जाति आधारित जनगणना हेतु हुआ प्रशिक्षण सामुदायिक संवाददाता रामगढ़वा। बिहार सरकार के निर्देश पर जाति आधारित जनगणना को लेकर रामगढ़वा प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रगणकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षक नसीम अहमद ने बताया कि इस कार्य हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी की देखरेख में सभी प्रगणकों को कार्य करना है. इसमें प्रगणक डोर टू डोर संपर्क बनाएंगे। इनके कार्य के निरीक्षण हेतु पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।पहले प्रत्येक घर में परिवारों का निर्धारण कर लिया जाएगा।एक ही घर में यदि दो परिवार रहते हैं। और उनका खाना पीना अलग बनता है तो उनको दो परिवार के रूप में चिन्हित करना है। इसके लिए प्रगणकों को डेटाबेस पर काम करना है। बिहार सरकार के निर्देश पर जाति आधारित गणना की जाएगी।इस कार्य के लिए रामगढ़वा प्रखंड में 343 शिक्षकों को प्रतिनियुक्त प्रगणक के रूप में की गई है। 55 वरीय शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पर्यवेक्षक के रूप में किया है। यह कार्य सभी पंचायतों के सभी वार्डों में घर-घर जाकर पूरा करना है।
शिक्षा कर्मियों का मोबाइल नंबर और पता कराएं कराने का निर्देश मोतिहारी डीईओ संजय कुमार ने जिले में कार्यरत शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के जिला व प्रखंड मुख्यालय का आवासीय पता व मोबाइल नंबर उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि नव वर्ष 2023 में प्रथम कार्य दिवस को ही सभी पदाधिकारी अपने संभाग में अवकाश लेखा से संबंधित पंजी तैयार करेंगे व विधिवत सभी पदाधिकारियों व कर्मियों के अवकाश स्वीकृति के उपरांत संबंधित पंजी को संधारित करेंगे। प्रत्येक तीन माह के उपरांत डीईओ को पंजी का अवलोकन करायेंगे।
राज्य के सरकारी स्कूल के छात्र व छात्राएं बोलेंगे अंग्रेजी बिहार में वर्ड पावर चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार वर्ग 2 से 5 तक के बच्चों मे अंग्रेजी की बेहतर समझ को विकसित करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। इस कंपटीशन को कई चरणों में आयोजित किया जाएगा जिसमें पहला लेवल क्लस्टर का होगा। क्लस्टर लेवल में जीतने वाले बच्चों को सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। क्लास दो से पांच तक के बच्चों में अंग्रेजी की बेहतर समझ को विकसित करने के लिए वर्ड पावर चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन कराएगी। शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक सज्जन आर ने भेजे निर्देश पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मैरिको लिमिटेड, लीप फॉर वर्ड द्वारा वर्ड पावर चैंपियनशिप प्रतियोगिता से संबंधित प्राप्त मिला है। प्रतियोगिता का प्रारंभिक चरण ऑनलाइन माध्यम से होगा। संबंधित शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन होना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्यक्रम के तहत उन शिक्षकों का सहयोग लिया जाएगा जिन पर अंग्रेजी पढ़ाने का उत्तरदायित्व है। जहां छात्रों को अपने अंग्रेज़ी कौशल में सुधार का अवसर कम मिलता है। बच्चों में अंग्रेजी की बेहतर समझ की कयावद जानकारी के अनुसार इस कंपटीशन को कई चरणों में आयोजित होगा। पहला लेवल क्लस्टर का होगा। क्लस्टर लेवल में जीतने वाले बच्चों को सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। वह बच्चे ब्लॉक लेवल के राउंड में हिस्सा लेंगे।ब्लॉक लेवल में चुने गए बच्चे जिला स्तर के कंपटीशन में हिस्सा लेंगे।जिला स्तर पर चुने गए बच्चे डिविजनल लेवल पर कंपटीशन में हिस्सा लेंगे। उसके बाद स्टेट लेवल पर अपना दमखम दिखाएंगे। राज्य लेवल के कंपटीशन का आयोजन मार्च में होगा। लेकिन क्लस्टर लेवल से कंपटीशन की शुरुआत अगले जनवरी माह से शुरू हो जाएगी।
