बिहार राज्य के मोतिहारी में लम्बे अर्सेे के बाद जिले में कोरोना का टीका आ गया है। यह टीका 12 वर्ष के बच्चे को भी पड़ रहा है व बुस्टर डोज में भी दिया जा रहा है। डीआईओ डॉ. शरद चन्द्र शर्मा ने बताया कि कोरोना का टीका फिलहाल जिले में पहुंच चुका है। सदर अस्पताल परिसर में यह टीका रविवार को छोड़ 9 बजे दिन से अपराह्न 2 बजे तक दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो लोग कोविशील्ड या को वेक्सिन लिए हैं उन सबो को बुस्टर डोज में को वेक्सिन दिया जा रहा है।फिलहाल लोगों को टीका लेने में कोई परेशानी नही हो रही है। सुबह से सभी कर्मी टीकाकरण कार्य में लगे रहते हैं।

मोतिहारी में पांच थानों से निलंबित थानेदारों की जगह नये थानेदारों की पोस्टिंग कर दी गयी। एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि जितना ओपी अध्यक्ष अनिल कुमार को तुरकौलिया एसएचओ, नगर थाने के एसआई अमित कुमार को जितना ओपी अध्यक्ष, नगर थाने के एसआई विक्रांत सिंह को हरसिद्धि एसएचओ बनाया गया है।

जिले में संदिग्ध स्थिति में मौतों का सिलसिला पांच दिनों बाद थम गया है। बीते 24 घंटे में किसी की मौत की सूचना नहीं है। अब तक जिले में 41 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पुलिस प्रशासन ने 31 मौतों की पुष्टि की है। सदर अस्पताल में अभी एक बीमार का इलाज हो रहा है। वहीं, निजी अस्पतालों में नौ लोगों का इलाज हो रहा है। परिजनों का कहना है कि सभी की मौत शराब पीने के बाद हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार, दस शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाकी शवों का परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराये ही अंतिम संस्कार कर दिया। जिले के तुरकौलिया प्रखंड में सर्वाधिक 16, हरसिद्धि में दस व सुगौली में नौ और पहाड़पुर में छह लोगों की मौत हुई है। हरसिद्धि में सोनबरसा पंचायत के योगिया गांव निवासी मकुन मांझी(55) की मौत हो गयी। सभी मौतें चार प्रखंडों के पांच थाना क्षेत्रों में हुई है। एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मंगलवार को प्रभावित क्षेत्र रघुनाथपुर, तुरकौलिया, हरसिद्धि, पहाड़पुर व सुगौली से 26 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा गया है। मुख्य शराब तस्करों की तलाश में एसआईटी छापेमारी कर रही है। जिलेभर में छापेमारी अभियान के दौरान शराब से जुड़े 183 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 1816.65 लीटर देसी शराब, 51.97 विदेशी शराब, 66 लीटर ्िप्ररट व 2485 लीटर अर्द्धनिर्मित शराब बरामद की गयी है। अर्द्धनिर्मित शराब को विनष्ट कर दी गयी। मंगलवार को उत्पाद पुलिस ने तुरकौलिया थाने के बहुरूपिया गांव में छापेमारी कर एक टाटा मैजिक गाड़ी से भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस को देख धंधेबाज मैजिक गाड़ी सहित शराब छोड़कर भागने में सफल रहे। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि पूरे जिले में शराब धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाई जा रहा है। इसी दौरान इंस्पेक्टर एकरामूल हक व सबइंस्पेक्टर मनीष सर्राफ के नेतृत्व में छापेमारी कर एक टाटा मैजिक गाड़ी से 1019 बोतल यानी करीब 306 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई।

बिहार राज्य में जहरीली शराब के सेवन से 40 लोगों की मौत के बाद भी तुरकौलिया थाना क्षेत्र में शराब धंधेबाज सक्रिय हैं। शराब धंधेबाजों में पुलिस प्रशासन या कानून का कोई खौफ नजर नही आ रहा। तभी तो दिनरात पुलिस गश्ती के बीच धंधेबाज बेखौफ शराब की तस्करी में लगे हुए है। हाल की घटना के मद्देनजर उत्पाद पुलिस जिले भर में खासकर प्रभावित क्षेत्र में शराब बरामदगी व धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसी दौरान मंगलवार को उत्पाद पुलिस ने तुरकौलिया थाना के बहुरूपिया गांव में छापेमारी कर एक टाटा मैजिक गाड़ी से भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस को देख धंधेबाज गाड़ी सहित शराब छोड़कर फरार हो गया। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि पूरे जिले में शराब धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की अलग-अलग टीम गठित कर सघन छापेमारी की जा रही है।

