स्नातक पार्ट 3 की परीक्षा में चार निष्कासित मोतिहारी। स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा के दौरान शहर के एलएनडी कॉलेज परीक्षा केंद्र से कदाचार के आरोप में चार परीक्षार्थी निष्कासित किये गये। केंद्राधीक्षक प्रो.अरुण कुमार के हवाले से मीडिया प्रभार डॉ. कुमार राकेश रंजन ने बताया कि द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान मोबाइल से कदाचार के आरोप में चार परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा शुक्रवार को प्रारंभ हो गयी। जिला मुख्यालय में परीक्षा को लेकर चार केंद्र बनाये गये हैं। यहां प्रथम पाली में 5718 व द्वितीय पाली में 5241 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें, एलएनडी कॉलेज में प्रथम पाली में 1621 व द्वितीय पाली में 1141, एसएनएस कॉलेज में प्रथम पाली में 1792 व द्वितीय पाली में 1496, डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा महिला कॉलेज में प्रथम पाली में 634 व द्वितीय पाली में 826 व पंडित उगम पांडेय कॉलेज में प्रथम पाली में 1671 व द्वितीय पाली में 1778 परीक्षार्थी थे। प्रथम पाली में ग्रुप सी के इतिहास, रसायन शास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, पर्सियन, भोजपुरी, एलएसडब्ल्यू के पांचवें पेपर व द्वितीय पाली में ग्रुप डी के कॉमर्स, वनस्पति शास्त्र, गणित, राजनीति विज्ञान, म्यूजिक, एआईएच, मैथिली व दर्शन शास्त्र के पांचवें पेपर की परीक्षा हुई। सुबह में कड़ाके की ठंड के कारण परीक्षार्थी परेशान रहे। प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने केसमय सुबह 9 बजे काफी ठंड थी। घने कोहरे के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा था। ऐसे हालात में परीक्षार्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये थे।