उत्पाद पुलिस ने तुरकौलिया के जयसिंहपुर बड़हड़वा गांव से शराब बरामदगी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उस खाद-बीज दुकान को सील कर दिया है, जिसके अंदर से 300 बोतल देसी शराब हुई थी। दो नामजद सहित गाड़ी के अज्ञात मालिक व चालक व अन्य पर एफआईआर दर्ज की गयी है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर एकरामूल हक व दारोगा मनीष सर्राफ के नेतृत्व में गठित टीम ने तुरकौलिया थाना के जयसिंहपुर बड़हरवा गांव में छापेमारी की। इस दौरान दिलीप सिंह के बैठका के सामने खड़ी गाड़ी के अंदर बने दो तहखाने से 739 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गयी। बैठका के अंदर रखी गयी पांच प्लास्टिक की बोरी से 300 बोतल तथा बैठका की पीछे पुआल के अंदर से तीन बोरी में रखी गयी 180 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गयी। दिलीप सिंह के उक्त परिसर से करीब 306 लीटर देसी शराब बरामद की गयी। जयसिंहपुर बड़हरवा निवासी भूलन सिंह के पुत्र दिलीप सिंह, गणेश सिंह के पुत्र अमरेन्द्र सिंह उर्फ भिखर सिंह, गाड़ी मालिक, चालक व अन्य अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गयी। है।
पूर्वी चम्पारण जिले में शराब कांड में 17 अप्रैल के पहले मरनेवालों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं रहने पर भी सरकार मृतक के आश्रित को मुआवजा देगी। लेकिन इसके लिए मृतक के परिजन को जिला प्रशासन को आवेदन देना होगा। जिसमें यह लिखना होगा कि वे शराबबंदी के समर्थन में हैं। इसके लिए वे अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे। इसके बाद डीएम के द्वारा जांच के बाद ही मुआवजा के लिए सरकार को अनुशंसा की जाएगी। लेकिन 17 अप्रैल के बाद शराब कांड में मृतकों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट अनिवार्य कर दिया गया है। अन्यथा मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलनेवाले 4 लाख रुपये अनुदान से वंचित होना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए बुधवार को रेड क्रॉस सोसायटी में बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय परामर्शदाता, प्रधानमंत्री टीवी मुक्त भारत अभियान के डॉ. धर्मा राव व विश्व स्वास्थ्य संगठन राज्य परामर्शदात्री यक्ष्मा विभाग के डॉ कुमार गौरव ने यक्ष्मा रोगियों के पोषाहार व निश्चय मित्र योजना के बारे में चर्चा की। वहीं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार के साथ रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ई विभूति नारायण सिंह ने कहा कि जिला यक्ष्मा विभाग व भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के बीच सामंजस्य स्थापित नहीं हो पाया है। रेड क्रॉस के अध्यक्ष का आरोप था कि उनके अथक प्रयास के बाद भी यक्ष्मा विभाग से अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हो पा रहा है। उन्होंने 275 लोगों को पिछले माह टीबी रोगियों को निश्चय मित्र योजना के तहत गोद लिया था। जिनमें194 व्यक्तियों को खाद्य सामग्री ,फूड बास्केट इत्यादि दिया गया। लेबिकन अभी 81 लोगों का सामान रखा हुआ है। अभी भी टीबी विभाग द्वारा मरीजों को नहीं बुलाया गया जिसके कारण वितरण नहीं हो सका है। बांटे गए खाद्य सामग्री का भी राज्य के पोर्टल पर पूरा नहीं दिखाया जा रहा है। राष्ट्रीय परामर्शदाता ने सभी समस्याओं को सुनने के बाद ललित कुमार को अभियान का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया। रेड क्रॉस सोसाइटी से सामंजस्य बना अभियान को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। विदित हो पिछले माह वर्ल्ड टीबी दिवस पर तत्कालीन डीएम शीर्षत कपिल अशोक द्वारा 70 लोगों को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में तथा दूसरे दिन अनुमंडल अधिकारी पकड़ीदयाल द्वारा 30 को पकड़ीदयाल ,मधुबन में विधायक राणा रणधीर सिंह के साथ 30 यक्ष्मा रोगी व ढाका में अनुमंडल अधिकारी के समक्ष 43 रोगियों को पोषण आहार व फूड बास्केट का वितरण किया गया।
