मोतिहारी में आठ को होगा जन सुराज पदयात्रा का जिला सम्मेलन प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार सबसे पिछड़ा,अशिक्षित, बेरोजगारी व भुखमरी वाला राज्य है। अगर स्थिति सुधारनी है तो इसके लिए कोई दल या नेता अकेले आकर इसे ठीक नहीं कर सकता। यह तभी सम्भव है जब यहां के लोग अपनी जिम्मेवारी को समझेंगे।जाति-धर्म के बदले विकास व अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट करें तभी स्थिति सुधरेगी। वे शनिवार को कुण्डवा मध्य विद्यालय कैम्प में जन सुराज यात्रा के 91वें दिन विभिन्न गांवों के भ्रमण करने से पहले प्रेस को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 8 जनवरी को मोतिहारी में जन सुराज यात्रा का जिला सम्मेलन होगा।
मोतिहारी स्टेशन के समीप 94 बोतल शराब बरामद मोतिहारी। रेलवे स्टेशन से शराब की खेप लेकर बाहर निकलते तीन धंधेबाजों को नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। धंधेबाजों के पास से 94 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी। सभी शराब की बोतलें ट्रॉली बैग व कपड़ा के बैग में रखी गयी थी। इंस्पेक्टर विश्वमोहन चौधरी का कहना हैकि दिल्ली से शराब की बोतले ट्रेन से लायी गयी थी। रेलवे स्टेशन से शराब का बैग लेकर धंधेबाज बाहर निकल रहे थे कि पहले से घात लगाये नगर पुलिस की टीम ने दबोच लिया। शराब की खेप आने की सूचना पुलिस को थी।
मोतिहारी शहर में 7 जनवरी से शुरू होगी जातीय जनगणना मोतिहारी। नगर निगम मोतिहारी के तत्वाधान में जाति आधारित गणना 2022 का प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में दोनों पालियों में चलेगा। नगर निगम क्षेत्र में 7 जनवरी से जाति जनगणना शुरू होगी। इसको लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बिहार जाति आधारित जनगणना कोषांग का गठन नगर निगम मोतिहारी में कर दिया गया है। नगर आयुक्त नगर चार्ज पदाधिकारी व नगर प्रबंधक सहायक नगर चार्ज पदाधिकारी बनाए गए हैं। जाति आधारित गणना 2022 दो चरणों में संपन्न होगी । प्रथम चरण मकान सूचीकरण व द्वितीय चरण वास्तविक गणना कार्य होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्रीशंभू शरण, नगर प्रबंधक वेद प्रकाश बर्णवाल, नगर प्रबंधक अमित सहाय, टैक्स दारोगा अरुण कुमार मिश्र, मदन राम, प्रफुल्ल चंद्र, सहायक फील्ड ट्रेनर व प्रतिनियुक्त शिक्षकों ने भाग लिया।
हरसिद्धि थाना परिसर में शनिवार को हुआ जनता दरबार का आयोजन,08 मामले का हुआ निष्पादन। हरसिद्धि हरसिद्धि थाना परिसर में जनता दरबार का हुआ आयोजन,08 मामले का हुआ निष्पादन। जनता दरबार हरसिद्धि अंचल अधिकारी डॉ चंद्रशेखर तिवारी की अध्यक्षता में किया गया जिसमें हरसिद्धि थाना की PSI कुमारी विभा भारती भी रहे मौजूद। अंचलाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि जनता दरबार में बहुत सारे मामले जमीनी विवाद संबंधी रहे जिसमें कुछ रास्ता संबंधी भी रहा कुछ फरियादी आवेदन के साथ आए तो कुछ फरियादी बिना आवेदन के पहुंचे । अंचलाधिकारी ने बताया कि 08 मामलों का निष्पादन कराया गया और अन्य फरियादियों को अगले तारीख पर संबंधित काग जात के साथ आने को सलाह दिया गया।
मैं कोई समाज सुधारक नहीं हूं, मेरी भूमिका केवल कुम्हार की है मोतिहारी। जन सुराज पदयात्रा के दौरान दरमाहा पंचायत में आम सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं कोई समाज सुधारक नहीं हूं। हम सभी लोग मिलकर केवल समाज के स्तर पर एक प्रयास कर रहे हैं। जिससे एक 'स्वच्छ राजनीतिक व्यवस्था' बनाई जा सके। मेरी भूमिका केवल एक सूत्रधार की है। इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने कहा कि कोई भी व्यक्ति पदयात्रा करके गांधी नहीं बन सकता। जैसे 4 चुनाव जीतकर आप चाणक्य नहीं बन सकते। शताब्दियों में कोई एक गांधी या चाणक्य बनता है, हम लोग केवल उनकी विचारधारा का अनुसरण कर सकते हैं। उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का प्रयास कर सकते हैं।
