हरनाटाड़ अनुमंडलीय मैदान में रविवार को दिव्यांगों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन जिला पीडब्ल्यूडी संघ तथा जिला पैरा खेल संघ के संयुक्त तत्वाधान में किया जाएगा। जिसमें दौड़ से लेकर गोला फेक,चक्का फेंक, भाला फेक, लंबी कूद, ऊंची कूद, ट्राई साइकिल रेस, बैसाखी दौड, ट्रिपल जंप, व्हील चेयर रेस आदि खेलों का आयोजन होगा। जिला खेल कोऑर्डिनेटर रुदल कुमार ने बताया कि खेल के प्रति समर्पित दिव्यांग जो अपनी प्रतिभा के बल पर राज्य व देश का नाम रोशन करना चाहते हैं, वे भाग ले सकते है।

मोतिहारी इलेक्ट्रो होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल मोतिहारी के प्रशासनिक भवन में इलेक्ट्रो होम्योपैथिक के जन्मदाता डॉ मैटी की 214 वीं जयंती मनाई गई। उक्त अवसर पर संस्थापक डॉ. के के सिन्हा ने जन समाज के बीमारियों में अत्यधिक सफलता के लिए इस पैथ द्वारा दिशा निर्देश दिया। इस अवसर पर डॉ राजन, डॉ. नरेंद्र, डॉ विजय कुमार दास, सुमित , सक्षम , पवन , पूनम , दीपमाला , आदि उपस्थित थे !

मोतिहारी शहर के एमजेके कन्या इंटर कॉलेज में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही है। इसके लिए सांस्कृतिक प्रस्तुति की तैयारी में छात्राएं जुटी हैं। तैयारी के अवसर पर शिक्षिका रीना झा,आरती रानी, रजनीगंधा, रत्नप्रिया,प्रतिभागी बच्चियों में जागृति कुमारी,मेघा श्री, यामिनी सिंह, सिमरन श्रीवास्तव,आदिति कुमारी,आलिया खातून, पलक कुमारी,संध्या शर्मा, रिया गुप्ता,दीपिका सिंह, करीना,करिश्मा,जूही,तनिषा तनवी आदि थीं।

जिले के एलएनडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सौजन्य से गुरुवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस पर एक ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका विषय था ‘युवाओं के समक्ष चुनौतियां’। प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार ने कहा कि आज के युवाओं की विभिन्न समस्याओं का समाधान स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन से संभव हो सकता है। उन्होंने एक प्रेरक कहानी द्वारा निर्णय लेने के विवेक पर प्रकाश डाला। संचालनकर्ता एनएसएस पीओ. प्रो. अरविन्द कुमार ने युवाओं के लिए बढती जनसंख्या, राजनीतिकरण, प्रदर्शन, जातिवाद, साम्प्रदायिकता व भ्रष्टाचार से लड़ने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. जौवाद हुसैन व हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. कस्तूरी शिवम् सौन्दर्यम ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया

डॉ श्रीकृष्ण सिन्हा महिला महाविद्यालय मोतिहारी राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो डॉ विपिन कुमार राय ने किया। राजकीय डिग्री कॉलेज बगहा से आये डॉ अजय कुमार (राजनीति शास्त्रत्त्)ने विवेकानंद के युवाओं पर विचारों को व्यक्त किया। प्राचार्य प्रो. राय ने कहा कि मनुष्यता व मानव धर्म का ऐसा पाठ पढ़ाया जिसकी अपेक्षा आज भी महसूस होती है। मानवीय मूल्यों की रक्षा आत्म बल चरित्र बल द्वारा ही किया जा सकता है। राष्ट्रीयता व राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र बल पर सबसे ज्यादा जोर दिया। विवेकानंद की जब भी बात होगी शिकागो में संपन्न होने धर्म सांसद में साल 1893 में दिए भाषण की चर्चा जरूर होगी । जिसने पूरी दुनिया के सामने भारत को एक मजबूत छवि के साथ पेश किया । भारत और भारतीय संस्कृति को दुनिया भर में पहचान दिलाया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कुमारी रोशनी विश्वकर्मा ने कहा कि स्वामीजी कहा करते थे कि उठो जागो व तब तक रुको नहीं जब तक कि तुम अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते।

