वसंत की मादकता के बीच आये होली के त्योहार को लेकर नगर सहित जिले में चहल-पहल बढ़ गयी है। होली पर्व 8 मार्च को मनया जाएगा। होली को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। लोग होली को लेकर रंग, पिचकारी व रंगीन कुर्तों-पायजामों के साथ ही सामग्रियों की खरीदारी में व्यस्त हैं। वहीं नगर से लेकर गांवों तक के घरों मेें होलिकादहन की शाम से लेकर होली के दिन एक से बढ़कर एक पकवान बनाने की तैयारी पूरी कर ली गयी है। होली का लेकर नगर की दुकानों पर लाल,पीले,हरे व बैंगनी रंगों तथा गुलालों की खूब बिक्री हो रही है। दूसरे प्रदेशों से होली पर पहुंच रहे लोग होली का त्योहार अपने घर परिवार में मनाने के लिए दूसरे प्रदेशों में काम कर रहे लोग लौटने लगे हैं। त्योहार पर उनके परिजन भी प्रतीक्षा में हैं। होली के पूर्व नगर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होली मिलन समारोहों में धूम मची होने के कारण नगर पूरा होलीमय हो गया है। इस प्रकार के कार्यक्रमों में प्रस्तुत होली के गीतों की धूम मची हुई है। होली पर जिले का ग्रामीण क्षेत्रअछूता नहीं है। गांवों में अभी से ही फाग के स्वर सुनाई देने लगे हैं। गांवों में बच्चों से लेकर बड़ों तक में एक अजब उत्साह दिखाई दे रहा है। होली पर बच्चे ,युवक व महिलाएं पिचकारियों से एक-दूसरे को लाल,पीले और हरे रंगों से सराबोर करेंगी । बच्चियां घर-घर जाकर अपनी सहेलियों और भाभियों के साथ हंसी-ठिठोली करते हुए होली खेलेगी। कल अहले सुबह से ही लोग अपने मित्रों को मैसेज भेजना शुरू कर देंगे।

फागुन के महीने में होली की धूम देश से बाहर विदेशों में भी दिख रही है।भारत के साथ साथ यूरोप के देश स्कॉटलैंड से भी होली की मनमोहक तस्वींरें आई हैं। स्कॉटलैंड में शनिवार को होली मिलन समारोह भारतीयों ने धूमधाम से मनाया। रोजी रोजगार के तालाश में वर्षों से वहां बसे भारतीय परिवारों ने जिस तरह भारतीय परम्परा को जीवित रखा है वाकई काबिले तारीफ है। स्कॉटलैंड के हिडनवर्ग में बसे पूर्वी चम्पारण के ढाका प्रखंड के रूपहारा निवासी स्व.अवधेश नारायण सिंह के पुत्र अविनाश ने बताया कि हिडनवर्ग मे करीब तीन सौ भारतीय परिवार रहते हैं।अविनाश भी अपनी पत्नी खुशबू और पुत्र के साथ करीब पन्द्रह वर्षों से वहीं रहते हैं। अविनाश ने बताया कि हिडनवर्ग मे एक भव्य मंदिर भारत है। सभी भारतीय मिलकर मंदिर का संचालन कमिटी बना कर करते है। सभी भरतवंशी भारतीय पर्व त्योहार मिलकर मनाते है। बताया कि होली की धूम करीब एक हफ्ते तक रहती है। सभी परिवार एकत्रित होकर होली का पर्व मनाते हैं। भारत के तरह यहां भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। बताया कि स्थानीय लोगों मे भी भारतीय पर्व त्योहार के प्रति दिलचस्पी दिखाई देती है। बताया कि पर्व त्योहार के समय वतन की याद तो बहुत आती है। परन्तु सभी के साथ मिलकर मनाने से बहुत खुशियां भी मिलती है। सिमंत कुमार,जुली कुमारी, मनीष कुमार चौधरी, पूजा चौधरी आदि ने बताया कि पर्व के समय वतन की बहुत याद आती है।

डीईओ कार्यालय के बाहर एनआईओएस प्रशिक्षित शिक्षकों के बकाया मानदेय, वेतन सहित अन्य मांग के समर्थन में विभिन्न शिक्षक संघों के द्वारा सोमवार को प्रदर्शन किया गया। बिहार पंचायत नगर प्राम्भिक शिक्षक संघ(मूल)बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्वी चम्पारण के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव, टीएसयूएनएसएस के अध्यक्ष प्रियरंजन सिंह, टीपीएसएस के अध्यक्ष संजीत सिंह, र्टीईटी उर्दू के अध्यक्ष मो कैश शिक्षक संघ बिहार के कोषाध्यक्ष फकरुद्दीन सहित अन्य शिक्षक संगठन के अध्यक्षों की अध्यक्षता में शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों के अनुसार, होली व शब-ए-बारात जैसे महत्वपूर्ण पर्व में जब अधिकांश जिला में एनआइओएस का बकाया वेतन का भुगतान हो गया तो फिर पूर्वी चम्पारण जिले में भुगतान रोकना कही से उचित नहीं हैं। जबकि कल शिक्षा पदाधिकारी द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि उनकी तरफ से नहीं रोका गया है। कल हर हाल में भुगतान होगा व बकाया रोकने वाले पदाधिकारी पर कार्रवाई करेंगे।

