पूर्वी चंपारण, बिहार जवाहर नवोदय विद्यलय के नवम वर्ग की पार्श्व परीक्षा में तीन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसके लिए 11 फरवरी को पार्श्व परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा में सामान्य वर्ग के प्रियांशु कुमार पांडेय, रॉल नंबर 114149, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के आदित्य आदर्श रॉल नंबर 113902 व अमन राज रॉल नंबर 113925 का चयन हुआ है। सभी ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थी हैं। उनका चयन सत्र 23-34 के लिए हुआ है। प्राचार्य एस.त्यागराजन ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9 के 3 सीटों पर दाखिले के लिए 11 फरवरी को परीक्षा का आयोजन हुआ था। जिसमें 262 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। तीनों सीटों में एक सामान्य व दो ओबीसी के लिए आरक्षित था। बताया कि सत्र 2023-24 नवोदय विद्यालय में कक्षा नवम में नामांकन के लिए कुल 414 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था परंतु पार्श्व परीक्षा में 152 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे वही 262 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। बताया कि चयनित अभ्यर्थी दो-दो फोटो व प्रवेश पत्र के साथ 28 मार्च में नवोदय विद्यालय में कार्यावधि में उपस्थित हो कर अपने नामांकन की पूरी कराएंगे।
हिन्दू धर्मावलंबियों के लिए नव सवंत्सर नल का शुभारम्भ होने के साथ ही नूतन वर्ष का शुभारम्भ बुधवार से हो गया है। हिन्दू नववर्ष सहित वासन्तिक चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन का भी शुभारम्भ हो गया है। हिन्दू नववर्ष के अवसर पर बिहार प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ मन्दिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही हालांकि फर्स्ट जनवरी की अपेक्षा भीड़ कम रही। वासंतिक नवरात्र के अवसर पर विभिन्न शक्तिपीठों व पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापन का कार्य भी संपन्न हो गया। कलश स्थापना से पूर्व सदा नीरा नारायणी में डुबकी लगा जल संग्रहण को लेकर भी गोविंदगंज, सखवा, लोकनाथपुर,मलहिटोला आदि घाट पर भीदेवी भक्तों कीभीड़ जुटी रही। दुर्गामंदिर हरदिया, जालपा माई स्थान, शक्ति पीठ रढिया, चण्डीस्थान, मशान माई,घोड़हन देवी ,काली मंदिर योगियार आदि स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना का आध्यात्मिक कार्य पूरा कर लिया गया।
शहर के गांधी संग्रहालय में बुधवार को बिहार दिवस पर संग्रहालय के सचिव सह पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में बिहार दिवस, विश्व जल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। अध्यक्षता करते हुए श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय आंदोलन में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जहां के स्वतंत्रता सेनानियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना की। बिहार दिवस पर गांधी की कर्मभूमि चंपारण से सत्य अहिंसा का संदेश दिया। चंपारण में गांधी से जुड़े स्थलों के समृद्धि कोयोजना बनाई गयी।
मोतिहारी में बिहार दिवस के पर जिला प्रशासन के द्वारा बुधवार प्रात 6 बजे से गांधी मैदान से चांदमारी चौक होते हुए गांधी मैदान तक पांच किमी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ में जिले भर के सैकड़ों महिला व पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। डीएम ने भी इस मैराथन दौड़ में स्वयं हिस्सा लिया। डीएम शीर्षत कपिल अशोक व एसपी कांतेश मिश्र के द्वारा गुब्बारा गुच्छ छोड़कर व हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ को रवाना किया गया। डीएम द्वारा मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने पुरुष वर्ग में प्रथम-अभिजीत अंबर, द्वितीय-कुणाल कुमार,तृतीय-जर्रार अली, सोनू कुमार यादव, संतोष कुमार, राजेश कुमार,दिलीप कुमार ,अनिल कुमार, फैजुल्ला अंसारी, संजीव कुमार को सम्मानित किया। महिला वर्ग में प्रथम-आशा कुमारी, द्वितीय-कुमंती कुमारी, तृतीय -सुनैना कुमारी, आशा कुमारी ,रविता कुमारी आदि है