नेपाल के चितवन राष्ट्रीय निकुन्ज में एक बाघ व एक गैंडा अलग अलग मृत पाए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक चितवन राष्ट्रीय निकुन्ज के सौराहा सेक्टर अंतर्गत कछुवानी पोस्ट के पास एक सिंग वाला दुर्लभ गैंडा मृत पाया गया है।नियमित गश्ती के क्रम में गुरुवार को मृत गैंडा को देखा गया।आशंका व्यक्त की गई है कि गैंडा की मौत बाघ के आक्रमण में हुई।इससे पहले नारायणी नदी तट पर एक गैंडा मृत पाया गया था।अधिकारियों के मुताबिक, चितवन राष्ट्रिय निकुञ्ज व निकुन्ज के मध्यवर्ती क्षेत्र में विगत 6 माह में 8 गैंडा मृत पाया गया है। इधर,निकुञ्ज के अमलटारी सेक्टर अन्तर्गत कोर क्षेत्र में एक बाघ मृत पाया गया है। निकुञ्ज के सूचना अधिकारी गणेशप्रसाद तिवारी ने इसकी पुष्टि की है। 15वर्षीय बाघ की मौत प्राकृतिक कारण से होने का अनुमान है ।नियमित गश्ती टोली ने बाघ के शव को बरामद किया है।उन्होंने बताया कि गैंडा व बाघ के मौत के मामले की जांच शुरू करते हुए आवश्यक करवाई की जा रही है।

ढाका फुलवरिया पथ पर सिरनी गांव में मुख्य सड़क पर नाली का पानी पिछले करीब दो माह से ज्यादा समय से बह रहा है । लेकिन इसपर न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान है और न अधिकारियों का। सड़क पर पानी बहने से आमलोगों सहित ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ढाका से बैरगनिया व सीतामढ़ी जाने वाले इस पथ पर दिनभर बड़े वाहनों से लेकर छोटे वाहनों तक आने जाने का सिलसिला लगा रहता है। इस बीच में कहीं कोई बाइक व साइकिल वाले फंस गए तो उन्हें काफी फजीहत झेलनी पड़ती है। साइड लेने के क्रम में पैर नीचे रखने पर उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार तो इसमें बाइक व साइकिल वाले दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। सड़क के बगल में बने नाली को भरकर जाम कर देने के कारण नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहता रहता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के किनारे बनी नाली करमावा नहर में जाकर गिरती है। नहर की तरफ से नाली उंचा होने के कारण नाली का पानी नहर में नहीं गिर पाता है। वह ओवरफ्लो होकर सड़क पर ही गिरता रहता है। इस कारण सड़क पर हमेशा जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। कुछ दिन पूर्व सड़क के किनारे खेत में पानी का बहाव कर दिया गया था, जिसके कारण यह समस्या दूर हो गयी थी, लेकिन पुन इस पानी को मिट्टी गिराकर बंद कर दिया गया है, जिसके कारण पुन यह समस्या बन गयी है। ढाका विधायक पवन जायसवाल व एमएलसी डा. खालिद अनवर के घर का रास्ता भी यही है। सड़क पर पानी गिरने से सड़क भी खराब हो रहा है। पानी गिरने से जलजमाव हो जाने के कारण सड़क कई जगह पर टूट गयी है, जिसके कारण कई जगह गड्ढे हो गए हैं। जलजमाव से सड़क कमजोर होती जा रही है। विधायक व एमएलसी ने अधिकारियों की लगायी क्लास विधायक पवन जायसवाल व एमएलसी डा. खालिद अनवर सड़क पर बह रहे नाली के पानी को लेकर कई बार अधिकारियों की क्लास लगा चुके है। लेकिन इसपर कोई सुनवाई नहीं हो पायी और न हीं कोई समाधान निकल पाया। इधर, बीपीआरओ बलिराम प्रसाद ने बताया कि पंचायत में आमसभा से नाली के योजना को लेकर उसे ठीक कराया जा सकता है।

