सरकार द्वारा निर्धारित डेड लाइन पर गुरुवार से गेहूं की अधिप्राप्ति शुरू हो गयी है। जिले में 5 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। गेहूं खरीद के लिए टास्क फोर्स की बैठक कर वित्तीय वर्ष 2021-22 तक अंकेक्षित जिले में 272 समितियों का चयन किया गया है। प्रति समिति एक लॉट यानी 290 क्विंटल गेहूं खरीद का निर्देश दिया गया है। इस परिपेक्ष्य में समितियों को कैश क्रेडिट करने की प्रक्रिया की जा रही है।लेकिन सरकारी निर्देश के मुतलिक खरीद कार्य शुरू करने के दौरान महज दो किसान से करीब 50 क्विंटल ही गेहूं की खरीद की गयी है। किसानों का कहना है कि बाजार में गेहूं का रेट 2200 से 2300 रुपये क्विंटल है। जबकि सरकार के द्वारा महज 2125 रुपये क्विंटल दर निर्धारित किया गया है। जिससे सरकारी पचड़े में पड़ने से बेहतर किसान लोकल व्यापारियों के हाथों गेहूं बेचना ज्यादा श्रेयस्कर समझ रहे हैं। मार्केट रेट अधिक होने से जिले में लोकल व्यापारी गेहूं खरीदकर बाहर के बाजार में भेज रहे हैं। डीसीओ आरएन पांडेय ने बताया कि गेहूं की खरीदारी शुरू कर दी गयी है।

डीएम सौरभ जोरवाल ने गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय से सम्बन्धित आवश्यक पंजी व अन्य पंजी को देखा। डीएम ने मौजूद कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। डीसीएलआर शंकर शरण के साथ आरटीपीएस निरीक्षण किया । उन्होंने दलालों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत दी ताकि जरूरतमंद लोगों कोई असुविधा न हो। पुन डीएम ने निबंधन कार्यालय पहुंच काम से आये लोगों से कार्यालय के क्रिया कलापों से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त की। मौके पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल भूमि उप समाहर्ता के अलावा अनुमंडल कर्मी मौजूद

अब शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव कार्य में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है। इसकी शुरूआत प्रयोग के तौर पर शहर के लुअठहां क्षेत्र से की गयी है। यहां अधिकतर प्रशासनिक कार्यालय, आवास, पॉलिटेक्निक कॉलेज आदि स्थित है। मोतिहारी नगर निगम के प्रभारी नगर आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रयोग के तौर पर लुअठहां क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कार्य में स्वंय सहायता समूह की महिलाओं को लगाया गया है। इसकी शुरूआत शुक्रवार से हुई है। ताकि लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़े।

डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर महिला की ननद ने गुरुवार को थाना में आवेदन दिया है। जिसमें उसने विश्रामपुर दुबौली गांव के रहने वाले शंभू पासवान को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया की मामले में एफआईआर दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच में भेज दिया गया है। आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

शहर में लचर हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गयी है। इसके तहत नगर निगम ने दिशा-निर्देश जारी किया है। जिसका अनुपालन नहीं होने पर कार्रवाई होगी।आगामी 25 अप्रैल से इसको लेकर अभियान भी शुरू होने जा रहा है।जागरूकता के लिए माइकिंग भी करायी जाएगी। मुख्य पथ में उजली पट्टी के बाहर बाइक, गाड़ी खड़ी करने पर होगा जुर्माना शहर के मुख्य पथों में उजली पट्टी से मार्किंग की गयी है। मोतिहारी नगर निगम के प्रभारी आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि उक्त पट्टी से बाहर बाइक, गाड़ी, ढेला आदि नहीं लगाना है। इसी प्रकार दुकानदार भी दुकान से बाहर सड़क पर सामान फैला कर नहीं बेचेंगे। ऐसा करते पाये जाने पर वाहनों व सामान को जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। वाहनों को जब्त कर मुफस्सिल थाना में रखा जाएगा। जहां डीटीओ के द्वारा जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए 25 अप्रैल से अभियान शुरू होगा। इसके पूर्व लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग की जाएगी।

