर्माण कार्य आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।

वीरगंज-काठमांडु त्रिभुवन राजपथ अंतर्गत मकवानपुर के हेतौड़ा से दामन जा रहे एक पिकअप के वार्ड 2 में अनियंत्रित होने से हुई दुर्घटना में बारा जिला के विश्रामपुर वार्ड 3 निवासी राहुल कुमार पंडित ( 20)की मौत हो गई।वहीं,कुल 9 लोग घायल हो गए।जिसमें भारत के झारखंड निवासी विजय दास(36 ),बाराबंकी जिला के अजय चौरसिया, शिवजी साह,धीरज चौरसिया,पपु गुप्ता,उमेश कुशवाहा ,वीरगंज के सुमित गुप्ता,दीनानाथ प्रसाद आदि घायल हो गए।पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों का इलाज हेतौड़ा अस्पताल में जारी है।

मोतिहारी। रौतहट के राजपुर नगरपालिका वार्ड 1 पिपरा भगवानपुर स्थित पिपरा टोला से 13 पैकेट में रखे 91 किलो गांजा बरामद किया गया है। उक्त गांजा भारतीय नम्बर के बोलेरो पर लदा था।इसकी पुष्टि डीएसपी उमाशंकर प्रसाद यादव ने करते हुए बताया कि बोलेरो के पास रेकी में लगा बाइक भी जब्त की गई। जबकि, तस्कर फरार होने में सफल रहे। मामले की जांच की जा रही है।  

ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय रक्सौल रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने एनपीएस के विरोध में काला दिवस मनाया गया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के जोनल संयुक्त सचिव रत्नेश वर्मा के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों ने काला दिवस का बैच लगाकर एनपीएस के विरोध में जम कर नारेबाजी की।श्री वर्मा ने कहा कि आज के ही दिन वर्ष 2004 में पुरानी पेंशन प्रणाली को बन्द करके नई पेंशन स्कीम यानी एनपीएस की शुरुआत हुई थी जिसे अब नेशनल पेंशन स्कीम के नाम से जाना जाता है। इसमे कर्मचारियों के वेतन से ही पेंशन मद की कटौती की जाती है। इसमे पेंशन की कोई गणना नहीं है।पेंशन पूरी तरह से शेयर मार्केट पर आधारित है।

रक्सौल में हत्या के फरार अभियुक्त सहित आठ वारंटी धराये मोतिहारी से आये बज्र टीम व रक्सौल पुलिस की संयुक्त छापेमारी में हत्या के फरार अभियुक्त असलम मियां सहित आठ वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसकी जानकारी आज थानाध्यक्ष ऑफ पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार असलम हरनाही पंचायत के डुमरिया गांव का निवासी बताया जाता है।पिछले दिनों पटीदारी में हुए मारपीट में जान से मरने की नियत से अपने पट्टीदार को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी तब की गई जब वह अपने घर में छुपा सोया था। सूचना पर पुलिस टीम उसके गांव पहुंची व घर की घेराबंदी करके असलम को दबोचा।बज्र पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से सात अन्य विभिन्न अपराधिक मामले में फरार वारंटी ओं को एक एक करके गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को आज मोतिहारी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रक्सौल में दो गुटों में चाकूबाजी में एक हुआ घायल मोतिहारी। रक्सौल शहर के अश्रम रोड में दो गुट के बीच हुए चाकूबाजी की घटना में निक्की कुमार नामक युवक घायल हो गया। यह घटना पैसा के लेनदेन को लेकर उस वक्त हुई जब एक पक्ष हिंसक हो गया व अचानक हमला कर चाकू चला दी। चाकू लगते ही खून से लथपथ होकर निक्की गिर गया। घटना की पुष्टि थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि घायल का इलाज स्थानीय राजकीय अस्पताल में कराया जा रहा है। घायल कुछ भी बताने में असमर्थ है। पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी ।

मोतिहारु।रक्सौल में शराबी पति से तंग होकर पत्नी मंजू देवी ने गुरुवार को अपने पति को ही शराब पीने के आरोप में पुलिस से गिरफ्तार कराया। इसकी जानकारी थाना अध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि मंजू देवी के आवेदन पर पति संतोष साह के विरुद्ध मद्य निषेध के तहत केस दर्ज कर घर में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। पत्नी ने आरोप लगाया है कि शराब के नशा में परिवार को प्रताड़ित करने के साथ हमेशा मारपीट करता है।गिरफ्तारी के समय भी संतोष शराब के नशा में था। मेडिकल जांच में नशा पाये जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर मोतिहारी जेल भेज दिया।