पेटरवार प्रखंड अंतर्गत चरगी पंचायत के कातरबेड़ा निवासी जगरनाथ मांझी की  पंद्रह वर्षीया पुत्री चिंतामनी कुमारी के शरीर में गर्म माड़ गिर जाने के कारण बुरी तरह झुलस कर गंभीररूप से घायल हो गयी. यह घटना सोमवार को कातर बेड़ा में सुबह साढ़े सात बजे हुई. घटना की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सोनी ने प्राथमिक उपचार कर के बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया. 

पेटरवार पंचायत अंतर्गत मुखिया टोला के  जामाबाड़ी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन मुखिया दिनेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. जिसमें अंचलाधिकारी अशोक राम मुख्य रूप से उपस्थित थे. विशेष ग्राम सभा में मुखिया श्री गुप्ता ने पंचायत के चतुर्दिक विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं के चयन को लेकर विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी. उन्होंने बताया कि योजना बनाओ अभियान 2 अक्टूबर से लेकर आगामी 31 जनवरी तक इस अभियान को चलाया जाएगा. मौके पर सीओ अशोक राम के द्वारा वन अधिकार अधिनियम 2006 का शपथ दिलाया गया. मौके पर पंचायत सेवक राजू डे, पूर्व मुखिया उषा प्रभात, उपमुखिया मुक्ता देवी, रूपचंद महथा सहित आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका सहित ग्रामीण उपस्थित थे.

दर्जा प्राप्त मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने भारतमाला परियोजना(ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे) बोकारो से रांची के निर्माण में ओवर लोड हाइवा से फ्लाई ऐश(छाई) ढुलाई होने के कारण हो रहे वायु प्रदूषण एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम को उपायुक्त बोकारो एवं उपायुक्त रामगढ़ को अलग -अलग पत्र प्रेषित किया है. मंगलवार को प्रेषित पत्र में दर्जा प्राप्त मंत्री ने संबंधित जानकारी देते हुए कहा है कि चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन से हजारों की संख्या में ओवर लोड हाइवा फ्लाई ऐश लेकर फुसरो-जैनामोड़ रोड से तुपकाडीह, जैनामोड़, पेटरवार, चरगी होते हुए निर्माण स्थल रिलायंस पेट्रोल पंप, गोला के समीप एवं सिकिदरी घाटी पहुंचता है. ओवर लोड होने के कारण हाइवा से चंद्रपुरा से ही रोड पर फ्लाई ऐश गिरने लगता है, जिससे सड़क पर चारों ओर फ्लाई ऐश ही नजर आता है. केमिकलयुक्त बारीक छाई होने के कारण हल्की सी हवा चलने पर भी छाई उड़ने लगता है. इससे राहगीरों, साइकिल चालकों, मोटर साइकिल चालकों एवं अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी है. पेटरवार से गोला के बीच सड़क किनारे कई जगह डंपिंग यार्ड बना दिया गया है. हवा चलने पर छाई उड़ने से आसपास के गांव प्रभावित हो रहे हैं. ग्रामीणों को सांस लेने में भी परेशानी की शिकायत आ रही है. वन्य जीव जंतुओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.  मंत्री जी ने उपायुक्त बोकारो एवं रामगढ़ से पर्यावरण और जनमानस हित के लिहाज से अविलंब ओवर लोड हाइवा का परिचालन रोकने एवं फ्लाई ऐश के उपयोग पर भी रोक लगाने का आग्रह किया है.

पेटरवार प्रखंड के सदमा कला पंचायत सचिवालय में सोमवार को मुखिया सावित्री देवी की अगुवाई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई. इस मौके पर उपस्थित लोगों ने देश के दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया. इस अवसर पर पंचायत सचिवालय में एक विशेष ग्राम सभा की गई. विशेष ग्राम सभा में मुखिया सावित्री देवी ने पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के लिए आधारभूत संरचनाओ को चयन करने की प्रक्रियाओं की विस्तृत रूप से जानकारी दी. कहा कि योजना बनाओं अभियान 2 अक्टूबर से 31 जनवरी 2024तक चलाया जाएगा. मौके पर प्रशिक्षु पंचायत सचिव नूपुर कुमारी की ओर से उपस्थित लोगों को वन अधिकार अधिनियम 2006 का शपथ दिलाया गया. इसके अलावे विभिन्न पंचायत सचिवालयों में दो अक्तूबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन पंचायतों के मुखिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया.

पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अशोक राम ने जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों के साथ परिचयात्मक बैठक की. बैठक में विभिन्न पंचायतों से काफी संख्या में जनवितरण प्रणाली के दुकानदार शामिल हुए. प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी श्री राम ने जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों से कहा कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार ही राशनकार्ड धारकों के बीच राशन का वितरण करें. इसमें किसी तरह की कोताही नहीं करें. कहा कि अगर राशन वितरण में अनियमितता या शिकायत मिलती है तो संबंधित दुकानदार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

पेटरवार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से अमृत कलश में संग्रह किये गए मिट्टी और चावल बुधवार को बीडीओ शैलेन्द्र कुमार चौरसिया के समक्ष जमा किया गया. विदित हो कि मेरा माटी मेरा देश अभियान के दौरान प्रखंड के 23 पंचायतों के मुखिया और पंचायत सचिवों की ओर से अमृत कलश में मिट्टी और चावल संग्रह किया गया था उसे बीडीओ के पास जमा कर दिया गया. बीडीओ ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से जमा किये गए मिट्टी और चावल को ससम्मान जिला में समर्पित कर दिया जाएगा. इस मौके पर मुखिया दिनेश कुमार गुप्ता, निहारिका सुकृति, सावित्री देवी, रानी कुमारी मुर्मू, राजेन्द्र रजवार, उर्मिला देवी, मुनकी देवी, अरविंद मुर्मू, गोपाल मुंडा, नाम किशोर मांझी, अनवरी खातून, अनिता सोरेन,अखलेश्वर ठाकुर, पंचायती राज पदाधिकारी भरत लाल साव सहित अन्य मुखिया व  पंचायत सचिव उपस्थित थे.

रोजी-रोजगार की तलाश में पलायन किये पेटरवार के एक युवक की मौत बुधवार के सुबह चार बजे पुणे में हो गयी. बताया जाता है कि प्रखंड के ओरदाना पंचायत के ओसाम गांव निवासी मगरू महतो का पुत्र सुदन महतो (22 वर्ष) रोजी- रोटी की तलाश में गत 2 अक्तूबर को पुणे गया था. बुधवार को सुबह पुणे रेलवे स्टेशन पर उसकी मौत हो गयी. मौत होने का स्पष्ट कारण ज्ञात नही हो पाया है. बताया जाता है कि वह काफी जख्मी था. पुत्र की मौत की खबर सुनकर उसके परिजनो का रो- रोकर बुरा हाल हो गया है. मृतक युवक का शव गुरुवार को पेटरवार आने की बात बताई जा रही है.

पेटरवार तथा आस पास के क्षेत्रों में जीवित पुत्रिका पर्व धूम धाम के साथ मनाया गया. इस पर्व में सौभाग्यवती महिलाएं संयत व निजला उपवास कर परम्परागत नियमों के अनुसार पूजा अर्चना कर अपने पुत्रों की समृद्धि व दीर्घायु होने की कामनायें की. मौके पर घर के आंगन में ईख, केंवा, बांस आदि की डाली गाड़ कर तथा धान फूल, पुवा, फल, अरवा चावल, घी, सिंदूर, खीरा, अंकरी आदि चढ़ाया गया. आज शनिवार को अपने दिवंगत पूर्वजों को महा प्रसाद का भोग चढ़ा कर पारण किया गया.

पेटरवार प्रखंड अंतर्गत पेटरवार पंचायत के मुखिया दिनेश कुमार गुप्ता, ग्राम पंचायत सदस्य रूपचंद महथा और विश्वजीत बनर्जी को विकास का गुर सीखने के लिए शनिवार को केरल के लिए रवाना हुए. किला केरल में पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पेटरवार से चयनित किये गए पंचायत प्रतिनिधियों को केरल में एक्सपोजर विजिट कराया जाएगा. पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट के दौरान पंचायत जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यो का गुर सिखाया जाएगा एवं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कराया जाएगा. विदित हो कि राज्य सरकार की ओर से पेटरवार पंचायत सहित बुंडू और सदमाकला पंचायत को मॉडल पंचायत घोषित किया गया है.

झारखंड जल छाजन योजना के अंतर्गत समर्पण चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित दो दिवसीय कृषि प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को किया गया. इस कृषि प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम के प्रायोजक कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की ओर से प्रखंड के कोह पंचायत अंतर्गत बुढ़न गोड़ा और अरजुवा पंचायत के मेरुदारु में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इन दोनों स्थानों पर 3 सौ महिला- पुरुषों को कृषि पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ अनिल कुमार, वैज्ञानिक डॉ आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉ नंदना कुमारी, डॉ रूपा रानी व डॉ रश्मि कंडुलना ने किसानों को बेहत्तर कृषि करने का प्रशिक्षण दिया. वैज्ञानिकों ने कहा कि झारखंड सरकार की ओर से बनाये गए जल छाजन से किसान बारहों महीने कृषि कार्य करके आत्मनिर्भर बन सकते है और यह जल छाजन कृषि कार्य करने के लिए किसानों के लिए बेहतर साधन है जो किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा. वैज्ञानिकों ने धान की फसल में होने वाली बीमारी से बचाव के लिए कई सुझाव किसानों को दिया.