जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा की आयुष विंग में विगत दिवस व्यावसायिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांवरी, मोहखेड़ ब्लॉक के लगभग 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान आयुष विंग छिंदवाड़ा के प्रभारी डॉ.नितिन टेकरे द्वारा विद्यार्थियों को आयुष चिकित्सा पद्धति, स्वास्थ्यकर जीवनशैली, रोगों की रोकथाम एवं अस्पताल की विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रशिक्षक सुश्री स्वेता सनोडिया, श्री कपिल लोखंडे एवं श्री राकेश वासनिक के मार्गदर्शन में अस्पताल भ्रमण कराया गया तथा रात्रिचर्या-ऋतुचर्या, औषधीय पौधों एवं मसालों का औषधीय उपयोग, योग, एनीमिया, संधिवात, चर्मरोग, सिकल सेल, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं आनंदमय जीवनशैली जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन और जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल के मागदर्शन में जिले की संस्थाओं में सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल पुरुस्कृत शिक्षक व खेल संयोजक श्री राकेश कुमार मालवीय ने बताया कि चाँद मंडल स्तर के खेलों का संकुल केंद्र चाँद में प्राचार्य श्री महेश कुमार रघुवंशी के नेतृत्व में गत दिवस समापन हुआ। यह खेल प्रतियोगिता 01 दिसंबर से प्रारंभ होकर 04 दिसंबर 2025 को सम्पन्न हुई ।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार म.प्र. जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में ब्लॉक समन्वयक परासिया श्री संजीव भावरकर के दिशा-निर्देश पर जल संरक्षण के लिए जल संचय अभियान के अंतर्गत विकासखंड परासिया की ग्राम-पंचायत सिरगोरा (शिवपुरी) पुलिस थाना के सामने बोरी बंधान कार्यक्रम संपन्न हुआ।मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड परासिया और नवांकुर संस्था-संस्कार एजुकेशन पब्लिक स्कूल शिवपुरी के तत्वधान में परासिया के सेक्टर क्रमांक-5 की ग्राम पंचायत- सिरगोरा (शिवपुरी) में थाने के सामने जल संचय अभियान के अंतर्गत बोरी बंधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मैं सर्वप्रथम-टंट्या मामा की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में उनके छायाचित्र पर पूजन अर्चन करने के बाद 150 बोरियों का बांधान किया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी के प्राचार्य डॉ.सी.एस.पानकर ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा कक्षा 6वीं में चयन परीक्षा 2026-27, 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित की जायेगी। इस वर्ष परीक्षा के लिये छिन्दवाडा जिले के विभिन्न 11 ब्लॉकों में 49 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिन 13239 छात्र-छात्राओं ने नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिये ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन किया है वह सभी छात्र-छात्राएँ नवोदय विद्यालय की वेबसाइट www.navodaya.gov.in or ebseitms.rcil.gov.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र अपने-अपने ब्लॉक के बी.आर.सी. या बी.ए.सी. के माध्यम से भी ले सकते हैं।
म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड छिंदवाड़ा के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले में वृत्त/जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम द्वारा शिविर का आयोजन 08 दिसंबर 2025 सोमवार को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक प्रशासनिक भवन खजरी रोड छिन्दवाड़ा में किया गया है, जिसमें उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया जायेगा। फोरम शिविर में विद्युत अधिनियम की धारा 126, 135, 138 एवं 161 के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरणों पर सुनवाई नहीं की जायेगी । विद्युत उपभोक्ता अपनी शिकायत के साथ उपस्थित होकर शिकायत का निराकरण करवा सकते हैं ।