डाटा को ऑनलाइन पोर्टल पर 10 तक अपलोड करने का निर्देश मोतिहारी। विद्यालय के शाला सिद्धि से सम्बंधित डाटा को ऑनलाइन पोर्टल पर 10 जनवरी तक अपलोड करने का निर्देश प्रधान शिक्षकों को दिया गया है। जिसमें प्रत्येक बच्चे की पूरे साल की उपस्थिति पर वार्षिक उपस्थिति दर निकाला जाना है और विद्यालय से संबंधित विस्तृत जानकारी अपलोड करना है। सभी विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को अपने विद्यालय के प्रत्येक वर्ग के छात्रों की अप्रैल 2020 से मार्च 2021 तक की प्रत्येक माह की उपस्थिति जोड़ कर रखने का निर्देश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने दिया है। प्रत्येक वर्ग के सभी बालकों की उपस्थिति एक साथ और सभी बालिकाओं की उपस्थिति एक साथ जोड़ना है। जिससे वार्षिक उपस्थिति दर ज्ञात किया जा सके। वहीं सभी प्रधान शिक्षकों को एक प्रपत्र उपलब्ध कराया गया है, जिसमें विद्यालय से संबंधित जानकारी भर कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। निर्देश दिया गया है कि पहले प्रधान शिक्षक अपने विद्यालय के डाटा को अपलोड करेंगे, इसके बाद 6 सदस्यों वाली टेक्निकल टीम बाह्य मूल्यांकन करेगी, उसे भी अपलोड जनवरी माह में ही किया जाना है।
मोतिहारी के मलाही में आपसी विवाद में हिंसक झड़प, आधा दर्जन घायल मलाही थाना के मठिया गिरी टोला में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई,जिस घटना में दोनों गुटों से लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का इलाज मोतिहारी सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर एक गुट के मनोज गिरी ने गांव के ही अखिलेश गिरी, विनय गिरी,अशोक गिरी,शोभा गिरी,बृज गिरी,गोलू, नीतीश,छोटू व सोनू सहित ग्यारह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मठिया गिरि टोला के मनोज गिरी व अखिलेश गिरी के बीच पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। जिसमें दोनों गुटों में मारपीट हुई। एक गुट से मनोज गिरी,भीम गिरी व शिबू गिरी व दूसरे गुट से कुछ लोग घायल हुए।
मोतिहारी के केसरिया में पंचायत समिति की बैठक केसरिया प्रखंड प्रमुख सभागार में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई।जिसकी अध्यक्षता प्रमुख आलिया परवीन ने की।बैठक का संचालन बीडीओ अमित कुमार ने की।बैठक को संबोधित करते हुए एम एल सी महेश्वर सिंह ने सभी सदस्यो में मिलजुल कर विकास कार्य को गति देने की बात कही।उन्होंने सभी समिति सदस्यों एवम मुखियागण को नव वर्ष अग्रिम शुभकामना दी।समिति सदस्य फिरोज अंसारी एवम मुखिया चंद्रशेखर सिंह ने बीइओ पर आरोप लगाया।
संग्रामपुर व पहाड़पुर में लगा जनता दरबार, कई मामलों का हुआ निबटारा पहाड़पुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे व सी आई राम नरेश यादव की उपस्थिति में जनता दरबार का आयोजन कर सरकारी भूमि अतिक्रमण व निजी भूमि विवादों का निबटारा व सुनवाई की गयी। जनता दरबार में बलुआ गांव निवासी राजदेव शर्मा पिता स्वर्गीय विश्वनाथ शर्मा के जमीन जो पर्चा से प्राप्त है उसे उसी गांव के निवासी रामायण प्रसाद पिता स्वर्गीय रामसेवक प्रसाद के द्वारा खाद रखकर गसबन करने का मामला की सुनवाई कर अगले शनिवार को जनता दरबार को दोनों पक्षों को उपस्थित होने का निर्देश दिया। कमाल पिपरा के ग्रामीणों द्वारा दिए गए रास्ता विवाद उक्त गांव के अशोक राम द्वारा गसबन करने के मामले में थानाध्यक्ष ने अंचल अमीन से पैमाइश कराया। वही संग्रामपुर थाना परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें थानाध्यक्ष गौतम कुमार व सीओ सुरेश पासवान ने दो मामलों को सुना व उसका निष्पादन किया। प्रत्येक शनिवार को थाना परिसर में लगने वाले साप्ताहिक जनता दरबार मे भूमि सम्बंधि दो मामलों का निष्पादन हुआ जबकि एक नए आवेदन भी प्राप्त हुआ। जनता दरबार में एक आवेदन भी प्राप्त हुआ। मौके पर मामले से जुड़े पक्ष व विपक्ष मौजूद रहे।
तेतरिया में तत्कालीन मुखिया व पंचायत सचिव पर केस मोतिहारी। योजना की राशि निकासी कर घपला किये जाने पर राजेपुर थाना में राजेपुर पंचायत के तत्कालीन मुखिया व पंचायत सचिव पर एफआईआर दर्ज की गयी है। मेहसी प्रखंड के राजेपुर पंचायत के वार्ड न.10 में पंचम वित्त आयोग मद के वित्तीय वर्ष 2019-20 के योजना संख्या 2 में बिना कार्य कराये मुखिया इंदु चौधरी व तत्कालीन पंचायत सचिव सुदर्शन सिंह पर मिलीभगत कर तीन लाख सात हजार पांच सौ रुपये निकासी कर घपला करने का आरोप है। राजेपुर थाने में मेहसी बीडीओ शैलेन्द्र सिंह के आदेश पर पंचायत सचिव राम बहादुर महतो ने तत्कालीन मुखिया इंदु चौधरी, तत्कालीन पंचायत सचिव सुदर्शन सिंह के विरुद्ध केस की गयी।