खेलो इंडिया की नेशनल लेबल रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप के लिए मोतिहारी की बेबी कुमारी का चयन हुआ है। वह हरियाणा के रोहतक में दो दिवसीय (29-30 अप्रैल) खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग नेशनल लेबल (फाइनल) चैंपियनशिप में बिहार टीम के तरफ से अपनी खेल क्षमता दिखाएगी। शहर के मठियाडीह मोहल्ला निवासी व महिला कॉलेज की एनसीसी कैडेट बेबी का चयन पिछले दिनों झारखंड के गिरिडीह, बिहार के पटना व पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुए खेलो इंडिया ईस्ट जोन महिला रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। बेबी पूर्वी चंपारण जिला साइक्लिंग संघ की खिलाड़ी है। जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष डॉ अतुल कुमार ने खेलो इंडिया के नेशनल चैंपियनशिप के लिए बेबी कुमारी के चयन पर बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को किसी प्रकार की बाधा आगे बढ़ने से रोक नहीं सकती है। वह अपनी मेहनत से एक दिन बड़ा मुकाम हासिल करेंगी। जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सिद्धार्थ वर्मा के हवाले से मीडिया प्रभारी पंकज वर्मा ने बताया कि बेबी ने झारखंड में खेलो इंडिया के मैच में दो अलग-अलग इवेंट में दो गोल्ड मेडल जीतने के साथ 10-10 हजार का डेमो चेक व पटना में हुए खेलो इंडिया के मैच में दो अलग-अलग इवेंट में दो सिल्वर मेडल जीतने के साथ 6-6 हजार का डेमो चेक प्राप्त किया था। जबकि कोलकाता के मैच में दो अलग-अलग इवेंट में चौथे व पांचवें स्थान पर रहीं थी।
बीआरए बिहार विवि में विद्यार्थियों के लिए विद्यार्थी सेवा केंद्र खोला जाएगा। यूजीसी के निर्देश के बाद विवि प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। नई शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सेवा केंद्र खुलने जा रहा है। इस सेंटर में विद्यार्थियों की मानसिक और शारीरिक समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस केंद्र में विद्यार्थियों के तनाव को भी काउंसिलिंग के माध्यम से दूर किया जाएगा। बीआरएबीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो. अभय कुमार सिंह ने बताया कि यूजीसी के निर्देश पर विवि प्रशासन अमल करेगा। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष ध्यान विद्यार्थी सेवा केंद्र में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यूजीसी ने विश्वविद्यलायों को निर्देश दिया है कि इस सेंटर में ग्रामीण इलाके से विवि में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की समस्या का समाधान किया जाए। ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों के अलावा दिव्यांग छात्रों की समस्याओं को सुनने के बाद उसे हल किया जाए। प्रोफेसर होंगे सेंटर के निदेशक सेंटर के निदेशक प्रोफेसर रैंक के शिक्षक होंगे। ये प्रोफेसर साइकोलॉजी, फिजिकल एजुकेशन या सोशियोलॉजी विभाग के होंगे।
राजकीय मध्य विद्यालय केसरिया कन्या के बच्चों ने नव शैक्षणिक सत्र में अब तक पाठ्य पुस्तक उपलब्ध नहीं होने व शुद्ध पेयजल के अभाव को लेकर एमडीएम खाने से इनकार कर दिया। हुआ यूँ कि प्रतिदिन की भांति आज रा म विद्यालय केसरिया कन्या में खाना बनाया गया। जैसे ही खाने के लिए बच्चों को कहा गया पहले से ही गोलबंद बच्चों ने एक स्वर से खाना खाने से इनकार कर दिया। शिक्षकों द्वारा जब इसका कारण पूछा गया तो बच्चों द्वारा बताया गया कि अप्रैल महीना बीत रहा है । अब तक हम छात्र- छात्राओं को पाठ्य पुस्तक मुहैया नहीं कराई गई है, जिससे पढाई में दिक्कत हो रही है। साथ ही शुद्ध पेयजल का भी अभाव है। बार बार पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने पर भी कोई समाधान नहीं हुआ है। हालांकि विद्यालय के शिक्षकों द्वारा काफी समझाने बुझाने पर जूनियर वर्ग के बच्चों को तो भोजन करा दिया गया।परन्तु सिनियर वर्ग के बच्चों द्वारा भोजन करने से साफ साफ इंकार कर दिया गया। वरीय शिक्षक ओम प्रकाश सिंह व प्रधान शिक्षक वासुदेव राम ने बताया कि शुद्ध पेयजल की कमी व पुस्तकों की अनुपलब्धता को लेकर बच्चों ने भोजन से इंकार किया। विद्यालय की प्रधानमंत्री चांदनी कुमारी ने बताया कि स्कूल में तीन तीन चापाकल है, परन्तु पानी पीने लायक नहीं है। मीना मंच की उपाध्यक्षा रिया कुमारी ने कहा कि समस्याओं को लेकर डीईओ संजय कुमार से भी अनुरोध कर चुके हैं। डीईओ ने समाधान का भरोसा भी दिया परंतु समाधान नहीं हुआ।