भीमलपुर जंगल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर वन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत मेहसी प्रखंड के भीमलपुर जंगन की घेराबंदी होगी। पहले चरण में पिलरिंग की जाएगी। जंगल के चारों तरफ 100 सीमेंटेड पिलर लगाने की स्वीकृति मिली है। पिलरिंग के लिए एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसपर 6.33 लाख रुपये खर्च की योजना है। सीमांकन कर लगाए जाएंगे पिलर भीमलपुर जंगल का सीमांकन होगा। यह जंगल 211 एकड़ 52 डिसमिल में फैला है। इसके सीमांकन के लिए छह अमीन की आवश्यकता है। वन विभाग के यहां मात्र एक अमीन पदस्थापित हैं। लेकिन जंगली के सीमांकन के लिए और पांच अमीन की जरूरत है। पांच अमीन की प्रतिनियुक्ति के लिए डीएफओ के द्वारा डीएम को पत्र दिया गया था। इस परिपेक्ष्य में डीएम के द्वारा चकिया अनुमंडल पदाधिकारी को अमीन की प्रतिनियुक्ति के लिए निर्देश दिया गया है। अमीन की प्रतिनियुक्ति होते ही भीमलपुर जंगल का सीमांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सीमांकन के बाद ही पिलरिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाजे गाजे के साथ हाथ में ध्वज लिए जय श्रीराम के जयघोष के साथ नगर में निकली शोभायात्रा के साथ ही देवराहा बाबा आश्रम में 52 वां सद्गुरु महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा आरंभ हो गया। शोभायात्रा आयोजन स्थल से निकल कर नगर के मुख्य चौक- चौराहों से होकर गुजरती हुई बाईपास रोड स्थित ब्रह्मलीन योगीराज देवराहा बाबा गुरुकुल आश्रम समाप्त हो गयी। आश्रम अध्यक्ष विनय कुमार शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में राम लक्ष्मण सीता और हनुमान जी की दिव्य झांकी जहां एक रथ पर विराजमान थी। वहीं दूसरी ओर अयोध्या धाम से पधारे कथा प्रवक्ता श्रद्धेय राघव शरण जी महाराज एक रथ पर विराजमान रहे। शोभा यात्रा का स्वागत श्रद्धालु भक्तों ने माल्यार्पण और फूलों की वर्षा कर किया। यज्ञ संयोजक राम भजन ने बताया कि सद्गुरु महायज्ञ बाईस मार्च से तीस मार्च श्री राम नवमी तक चलेगा जिसमें प्रतिदिन अयोध्या धाम से पधारे श्रद्धेय संत राघव शरण जी महाराज द्वारा दोपहर में श्री राम कथा का श्रवण कराया जाएगा।
जिला में इन्फ्लूएंजा एच 3 एन2एन1 के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। निजी क्लिनिक से लेकर सदर अस्पताल में सर्दी, खांसी, बुखार के साथ पेटदर्द व गैस बनने की शिकायत ले मरीज आ रहे हैं। इसमें अधिकांश 15 साल के नीचे के बच्चे हैं। सभी का इलाज लक्षण के आधार पर किया जा रहा है। इन बीमार लोगों की एच 3 एन 2 एन1 वायरस की जांच की सरकारी अस्पताल में सुविधा नहीं है और न ही किसी का जांच के लिए सेम्पल ही लिया जा रहा है।बस लक्षण के अनुसार इलाज चल रहा है। सदर अस्पताल के डीएस डॉ एसएन सिंह ने बताया कि जांच के लिये सेम्पल नहीं गया है। लक्षण के आधार पर उपचार किया जा रहा है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ संतोष कुमार सिंह व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि बदलते मौसम में इन्फ्लूएंजा की बीमारी सर्दी खांसी बुखार होता रहता है। मगर इस बार का इंफ्लुएंजा एच 3एन2 एन 1 कुछ ज्यादा परेशान कर रहा है।पेट दर्द ,पेट खराब व गैस्टिक लेकर आया है। जिसका इलाज किया जा रहा है। यह सब बीमारी रेसिस्टेंस व इम्युनिटी कमजोर होने के कारण हो रहा है।इसलिए जरूरी है इम्यून सिस्टम को मजबूत करने की। डॉ संतोष कुमार सिंह बताते है कि इम्यून सिस्टम बढ़ाने के लिये कैल्शियम डी थ्री, विटामिन सी के साथ पौस्टिक आहार बढ़ाने की जरूरत है। जिस तरह कोरोना में घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूरी था ऐसी ही इस वायरल से बचने के लिये मास्क व दो गज की दूरी जरूरी है। वायरल से बचने या चपेट मेंआने पर गर्म पानी नमक डाल कर गार्गल, विक्स का भाप के अलावे हल्दी मिला दूध रात में पीना चाहिए।