डीएम के निर्देशानुसार डीडीसी की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को लेकर 11-12 मार्च को दो दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के साथ सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीडीसी समीर सौरभ ने कहा कि11 मार्च को प्रात 8 बजे से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। गांधी मैदान में बालिकाओं व महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। इसमें कबड्डी, बैडमिंटन व 500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता शामिल है। 12 मार्च को प्रात में बालिकाओं व महिलाओं द्वारा समाहरणालय परिसर से राजा बाजार तक प्रभातफेरी निकाली जाएगी। पेंटिंग व रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महिलाओं व बालिकाओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम नगर भवन में किया जाएगा। उल्लेखनीय हो कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाना है।परंतु 8 व 9 मार्च को होली और शब ए बरात पर्व होने के कारण कार्यक्रम की तिथि 11-12 मार्च निर्धारित की गई है । मौके पर नगर आयुक्त शंभूशरण, निदेशक डीआरडीए मेधा कश्यप ,जिला पंचायती राज पदाधिकारी सादिक अख्तर आदि मौजूद थे।

नेहरू युवा केन्द्र भारत सरकार युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय के तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन नेहरू स्टेडियम में सोमवार को किया गया। प्रखंड स्तरीय खेलों में से कबड्डी टीम,वॉलीबॉल,बैडमिंटन, 200,400 मीटर दौड़ लॉन्ग जंप में विजेता खिलाड़ियों ने भाग लिया। पहले दिन के सत्र में कबड्डी और वॉलीबाल के मैच कराए गए । इसके बाद दूसरे दिन के खेल में बैडमिंटन, एथलेटिक्स के अंतर्गत 200 मीटर ,400 मीटर दौड़,लॉन्ग जंप का खेल का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कबड्डी में सिसवा टीम विजेता रही।जबकि मधुबन की टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल में पताही उपविजेता रही ।बैडमिंटन पुरुष डबल में प्रथम स्थान पर जफीर आलम ,साजिद अली की टीम और द्वितीय स्थान पर कुमार अक्षत सिंह और शिशिर राज रहे। बैडमिंटन महिला एकल में सानिया राज विजेता व आर्या सिंह उपविजेता रहीं। लॉन्ग जंप पुरुष में आसिफ आलम प्रथम विजेता, द्वितीय क्रमांक पर राशिद रहे।

डॉ राधाकृष्णन सभागार में अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति सह डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गयी। समीक्षा के क्रम में डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने शहर में लग रहे जाम को गंभीरता से लिया। उन्होंने सड़क जाम समस्या को दूर करने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने शहर में ट्रैफिक मैनेजमेंट ठीक करने का निर्देश दिया । उन्होंने नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर व जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि विशेष प्लान बना कर शहर भर में ट्रैफिक मैनेजमेंट को दुरुस्त करें। उन्होंने व्यावहारिक उपाय बनाकर आमजनों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने नाबालिग ड्राइवर पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने व नियमों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। शहर में 2 ट्रैफिक चौकी निर्माण के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि मोतिहारी शहरी क्षेत्र में सुबह 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों का नो एंट्री लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटना कम करने के लिए साइनेज व जेबरा क्रॉसिंग का निर्माण सड़क के आवश्यक स्थलों पर हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर डीडीसी समीर सौरभ, अपर समाहर्ता पवन कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्रेष्ठ अनुपम, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक,नगर आयुक्त शंभूशरण, नगरपालिका पदाधिकारी, थानाध्यक्ष आदि थे।

पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने बताया कि एमएपीएल दक्षिण एशिया की पहली ट्रांस- नेशनल पेट्रोलियम उत्पाद पाइपलाइन बन गई है जो मोतिहारी में एक साथ डिलीवरी के साथ इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बरौनी रिफाइनरी से नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अमलेखगंज टर्मिनल तक पेट्रोलियम उत्पादों को ले जाती है। उत्तर बिहार क्षेत्र की मांगों को पूरा करने के लिए आईओसीएल द्वारा मोतिहारी में एमएपीएल पाइपलाइन के साथ एक पेट्रोलियम उत्पाद टर्मिनल और एक एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का निर्माण किया गया है। नेपाल के लिए पाइपलाइन सहित पूरी परियोजना में 56 एकड़ के स्टेशन क्षेत्र के साथ लगभग 1600 करोड़ रुपये कुल लागत की परिकल्पना की गई है। इस परियोजना से जुड़े सभी उत्पादों की डिलीवरी अप्रैल 2023 के प्रथम सप्ताह से शुरू हो जाएगी। आईओसीएल मोतिहारी स्टेशन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन वर्ष 1959 में स्थापित पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत सबसे बड़े महारत्न सार्वजनिक उपक्रम में से एक है। भारत व नेपाल के बीच हस्ताक्षरित द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन के अनुसार मोतिहारी अमलेखगंज तेल पाइपलाइन परियोजना आईओसीएल को प्रदान की गई थी जिसका काम जुलाई 2019 में पूरा कर लिया गया था। 19 जुलाई 2019 को भारत के पीएम और नेपाल के पीएम द्वारा वीसी के जरिए उद्घाटन किया गया था।