अरेराज स्थित प्रसिद्ध सोमेश्वर नाथ मंदिर में आज उमड़ेगी भीड़ मोतिहारी। अनुमंडल वासी रविवार को हर्ष व उल्लास के बीच नव वर्ष 2023 को मनायेंगे। नए साल के दिन सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर अरेराज के बाबा दरबार को श्रद्धालुओं के दर्शन पुजन करने के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पार्वती तालाब का तट सहित पर्वशव निकास द्वार का सौंदर्यीकरण युवक युवतियों केलिए सेल्फी पॉइंट के रूप में आकर्षण का केंद्र बना हुआहै। पार्वती तालाब में मोटर बोटिंग व्यवस्था भी की गई है। पार्वती सरोवर के तट पर प्रकाश की स्थायी व्यवस्था कराई गयी है। एसडीओ संजीव कुमार ने बताया कि नए साल के मौके पर बाबा के दरबार में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया गया है। बाबा सोमेश्वर नाथ मन्दिर के अलावे काल भैरव मंदिर,जालपा माई मन्दिर,अशोक स्तम्भ परिसर में भी नए साल के दिन पिकनिक मनाने को भीड़ रहती है।
नये साल के स्वागत में शहर में साज-सज्जा नगर के सत्याग्रह पार्क,सुभाष पार्क व गांधी संग्रहालय पार्क को साफ- सफाई कर किया तैयार मोतिहारी। नये साल 2023 को लेकर तैयारी नगर सहित जिले में जोर-शोर से चल रही है। लोग पूरे उत्साह व उमंग के साथ नये साल का स्वागत करने के मूड में हैं। नव वर्ष के दिन लोग बच्चों से लेकर बड़ों तक सपरिवार और अपने मित्रों के साथ नगर के पार्कों में उपस्थित होकर नये साल का लुफ्त उठायेंगे। इसको लेकर नगर के सत्याग्रह पार्क,सुभाष पार्क व गांधी संग्रहालय पार्क की साफ-सफाई पूरी कर चकाचक किया गया है। पार्कों में बच्चों के मनोरंजन की है पर्याप्त व्यवस्था नगर के ज्ञानबाबू चौक स्थित सत्याग्रह पार्क,राजा बाजार के स्वामी विवेकानंद पार्क,अमर छतौनी का मनरेगा पार्क तथा गांधी संग्रहालय पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। इन स्थानों पर बच्चे एक से बढ़कर एक आकर्षक झूले तथा वाटरफॉल आदि का आनंद उठा सकेंगे। नगर के पार्कों में रहेगी सुरक्षा व्यवस्था सत्याग्रह पार्क के संवेदक प्रभात कुमार ने बताया कि एक जनवरी पर लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। नगर थाना के अधिकारी पुलिस बल के साथ नगर के पार्क में उपस्थित रहेंगे। वहीं सुभाष पार्क और गांधी संग्रहालय पार्क में भी सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। नगर के मेन रोड स्थित प्रमुख रेस्टोरेंट व मिष्टान्न भंडारों में नये साल को लेकर तैयारी चल रही है। इस अवसर पर ग्राहकों को परोसने के लिए एक से बढ़कर खास आइटम के व्यंजन तैयार किये जा रहे हैं। इन रेस्टोरेंटों में वेज व नॉन वेज दोनों प्रकार के व्यंजनों को तैयार किया जा रहा है। रेस्टोरेंटों के नॉनवेज के स्पेशल आइटम में बड़ी झिंगा मछली का टाइगर प्रॉन, स्रिंप, कांटिनेंटल फूड, इटालियन सूप, इंडियन व चाइनिज आइटम परोसे जायेंगे। इसी प्रकार नगर के एक रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार मटन व चिकेन के विभिन्न व्यंजनों के साथ वेज आयटम में पनीर चिली व पनीर दो प्याजा सहित अन्य आइटम को तैयार किया गया है। इधर,नगर के अधिकतर मिष्टान्न भंडारों में नव वर्ष पर गाजर व मूंग का हलवा के साथ-साथ स्पंज व क्रिम चप के साथ-साथ छेना के अनेक आयटम, मेवा लड्डू तथा काजू बरफी सहित अन्य आइटम तैयार कि ये गये हैं। खूूब बिके बुके व गिफ्ट आयटम: नये साल के आगमन पर शुभकामना व बधाई देने के लिए नगर के फूलगांव की दुकानों पर बुके व गिफ्ट आयटम बास्केट आदि की खूब बिक्री हुई। प्रोपराइटर विक्की बताते हैं कि अपने मित्रों और सम्बंधियों को शुभकामना के रुप में देने के लिए विशेषकर युवाओं ने बुके व बास्केट आइटम की खरीदारी एक सौ रुपये से तीन सौ रुपये प्रति पीस की दर से उपलब्ध है।