पहली बार जमीन मापी में समय सीमा व्यवस्था लागू की गई है। रैयतों की जमीन मापी की तत्काल व्यवस्था में मापी 10 दिनों में होगी। वहीं, सामान्य मापी के लिए अधिकतम 30 दिनों की समयसीमा तय कर दी गई है। इन दोनों व्यवस्था के लिए सरकार ने दरें भी तय कर दी है। विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा के आदेश से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है। नया प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार काश्तकारी नियमावली, 1985 में संशोधन किया है। इसके बाद बिहार काश्तकारी (संशोधन) नियमावली 2023 को लागू किया है। भूमिहीन परिवारों के लिए है मुफ्त व्यवस्था: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अनुसार बासहीन भूमिहीन परिवारों, व्यक्तियों को बंदोबस्त या आवंटित किसी खेसरा-भूखंड की मापी मुफ्त होगी। रैयती जमीन की तत्काल व्यवस्था के तहत आवेदन के बाद 10 दिनों में मापी होगी। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में प्रति खेसरा 2000 रुपये जबकि चार या उससे अधिक खेसरों के लिए 8000 रुपये देने होंगे। ग्रामीण इलाकों में प्रति खेसरा 1000 रुपये जबकि 4000 रुपये चार व उससे अधिक खेसरा होने पर देय होगा। सामान्य मापी दर सामान्य मापी के लिए राशि जमा के बाद 30 कार्यदिनों में मापी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इसके लिए 500 रुपये प्रति खेसरा देना होगा। चार या अधिक खेसरों के लिए 2000 रुपये देने होंगे। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में प्रति खेसरा 1000 रुपये देने होंगे, जबकि चार या अधिक खेसरों के लिए 4000 रुपये लगेंगे। राशि ऑफलाइन या ऑनलाइन जमा की जा सकेगी।
नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए विभिन्न सैरातों की खुली डाक हुई। डाक की प्रक्रिया नगर पंचायत के ईओ कृष्ण भूषण कुमार, मुख्य पार्षद अमितेश कुमार पाण्डेय, उप मुख्य पार्षद महमद आजाद अली व सशक्त समिति सदस्यों की उपस्थिति में हुई। सबसे चर्चित बस स्टैंड के डाक में सात प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें सबसे अधिक राशि की बोली अभिनव गौरव ने 88 लाख 83 हजार रुपये की बोली लगायी। वहीं होल्डिंग के डाक प्रक्रिया में भी सात लोगों ने भाग लिया। जिसमें सुरेश मलिक ने सबसे अधिक दस हजार पांच सौ रुपये की बोली लगाया। साइकिल स्टैंड के डाक प्रक्रिया में भी सात लोगों ने ही भाग लिया। जिसमें सबसे अधिक प्रशान्त कुमार ने तेईस सौ का बोली लगाया। वहीं जनेरवा भैरव स्थान सैरात की डाक प्रक्रिया में भी सात लोगों ने भाग लिया।जिसमें सबसे अधिक उन्नीस सौ पचास रुपये की बोली प्रशान्त कुमार ने ही लगाया।
बिहार राज्य में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को अब पैसे की बजाय किताबें मिलेंगी। विभाग ने 17 अप्रैल तक सभी बच्चों तक किताबें पहुंचाने की प्रक्रिया आरम्भ कर दिया है। जिले के सभी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को 17 अप्रैल तक किताबें मिल जाएंगी। सरकार एक बार फिर से खाते में राशि भेजने की बजाय कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को किताबें देगी। पहले प्रारंभिक स्कूलों के बच्चों को किताब खरीदने के लिए खाते में राशि दी जाती थी। कई जगहों से शिकायत आ रही थी राशि मिलने के बाद भी बच्चे बिना किताब के स्कूल आ रहे हैं। जांच में सामने आया कि बच्चे राशि तो निकाल लेते हैं लेकिन किताब खरीदने की जगह उस रुपए का इस्तेमाल किसी और कार्य में करते हैं। इसी वजह से सरकार ने राशि देने के बजाय अब फिर से किताब देने का फैसला लिया है। सभी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को 17 अप्रैल 2023 तक किताबें मिल जाएंगी। पहले मिलते थे इतने रुपए: वर्ष 2018 से 2022 तक बच्चों को किताब खरीदने के लिए पैसे दिए जाते थे। शिक्षा का अधिकार कानून के तहत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को किताब खरीदने के लिए राशि दी जाती है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत पुस्तक मद में केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत राशि देती है। कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों लिए को 250 और कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को 400 रुपए की दर से किताब खरीदने के लिए राशि दी जाती थी।