अब पीकू वार्ड में भर्ती मरीजों के अभिभावक से लेकर डाक्टर तक टेली पीकू कियोस्क के माध्यम से शिशु रोग विशेषज्ञ से इलाज सम्बन्धी जानकारी और सलाह भी ले सकते हैं। यह व्यवस्था जल्द ही सदर अस्पताल के पीकू वार्ड में चालू की जा रही है । इसको लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव ने सीएस को निर्देश जारी किया है। बताया जाता है कि पीकू वार्ड में भर्ती मरीज के इलाज सम्बन्धी कोई भी सलाह ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ,स्टाफ यहा तक कि मरीज के अभिभावक भी इस टेली पीकू कियोस्क के माध्यम से सीधे डाक्टर से सम्पर्क कर सलाह ले सकते हैं।इसके लिये सदर अस्पताल वार्ड प्रभारी शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ पंकज कुमार का नाम मनोनीत किया गया है। इनका मोबाइल नम्बर पीकू वार्ड में लिखा जाएगा। इसके अलावा डॉ पंकज कुमार के सहयोग में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अमृतांशु और डॉ रूबिया कुमारी को सहयोग के लिये रखा गया है। बताते हैं कि डॉ पंकज कुमार पीकू वार्ड के लिये 24 घण्टा मोबाइल पर रहेंगे । यह मनोनयन पटना स्वास्थ्य विभाग के द्वारा किया गया है। बताया जाता है कि टेली पीकू कियोस्क मशीन जल्द ही पीकू वार्ड में लगाया जाएगा ।इसके अलावा पीकू वार्ड के लिये सभी प्रकार की दवा 24 घण्टा उपलब्ध रहेगी। इसके लिये सीएस को निर्देश दिया गया है कि पीकू वार्ड के लिये इंडेंट किये गए दवा 24 घण्टा उपलब्ध रहना चाहिये। जानकर बताते हैं कि पीकू वार्ड में भर्ती मरीज की स्थिति गम्भीर होने पर यह तीनों डाक्टर आपस में इलाज के लिये सलाह जरूरत पड़ने पर करेंगे। इसके बाद मरीज का इलाज होगा। फिर भी रेफर की जरूरत पड़ने पर कारण बताते हुये मरीज को रेफर कर सकते हैं। वही भर्ती मरीजों के अभिभावक भी चल रहे इलाज और मरीज की बीमारी की स्थिति की जानकारी वीडियो कांफ्रेन्सिंग के माध्यम से डॉ पंकज कुमार से ले सकते हैं।साथ ही अगर लापरवाही बरती जा रही है तो इसकी शिकायत भी कर सकते हैं। बताया जाता है कि पीकू वार्ड के नोडल सदर अस्पताल के डीएस डॉ एस एन सिंह को बनाया गया है। इस व्यवस्था को बेहतर रखने की जबावदेही सदर अस्पताल प्रबन्धक भारत भूषण को दी गयी है। कहते हैं सिविल सर्जन इस संबंध में सीएस डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था जल्द ही लागू कर दी जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम की अध्यक्षता में 3 सारण शिक्षक व स्नातक 2023 चुनाव को लेकर डॉ राधाकृष्णन सभागार में विभिन्न कोषांग के पदाधिकारियों के साथ सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई । भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा बिहार विधान परिषद के 3 सारण स्नातक व सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की घोषणा के साथ जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है। आयोग के द्वारा अधिसूचना जारी करने की तिथि 6 मार्च है। इसके साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। नाम निर्देशन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च ,नाम संवीक्षा करने की तिथि 14 मार्च व नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 मार्च तक है। मतदान की तिथि 31 मार्च निर्धारित है। मतगणना की तिथि 5 अप्रैल निर्धारित है। डीएम ने कहा कि मतदान बैलट पेपर के माध्यम से संपन्न होगा । लाउडस्पीकर बजाने के लिए भी समय सीमा सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित की गई है । अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति के पश्चात ही लाउडस्पीकर का उपयोग कर सकेंगे। डीएम ने कहा कि सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मूल मतदान केंद्रों की संख्या 27 व सहायक मतदान की संख्या 1 सहित कुल मतदान केंद्र 28 बनाए गये हैं। स्नातक चुनाव में कुल 21 हजार 653 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरुष 16 हजार 740 ,महिला 4 हजार 912 व थर्ड जेंडर 1 शामिल हैं। वहीं 3 सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मूल मतदान केंद्र 27 बनाए गये हैं। इस निर्वाचन में 2 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरुष 1739 व महिला मतदाता 261 हैं। उन्होंने कोषांग के पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों व दायित्वों का निर्वहन ससमय सुनिश्चित करेंगे । इस अवसर पर डीडीसी समीर सौरभ, अपर समाहर्ता पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम सदर श्रेष्ठ अनुपम,उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्र आदि थे।

सुगौली जय राम दास मार्किट में महंत ने कराया होली मिलन समारोह का आयोजन।