जिले में हीट वेब का कहर बढ़ने से पारा 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। पहली बार अप्रैल माह में पछुआ हवा के थपेड़े से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जबकि विगत साल मई माह में तेज गर्मी का कहर शुरू होता था। गर्मी तेज पड़ने से लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी तेज होने से लोग दिन में पेड़ की छांव की तलाश रहे हैं। घरों से बाहर निकलने पर लोग छाता लगाकर दिन में चल रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ कोल्ड ड्रिंक्स की मांग बढ़ गयी है। लोग गर्मी से निजात के लिए ठंडई का इस्तेमाल कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 19.3 रिकॉर्ड किया गया है। जिले मेें पछुआ हवा 7.4 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बहती रही। गर्मी तेज पड़ने से हरी सब्जी,मक्का,गन्ना सहित अन्य फसल को नुकसान पहुंचने के कयास लगाए जा रहे हैं । किसानों को भीषण गर्मी से हरी सब्जी सहित अन्य फसल की सिंचाई के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी का सितम अभी जारी रहेगा। इधर केविके पीपराकोठी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि जिले में अभी गर्मी और बढ़ेगी। जिले में फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

इस वर्ष अधिक तापमान में एईएस का केस अधिक बढ़ने को लेकर डीएम ने समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में सीएस डॉ अंजनी कुमार, आईएमए अध्यक्ष डॉ आशुतोष शरण, एसीएमओ कुमार रंजीत राय ,डीपीएम ठाकुर वीर कुमार, डीआईओ डॉ शरद चन्द्र शर्मा, डॉ परवेज,आरबीएस के डॉ मनीष कुमार यूनिसेफ से धर्मेंद्र कुमार, पिकू वार्ड प्रभारी डॉ पंकज कुमार,डॉ कुमार अमृतांशु आदि ने भाग लिया। बैठक में बताया गया कि आरबीएस की 42 वाहनों से गांव गांव घूम कर चमकी बुखार से बचाव के लिये प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इलाज के लिये प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर दो , अनमंडलीय स्तर पर 4 व जिला स्तर पर 12 बेड एईएस के लिये तैयार है। दवा भी है। ओआरएस भी आशा कार्यकर्ता के माध्यम से बांटा जा रहा है। जानकारी डॉ मनीष कुमार ने दी। बताया कि हीट वेब चल रहा है। इससे बचाव को प्रचार प्रसार चल रहा है। बैठक में आईएमए अध्यक्ष से सहयोग की अपील की गयी। बचाव के कार्य में डाक्टर बचाव व उपचार का वीडियो बना प्रचार प्रसार कराएं।

मथुरापुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय चिवटाहां के शिक्षक मोहम्मद सेराज आलम को पंचायत नियोजन ईकाई ने निलंबन कर दिया है। बीईओ आशा कुमारी के पत्र के आलोक में पंचायत नियोजन ईकाई ने करवाई की है।स्कूल के एचएम नेयाज अहमद ने सूचना दिया है कि शिक्षक सेराज को पुलिस 29 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके कारण वे विद्यालय से अनुपस्थित है। बीईओ ने लिखा है कि बिहार विद्यालय सेवा नियमावली 2020 के आलोक में उनके खिलाफ करवाई किया जाय। मालूम हो कि शिक्षक सेराज के ग्रामीण कवलपुर में नरैन अनवर ने एफआईआर दर्ज कराया था। जिसमे शिक्षक सेराज सहित दस लोगों पर मारपीट करने और रुपये छीनने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने 29 मार्च को शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।

