जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम की अध्यक्षता में 3 सारण शिक्षक व स्नातक 2023 चुनाव को लेकर डॉ राधाकृष्णन सभागार में विभिन्न कोषांग के पदाधिकारियों के साथ सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई । भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा बिहार विधान परिषद के 3 सारण स्नातक व सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की घोषणा के साथ जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है। आयोग के द्वारा अधिसूचना जारी करने की तिथि 6 मार्च है। इसके साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। नाम निर्देशन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च ,नाम संवीक्षा करने की तिथि 14 मार्च व नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 मार्च तक है। मतदान की तिथि 31 मार्च निर्धारित है। मतगणना की तिथि 5 अप्रैल निर्धारित है। डीएम ने कहा कि मतदान बैलट पेपर के माध्यम से संपन्न होगा । लाउडस्पीकर बजाने के लिए भी समय सीमा सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित की गई है । अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति के पश्चात ही लाउडस्पीकर का उपयोग कर सकेंगे। डीएम ने कहा कि सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मूल मतदान केंद्रों की संख्या 27 व सहायक मतदान की संख्या 1 सहित कुल मतदान केंद्र 28 बनाए गये हैं। स्नातक चुनाव में कुल 21 हजार 653 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरुष 16 हजार 740 ,महिला 4 हजार 912 व थर्ड जेंडर 1 शामिल हैं। वहीं 3 सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मूल मतदान केंद्र 27 बनाए गये हैं। इस निर्वाचन में 2 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पुरुष 1739 व महिला मतदाता 261 हैं। उन्होंने कोषांग के पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों व दायित्वों का निर्वहन ससमय सुनिश्चित करेंगे । इस अवसर पर डीडीसी समीर सौरभ, अपर समाहर्ता पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम सदर श्रेष्ठ अनुपम,उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्र आदि थे।