एमएस कॉलेज के सभागार में 600 एनसीसी कैडेटों को जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उन्मुखीकरण किया गया। इस दौरान, राज्य प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम के पदाधिकारियों के द्वारा मादक द्रव्यों के सेवन नहीं करने, नशा/ मादक द्रव्यों के सेवन से हानि व ‘नशा को कहें ना’ से संबंधित शपथ ग्रहण तथा जागरूकता लाने के उद्देश्य से कैडेटों व अन्य छात्र छात्राओं का उन्मुखीकरण किया गया। प्राचार्य प्रो.(डॉ.)अरुण कुमार ने कहा कि नशे के सेवन से शरीर,आत्मा व बुद्धि का विनाश होता है।
चकिया नगर परिषद् क्षेत्र में जानलेवा एईएस-जेई रोग के रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभात फेरी को अनुमंडल पदाधिकारी एसएस पांडे ने हरी झंडी दिखा रवाना किया, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भीम कॉलोनी पहुंची। जहां मुहल्ला वासियों को इस रोग के प्रति जागरूक किया गया। अस्पताल परिसर से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंदन के नेतृत्व आयोजित प्रभात फेरी कार्यक्रम में नप क्षेत्र के लोगों को उक्त बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में एएनएम ट्रेंनिंग स्कूल की नामांकित प्रथम व द्वितीय वर्ष की छात्राएं व चिकित्सक सीडीपीओ, एलएस, सेविका तथा स्वास्थ्य कर्मी आदि ने भाग लिया।
ढाका थानान्तर्गत महुआवा गांव में सोमवार रात पूर्व एसपीओ शंभू पासवान को शराब तस्करों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। शंभू का इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। डॉक्टर ने पेट में लगी गोली निकाल दी है। घटना का कारण शराब तस्करी बताया जा रहा है। शंभू को पुलिस का मुखबिर बताया गया है। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मामले में विजय सहनी व काली सहनी को आरोपित किया जा रहा है। बेहोशी की हालत के कारण मामले में अभी तक जख्मी का कोई बयान नहीं आया है। होश आने के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। बताया गया है कि सोमवार रात करीब ढाई बजे नेपाल से शराब आने की खेप की सूचना देने के लिए शंभू पासवान बाइक से चौकीदार के यहां जा रहा था। तभी रास्ते में उसे शराब तस्करों ने गोली मार दी
शहर से सटे मजूराहा में हो रही पंचायती में हथियार लहरा रहे दो युवक पुलिस को देख हथियार फेंक फरार हो गये। पुलिस ने देशी कट्टा को जब्त कर युवकों में से एक के पिता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति उक्त गांव का सुखाड़ी सहनी है। वहीं फरार युवक शिवनाथ चौधरी का पुत्र सुनील चौधरी व गिरफ्तार व्यक्ति का पुत्र राकेश उर्फ निरहुआ है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि उन्ही के गांव की एक युवती साइकिल से किताब खरीदने शहर जा रही थी, जिसका वीडियो दोनों युवक बनाने लगे। लड़की ने विरोध किया तो उसकी पिटाई दोनों ने कर दिया। लड़की रोते बिलखते घर पहुंची। परिजनों ने रोने का कारण पूछा तो उसने सारी बात बता दी। इस घटना को लेकर गांव में ही पंचायती हो रही थी। पंचायती में दोनों युवक हथियार लहराते हुए पहुंचे। सूचना पर पहूंची पुलिस को देख दोनों युवक हथियार फेंक फरार हो गये। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर गाली गलौज कर रहे सुखाड़ी सहनी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। लड़की के मां के आवेदन पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि फरार दोनों युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