मोतिहारी-कोटवा बाइपास पथ में हरदिया नहर पुल के समीप नौ दिन पूर्व एसबीआई के एटीएम गार्ड से लूटी गई बाइक, मोबाइल व रुपये मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने बंजरिया थाना के चैलाहा बीन टोली बस्ती में छापेमारी की। जहां से एक युवक को पकड़ा गया। पकड़ा गया युवक रामन मुखिया का पुत्र छोटेलाल कुमार है। जिसके पास से पुलिस ने गार्ड की लूटी गई मोबाइल को बरामद किया है। पकड़े गए युवक से लुट की बाइक व अन्य सामान के बारे में गहन पूछताछ की। पकड़े गए युवक की निशानदेही पर पुलिस छापेमारी में जुटी हुई है। उक्त बरामदगी पुलिस ने लूटी गई मोबाइल के सर्विलांस के माध्यम से की है। को छोटेलाल अपना सिम डालकर प्रयोग कर रहा था। जिसके माध्यम से पुलिस उसके पास पहुंची। रघुनाथपुर ओपी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि माधोपुर के रहने वाले कमलेश कुमार एसबीआई के मीनाबाजार एटीएम में गार्ड का है। जिनकी बाइक, मोबाइल व अन्य सामान तीन जनवरी की रात हरदिया नहर पुल पर लूट लिया गया था। उन्होंने बताया की पकड़े गए युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

चम्पारण रेंज के डीआईजी प्रणव कुमार प्रवीण ने गुरुवार को पुलिस सभा भवन में पुलिस अधिकारियों के साथ छह घंटे तक एससी एसटी केस व बेतहर पुलिस को लेकर समीक्षा बैठक की। बेतहर पुलिसिंग को लेकर डीआइजी ने निर्देश दिया कि जो टॉप अपराधी है उसके घर पर हर रोज छापेमारी करें। उन्होंने कहा कि थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक वन टू टेन व टॉप फरार बदमाशों की सूची तैयार की जाये। वैसे बदमाशों की गिरफ्तारी अभियान चलाकर करें। जेल में किस तरह की अपराधी बंद है। उनकी बाहर में किस तरह की गतिविधियों है उस पर नजर रखें। समय पर जेल भी चेक होना चाहिए। बेतहर पुलिसिंग की पाठ पढ़ाने के बाद एससीएसटी कांडों की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि डेढ़ सौ केस पूर्व से पेंडिंग है जो निर्धारित साठ दिनों में अनुसंधान पूरा नहीं किया गया है। डीआईजी ने निर्देश दिया कि पुराने पेंडिंग केस का अनुसंधान एक सप्ताह के अंदर पूरा करें।

तीन दिवसीय राजस्व संग्रहण शिविर की तैयारी को लेकर गुरुवार को विद्युत उप शाखा केन्द्र आदापुर परिसर में जेई अभिमन्यु कुमार की अध्यक्षता में मानव बल व एमआरसी सहित अन्य कर्मियों की बैठक हुयी। बैठक में राजस्व वसूली के लिए पंचायतवार गठित टीमों को सप्ताह में प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार व रविवार को विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक राजस्व वसूली करने का निर्देश दिया गया। अभियान चलाकर अनपेड व डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की बिजली डिस्कनेक्ट व पेयी उपभोक्ताओं की संख्या में भी वृद्धि लाने का निर्देश एमआरसी एवं मानव बलों को दिया गया । बिल की राशि भुगतान नही करने की स्थिति में वैसे उपभोक्ताओं की हर हाल में विद्युत आपूर्ति बंद कर राशि वसूल करने की बात बतायी गई । जेई ने बताया कि उपभोक्ता से बकाये बिल की राशि वसूली के लिए विभाग अब योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने में जुट गया है। बकायेदार व डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की सूची बनाकर राशि भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वहीं अत्यधिक बिल बकाये वाले गांव टोलों को चिन्हित कर ट्रांस़फॉर्मर से आपूर्ति बंद कर राशि जमा करने के लिए प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों में जागरूकता पैदा किया जा रहा है। दर्जनों गांवों में डिफॉल्टरों को चिन्हित किया गया है जहां बिजली शीघ्र ही बंद कर राशि वसूल की जाएगी। मौके पर नथुनी कुमार, प्रवीण कुमार, संतोष कुमार, शर्मा प्रसाद यादव, अमित कुमार, प्रेमशंकर कुमार, बीरेंद्र सिंह, रवि कुमार, प्रदीप रजक, रामबाबु यादव, सूरज कुमार, राहुल ओझा, चंदन कुमार, गौरव कुमार आदि थे। यादव, हारून मियां, उमेश कुमार, विजय पंडित, लालबाबू कुमार सहित अन्य मौजूद थे।