रक्सौल में नव वर्ष पर जश्न में आपूर्ति के शराब सहित तस्कर गिरफ्तार मोतिहारी। नव वर्ष पर क्षेत्र में जश्न मनाने वाले स्थानों पर आपूर्ति के लिए भंडारण किए गए लगभग 78 बोतल देशी विदेशी शराब सहित एक तस्कर नवनीत कुमार साह को पुलिस ने शुक्रवार सिसवा में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सूचना पर बनारसी सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर दल बल के साथ सिसवा पहुंच छापेमारी की। छापेमारी के दौरान नवनीत कुमार साह के ठिकाने से उक्त शराब बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तस्कर शराब का भंडारण करके नए वर्ष पर मांग पर पिकनिक स्थल पर आपूर्ति करने वाले थे। गिरफ्तार तस्कर नेपाल से शराब मंगाकर अपने ठिकाने पर भंडारण कर रहा था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि सिसवा में शराब का बड़ा खेप भंडारण किया गया है। इस संबंध में एक केस दर्ज करके बरामद शराब जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार तस्कर को मोतिहारी न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। घटना के बाद सीमा क्षेत्र के तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
स्नातक पार्ट 3 की परीक्षा में चार निष्कासित मोतिहारी। स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा के दौरान शहर के एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र से कदाचार के आरोप में चार परीक्षार्थी निष्कासित किये गये। केंद्राधीक्षक प्रो.अरुण कुमार के हवाले से मीडिया प्रभार डॉ. कुमार राकेश रंजन ने बताया कि द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान मोबाइल से कदाचार के आरोप में चार परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा शुक्रवार को प्रारंभ हो गयी। जिला मुख्यालय में परीक्षा को लेकर चार केंद्र बनाये गये हैं। यहां प्रथम पाली में 5718 व द्वितीय पाली में 5241 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें, एलएनडी कॉलेज में प्रथम पाली में 1621 व द्वितीय पाली में 1141, एसएनएस कॉलेज में प्रथम पाली में 1792 व द्वितीय पाली में 1496, डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा महिला कॉलेज में प्रथम पाली में 634 व द्वितीय पाली में 826 व पंडित उगम पांडेय कॉलेज में प्रथम पाली में 1671 व द्वितीय पाली में 1778 परीक्षार्थी थे। प्रथम पाली में ग्रुप सी के इतिहास, रसायन शास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, पर्सियन, भोजपुरी, एलएसडब्ल्यू के पांचवें पेपर व द्वितीय पाली में ग्रुप डी के कॉमर्स, वनस्पति शास्त्र, गणित, राजनीति विज्ञान, म्यूजिक, एआईएच, मैथिली व दर्शन शास्त्र के पांचवें पेपर की परीक्षा हुई। सुबह में कड़ाके की ठंड के कारण परीक्षार्थी परेशान रहे। प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने केसमय सुबह 9 बजे काफी ठंड थी। घने कोहरे के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा था। ऐसे हालात में परीक्षार्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये थे।