राष्ट्रीय वयोवृद्ध योजना के अंतर्गत राजमहल हर्रई प्रांगण में 60 वर्ष से अधिक उम्र के 280 वृद्धजनों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए । स्वीकृत सभी उपकरण केवल उन लाभार्थियों को वितरित किए गए जिनका सफलतापूर्वक दो चरण में रजिस्ट्रेशन एवं परीक्षण किया गया है।आसरा केंद्र छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री मुकेश कुमार मालवीय ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह के निर्देशानुसार विगत जुलाई एवं अगस्त माह में हर्रई जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली प्रत्येक 67 ग्राम पंचायत में जाकर आसरा केंद्र छिंदवाड़ा द्वारा बरसात के कठिन संघर्ष के बाद हर्रई जनपद पंचायत की 39 ग्राम पंचायत के ग्रामीण वृद्धजन लाभार्थियों का सफलतापूर्वक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर 60 वर्ष से अधिक वृद्धजनों का परीक्षण संपन्न कराया गया था । जिसमें लगभग 280 लाभार्थियों को लगभग 1100 कृत्रिम सहायक उपकरण भारत सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए, जिसमें वृद्धजनों के लिए कमर बेल्ट, घुटनों के बेल्ट, कान की मशीन, व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी, कमोड कुर्सी, कमोड व्हीलचेयर आदि विभिन्न उपकरण आज राजमहल प्रांगण से 280 वृद्धजनों को वितरित किए गए।
छिंदवाड़ा में शिक्षकों के लिए कला आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिये दो दिवसीय कला एवं सौन्दर्य साक्षरता कार्यशाला का आज शुभारंभ हुआ। कार्यशाला के प्रथम दिवस में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल ने कहा कि बदलते परिवेश में शिक्षण पद्धतियों में नवाचार अत्यंत आवश्यक है। आज के बच्चे अनुभवात्मक और रचनात्मक सीखने की ओर अधिक आकर्षित होते हैं, ऐसे में कला आधारित शिक्षण न केवल सीखने को रोचक बनाता है, बल्कि छात्रों की 21वीं सदी की दक्षताओं को भी विकसित करता है। पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की संवेदनशीलता, रचनात्मकता तथा अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है।
विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आज जिले के ग्राम खापामिट्ठे में मृदा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य को कैसे बचाया जाये, मिट्टी को कैसे संरक्षित रखा जाए की जानकारी कृषि विज्ञान केन्द्र चंदनगाँव के कृषि वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारी, मिट्टी परीक्षण अधिकारी श्री सचिन दास द्वारा विस्तृत रूप से दी गई । साथ ही किसानों को समझाइश देते हुये अपील की गई कि किसान अपनी मिट्टी का परीक्षण कराये एवं मृदा परीक्षण रिपोर्ट की अनुसंशा के अनुसार ही मिट्टी में संतुलित उर्वरकों का उपयोग करें। इस दौरान किसानों को जैविक खेती के बारे में भी बताया गया एवं ड्रोन द्वारा जीवामृत का प्रदर्शन कर दिखाया गया।
मध्यप्रदेश में रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कोदों और कुटकी (मिलेट) की खरीदी 2025-26 सत्र के लिए शुरू हो गई है। जिसके लिए छिंदवाड़ा जिले के तामिया में खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया । ई-उपार्जन, सतपुड़ा महिला किसान प्रो. लि. छिंदवाड़ा द्वारा जहाँ किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अतिरिक्त 1000 रुपए प्रति क्विंटल बोनस मूल्य, जैसे कि ग्रेड 'ए' कुटकी 3500 रुपये प्रति क्विंटल व ग्रेड 'ए' कोदों 2500 रुपए प्रति क्विंटल तक (एमएसपी) प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बोनस मूल्य अलग मिलेगा, जिससे श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा मिले और किसानों की आय बढ़े।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेश गोन्नाडे के दिशा-निर्देशन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम आरोग्य केन्द्र गुरैया, पिण्डरईकला में मानसिक स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मनोचिकित्सक डॉ. सुमांशु शर्मा के द्वारा मानसिक रोग से संबंधित बीमारियों, मानसिक रोग से होने वाले दुष्प्रभावो एवं लक्षणों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होनें मानसिक रोग के लक्षण के बारे में बताया कि मानसिक रोग से पीड़ित व्यक्ति में सामान्यतः हर समय उदासी महसूस, बेचैन रहना, ध्यान केंद्रित न कर पाना, बहुत चिंता या भय होना, समाज, परिवार एवं दोस्तों से दूरी, शरीर में थकान एवं ऊर्जा की कमी का अनुभव होना। मानसिक तनाव को दूर करने के लिये उपायों के बारे में बताया कि मानसिक रोगी के साथ सामान्य एवं विनम्र व्यवहार करने, करीबी दोस्तों के साथ समय बिताने, उनसे विनम्रतापूर्वक व्यवहार व बाते करनी चाहिये जिसके माध्यम से मानसिक रोगी के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है।
