नाबार्ड की सीजीएम श्रीमती सी.सरस्वती की अध्यक्षता में नाबार्ड की प्रदेश स्तरीय संरचनात्मक बैठक विकासखंड तामिया में आयोजित हुई। इस बैठक में प्रदेश के समस्त जिलो के डीडीएमएस उपस्थित थे । बैठक में सहायक कृषि यंत्री छिंदवाड़ा द्वारा नरवाई प्रबंधन विषय पर सभी डीडीएमएस से परिचर्चा एवं कार्यशाला की गई। सहायक कृषि यंत्री श्री समीर पटेल ने सभी अधिकारियों को नरवाई जलाने के दुष्परिणाम एवं नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों से अवगत कराते हुए जिले में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में नरवाई प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए सकारात्मक प्रयासों से अवगत कराया।
एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला कुण्डाली खुर्द में आज सेवाभाव युवा मंडल द्वारा संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम सेवाभाव युवा मंडल के अध्यक्ष श्री मनेश भलावी एवं शाला प्रधानाध्यापक श्रीमती अर्चना बुनकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की विशेषताओं, महत्व तथा नागरिकों को प्रदान किए गए मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। अध्यक्ष श्री मनेश भलावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “संविधान से हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध होता है, और इसका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए प्रश्न–उत्तर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संविधान से जुड़े विषयों पर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रकट किए। तत्पश्चात सभी बच्चों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संविधान की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में सेवाभाव युवा मंडल अध्यक्ष श्री मनेश भलावी, प्रधानाध्यापक अर्चना बुनकर, शिक्षक मुकेश चतुर्वेदी, धर्मेंद्र भारत, आर.एस. तिवारी, पंजाबराव ठाकरे, गजनंद सूर्यवंशी, मीना नागवंशी सहित सेवाभाव युवा मंडल के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। अंत में शिक्षकों तथा मंडल सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूकता एवं कर्तव्यपालन के लिए प्रेरणादायक संदेश दिए गए तथा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा (राजस्व विभाग) की सेवानिवृत्त शासकीय सेवक श्रीमती सीमा भारती ने सामाजिक दायित्व और मानवता के प्रति समर्पण का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शासकीय सेवक वेलफेयर सोसायटी, छिंदवाड़ा के माध्यम से शासकीय स्कूली बच्चों के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराने हेतु स्वप्रेरणा से 10,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।श्रीमती भारती ने यह सहयोग राशि सोसायटी के अध्यक्ष श्री सतीश गोडाने को कार्यालय के सभी शासकीय सेवकों की उपस्थिति में सौंपते हुए कहा कि समाज, बच्चों और मानवीय संवेदनाओं के प्रति योगदान ही एक शासकीय सेवक की असली पहचान है।
जिला आबकारी कार्यालय में आज पूर्वाह्न सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। वे छतरपुर से स्थानांतरित होकर छिन्दवाड़ा आए हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री वैद्य ने कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सौहार्दपूर्ण परिचय प्राप्त किया।
सांवरी वनपरिक्षेत्र के ग्राम मानकादेही खुर्द में 30 नग सागौन के अवैध लट्ठे पकड़ाए। वन परिक्षेत्र सांवरी के वृत्त गांगीवाड़ा के स्टाफ को मुखबिर द्वारा प्रदाय सूचना पर वनपरिक्षेत्र सांवरी की टीम द्वारा मंतोष पिता मकरंद विश्वकर्मा साकिन मानकादेही खुर्द के घर के पीछे छापा मारा गया। जिसमें 30 नग अवैध सागौन के लट्ठे प्राप्त हुए। जो कि सलीम पिता जुम्मन खान साकिन मानकदेहीखुर्द ने अपने निजी खेत से कटवाकर मंतोष विश्वकर्मा, मानकादेही खुर्द के घर काटकर निजी उपयोग के लिये स्टाक किया था। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया तथा जप्त माल परिक्षेत्र सहायक गांगीवाड़ा के सुपुर्द में दिया गया।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में “जादू नहीं विज्ञान है – समझना-समझाना आसान है” कार्यक्रम हुआ आयोजित
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के छिंदवाड़ा/पांढुर्णा जिले में कंपनी के छिंदवाड़ा वृत्त कार्यालय, संचारण/संधारण के 8 संभागों जिनमें शहर संभाग छिंदवाड़ा, पूर्व संभाग छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, चौरई, सौंसर, पांढुर्णा, जुन्नारदेव व परासिया और इनके अंतर्गत आने वाले सभी वितरण केंद्रों में आज मंगलवार को विद्युत उपभोक्ता समस्या निवारण शिविर संपन्न हुये। इन शिविरों में 147 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से सभी 147 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में वन्दे मातरम् गायन कर स्वदेशी अपनाने की दिलाई गई शपथ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में बंकिम चन्द्र चटोपाध्याय द्वारा रचित आनंद मठ से लिए गए वन्दे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गीत गायन जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। साथ ही प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूर्ण करने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई गई ।
जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी के प्राचार्य डॉ.सी.एस.पानकर ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा कक्षा 6वीं में चयन परीक्षा 2026-27, 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित की जा रही है। इस वर्ष परीक्षा के लिये छिन्दवाडा जिले के विभिन्न 11 ब्लॉकों में 49 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिन 13239 छात्र-छात्राओं ने नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिये ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन किया है वह सभी छात्र-छात्राएँ नवोदय विद्यालय की वेबसाइट www.navodaya.gov.in or ebseitms.rcil.gov.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र अपने-अपने ब्लॉक के बी.आर.सी. या बी.ए.सी. के माध्यम से भी ले सकते हैं।
जन अभियान परिषद भोपाल के आदेशानुसार जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण के निर्देशानुसार में म.प्र. शासन के मंशानुसार म.प्र. जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे के मार्गदर्शन में विकासखंड मोहखेड़ में जल संरक्षण के लिए जल संचय अभियान के अंतर्गत बोरी-बंधान किया गया।