बिहार राज्य के जिले में सरकारी रेट की तुलना में मार्केट रेट अधिक होने से गेहूं अधिप्राप्ति को लेकर संशय है। खुले बाजार में 2200 रुपये से 2300 रुपए क्विंटल गेहूं किसान बेच रहे हैं। जबकि सरकार के द्वारा रबी विपणन 2023-24 के लिए 2125 रुपए क्विंटल गेहूं का सरकारी दर निर्धारित किया है। लिहाजा किसानों के द्वारा मार्केट में गेहूं बेचने पर उसे 75-175 रुपए प्रति क्विंटल अधिक प्राप्त हो रहा है। जिससे किसान क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए सरकारी पचड़े में जाने से बेहतर व्यवसायियों के हाथों गेहूं बेचना ज्यादा फायदेमंद मान रहे हैं। अभी क्रय केन्द्र नहीं खुले हैं। आगामी 20 अप्रैल से खुलेंगे। 30 जून तक गेहूं क्रय की अंतिम तिथि निर्धारित है। इतना ही नहीं किसान सरकारी दर पर गेहूं बेचने के लिए सहकारिता विभाग के पोर्टल पर निबंधन भी नहीं करा रहे हैं। जिससे कयास लगाया जा रहा है कि इस सीजन में क्रय केन्द्र पर गेहूं बेचने के बजाय खुले बाजार में ही किसान ज्यादा मुनासिब समझ रहे हैं। सरकार के द्वारा जिले को 5 हजार एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। लेकिन सरकारी स्तर पर तैयारी आधी अधूरी है। न तो टास्क फोर्स की बैठक हुई है और न लक्ष्य का प्रखंड वार विखंडन ही किया गया है। जिससे अभी तक यह भी नहीं तय हो पाया है कि कितने पैक्स को गेहूं खरीद के लिए चयन करना है। जबकि जिला कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष 1 लाख 28 हजार 573 हेक्टेयर में गेहूं की खेती हुई थी। जिला सांख्यिकी विभाग के पास फसल कटनी के बाद अभी उत्पादन का आंकड़ा प्रखंडों से प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन प्रति हेक्टेयर 32 से 35 क्विंटल उत्पादन की उम्मीद है। इससे इस साल 4.11 लाख टन उत्पादन की संभावना है। इधर डीसीओ आरएन पांडेय ने बताया कि गेहूं खरीद की तैयारी की जा रही है। टास्क फोर्स की बैठक में गेहूं क्रय की तैयारी संबंधी निर्णय ले लिए जाएंगे।

रक्सौल स्थित अनुमंडल अस्पताल में मंगलवार को एएनएम,आशा, सीएचओ आदि की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। अध्यक्षता अस्पताल के उपाधीक्षक सह पीएचसी प्रभारी डॉ राजीव रंजन कुमार ने की। बैठक के दौरान नियमित टीकाकरण के लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की समीक्षा की गई। नियमित टीकाकरण के सत्र स्थल का पर्यवेक्षण और संबंधित सत्र का सपोर्टिंग एप्स भरने के संदर्भ में सभी सीएचओ को प्रशिक्षण दिया गया। वहीं,गर्भवती महिलाओ ंके प्रथम व चतुर्थ एनएनसी जांच की समीक्षा की गई।संस्थागत प्रसव के लक्ष्य अनुरूप प्रगति व एनसीडी प्रोग्राम की समीक्षा की गई और प्रशिक्षण दिया। बैठक में टेली मेडिसिन प्रोग्राम की समीक्षा हुई। सर्वे व डॺू लिस्ट को अपडेट देने का निर्देश दिया गया।इस दौरान टेली मेडिसिन में बेस्ट फॉर्मेंस के लिए प्रतिनियुक्त चिकित्सक व नोडल डॉ विशाल कुमार उत्तम को प्रशस्ति पत्र दे कर सम्मानित किया गया। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ राजीव रंजन ने बताया कि देश में 60प्रतिशत मौत एनसीडी रोगों से होती है।इसलिए सरकार की तरफ से एनसीडी कार्यक्रम चलाया गया है।

बिहार राज्य के चकिया मे बीते बुधवार को हुए आईसीआईसीआई बैंक लूटकांड मेें पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस ने छापामारी कर मामले में करीब आधा दर्जन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।हालांकि पुलिस पकड़े गये संदिग्धों को लेकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है। चकिया मे ंहुए 48 लाख के बैंक लूट कांड में मुज्फ्फरपुर से हुई दो बदमाशों की गिरफ्तारी सहित करीब दर्जन भर बदमाशों को पुलिस हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है।बताया जाता है कि पुलिस मामले मे बेहद करीब पहुंच गई है और जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है।इधर सुत्रों की माने तो पकड़े गये बदमाशों से कुछ बरामद करने में भी पुलिस को सफलता मिली है।इधर मामले की संवेदनशीलता देखते हुए पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन कर सकती है। क्या था मामला - चकिया थाना क्षेत्र स्थित बजरंगी नगर मे स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा से पांच हथियारबंद लूटेरों ने दिनदहाडे बैंक से 48 लाख रुपये लूट लिए थे।