रामगढ़वा प्रमुख पति को ग्रामीणों ने किया सम्मानित सामुदायिक संवाददाता रेयाज आलम रामगढ़वा ।। रामगढ़वा प्रखंड के रामगढ़वा गांव में प्रमुख पति श्रीकांत दुबे को स्थानीय लोगों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर गिरीश देव ओझा, अवध बिहारी पांडेय,निकेश तिवारी,कौशल पांडेय इत्यादि के नेतृत्व में लोगों ने इनको फूल माला पहनाया व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर यहां के लोगों ने प्रमुख पति के बेहतर भविष्य की भी कामना की।लोगों ने इनको स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया। लोगों ने इस गांव में छठ घाट निर्माण कार्य की प्राथमिकता बताया साथ ही गांव में जल निकासी के साथ किसानों की यूरिया की समस्या को भी बताया।प्रमुख पति ने मौके पर कृषि पदाधिकारी से यूरिया के लिए टेलीफोनिक बात की व किसानों की समस्या के शीघ्र निराकरण करने की भी बात कही।उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा इन्हे सम्मानित किए जाने पर आभार जताया।और कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति व प्रमुख समस्याओं के निराकरण को लेकर भी इनके द्वारा प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर शंभू ओझा,जटाशंकर तिवारी,विपिन तिवारी, राकेश तिवारी,विकास तिवारी, राजेश्वर पटेल, सर्वदेव महतो सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
संग्रामपुर में ड्रोन के सहयोग से 11 हजार लीटर शराब जब्त मोतिहारी। संग्रामपुर पुलिस व उत्पाद विभाग ने संयुक्त रूप से दक्षिणी मधुबनी पंचायत के कोइरगंवा चवर व बरियरिया मुशहरी टोला में छापेमारी कर देशी शराब बनाने वाले भट्टी व घोल को विनष्ट किया। अरेराज एसडीएम संजीव कुमार व डीएसपी रंजन कुमार के नेतृत्व में कोइरगंवा गांव के चंवर में छापेमारी के दौरान 54 ड्राम में रखे देशी शराब बनाने वाले 11 हजार लीटर घोल को विनष्ट किया गया। वही शराब बनाने वाले 13 भट्टी को ध्वस्त करते हुए अन्य समानों क्षतिग्रस्त किया गया । थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया ने बताया कि ड्रोन के सहयोग से पूरे चवर की जानकारी लेकर कार्रवाई की गई। ड्राम को इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। छापेमारी टीम में उत्पाद एसआई राजेश कुमार व दर्जनों महिला व पुरूष पुलिस टीम मौजूद रहे।
रक्सौल बॉर्डर पर कोविड जांच व सतर्कता में मुस्तैदी मोतिहारी।नेपाल की सीमा पर कोविड नियंत्रण को ले कर कोविड जांच व सतर्कता बढा दी गई है।नेपाल में यह मौसम यूरोप समेत अन्य देशों के पर्यटकों के लिए अनुकूल है व पिक सीजन की तरह है। ऐसे में भारत के बिहार स्थित बोध गया से पटना होते हुए नेपाल आने वाले भारत-नेपाल मैत्री बस समेत पर्यटकों व विदेशी नागरिकों के यात्री बस व वाहनों को रोक कर कोविड जांच की जा रही है। पर्यटक कोलकाता, इंदौर समेत राजस्थान, आदि से बस रिजर्व कर रक्सौल के रास्ते नेपाल पहुंचते हैं।जिसको देखते हुए वीरगंज के शंकराचार्य गेट पर अवस्थित हेल्थ डेस्क पर जांच की जा रही है।हेल्थ डेस्क इंचार्ज अनिशा महतो के मुताबिक,हाल के दिनों मद अब तक एक भी कोविड संक्रमित नही मिले हैं,लेकिन,सरकार के निर्देश पर जांच व एहतियात बरती जा रही है।बता दे कि बुधवार को वीरगंज के मेयर राजेश मान सिंह ने हेल्थ डेस्क का नीरिक्षण किया था और जांच में तेजी लाने को ले कर आवश्यक निर्देश दिये थे।वीरगंज महानगर पालिका के प्रशासकीय अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि,बार्डर पर अनिवार्य जांच करने पर जोर है,क्योंकि, एक भी चूक से नेपाल में संक्रमण फैल सकता है।विभागीय सूत्रों के मुताबिक,,बिहार के बोधगया में संक्रमितों की संख्या 11 पहुंच चुकी है।दलाई लामा की उपस्थिति में हुए बौद्ध सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे म्यांमार व बैंकाक से आये पर्यटकों में संक्रमण मिल चुका है।बोध गया के बाद पटना व दरभंगा में भी संक्रमित मिले हैं। जिसको देखते हुए लौटने वाले नेपाली समेत विदेशी नागरिको की अनिवार्य कोविड जांच के निर्देश दिये गए हैं।भारत के जोखिम वाले क्षेत्रो से आने वालों समेत तीसरे देश के नागरिको की एंटीजन टेस्ट की जा रही है।