कोचिंग संचालकों को जीएसटी नंबर लेकर छात्रों से लिए गये शुल्क पर 18 प्रतिशत कर का भुगतान करना है। जो कोचिंग संचालक जीएसटी नंबर नहीं लिए हैं,उनको 15 दिनों की मोहलत दी गयी है। इस निर्धारित अवधि में कागजात तैयार कर जीएसटी नंबर लेना है। जो कोचिंग संचालक इस अवधि में जीएसटी नंबर नहीं कराएंगे उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार ने राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय कक्ष में बुधवार को कोचिंग संचालकों को दिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी के दायरे में अभी तक 35 कोचिंग को चिन्हित किया गया है। इसमें करीब एक दर्जन कोचिंग संचालक जीएसटी नंबर लेकर कर का भुगतान कर रहे हैं। लेकिन शेष कोचिंग संचालकों के द्वारा जीएसटी नंबर नहीं लिया गया है। वैसे कोचिंग संचालकों को जीएसटी नंबर लेने का एक मौका दिया गया है। इसके बावजूद जीएसटी नंबर नहीं लेने वाले कोचिंग पर छापेमारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि विगत दिनों तीन कोचिंग पर छापेमारी की गयी थी। उन कोचिंग का जीएसटी नंबर नहीं रहने पर करीब 12 लाख रुपये की पेनाल्टी लगायी गयी है। जिसका भुगतान करने का निर्देश दिया गया है। मौके पर सहायक राज्य कर संयुक्त आयुक्त जितेन्द्र कुमार, ललितेन्दु राय, राजकिशोर राम सहित कोचिंग संचालक उपस्थित थे।

चकिया थाना स्थित केसरिया रोड मे देवकृत पांडे ठाकुर सिंह कॉलेज में मंगलवार की देर रात चोरों ने कम्प्यूटर, मोटर सहित अन्य सामानो की चोरी कर ली। घटना को लेकर कॉलेज प्राचार्य संजय कुमार ने चकिया थाने में आवेदन दर्ज कराया है। दर्ज आवेदन के अनुसार अज्ञात चोरों द्वारा कॉलेज से कम्प्यूटर,पानी की मोटर तथा सीसीटीवी का सीडीआर चोरी किए जाने की बात कही गई है।चोरों ने कॉलेज के पास स्थित एक घर का ताला तोड़ चोरी का असफल प्रयास भी किया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्यवाई कर रही है।

शराब के धंधे पर रोक लगाने के लिए छापेमारी में तेजी लाएं। वाहनों की चेकिंग अभियान चलाकर शराब की बड़ी खेप की बरामदगी सुनिश्चित करें। शराब कारोबोरियों को गिरफ्तार करें। यह निर्देश मद्य निषेध,उत्पाद व निबंधन विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों को दिया। मद्य निषेध व उत्पाद विभाग के अधिकारियों,डीएम व एसपी के साथ हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि मोतिहारी शराब कांड में लिप्त दोषी व्यक्ति बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि शराब पर रोक लगाने के लिए छापेमारी में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों की चेकिंग अभियान चलाकर शराब की बड़ी खेप पकड़ी जाए। उन्होंने शराब कारोबारियों की गिरफ्तारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान चला शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया जाए । उन्होंने जमीनी स्तर पर शराब कारोबारियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने पूर्वी चम्पारण जिले में घटित घटना के मद्देनजर संबंधित पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि चिन्हित मृतकों के आश्रितों को 4 लाख अनुग्रह अनुदान की राशि मुहैया कराई जाएगी। मौके पर एडीजी मद्य निषेध, डीआईजी मद्य निषेध, डीएम सौरभ जोरवाल, पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्र, उप विकास आयुक्त समीर सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी सदर श्रेष्ठ अनुपम, एसडीपीओ आदि थे।

जिले में हीट वेब का कहर थम नहीं रहा है। पछिया हवा के जोर से गर्मी पूरे शबाब पर है। गर्मी का कहर इतना तेज है कि दिन के 10 बजे बाद से घरों से निकलना मुश्किल लग रहा है। दोपहर बाद तो तापमान का कहर इतना तेज हो जा रहा कि लोग घरों से बाहर निकलने में परेशानी अनुभव कर रहे हैं। मॉर्निंग स्कूल होने के बावजूद हीट वेब चलने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को हो रही है। भीषण गर्मी के कारण छतों पर रखी पानी टंकी का पानी भी गर्म होने से लोगों को पेयजल को लेकर परेशानी हो रही है। बुधवार को भीषण गर्मी के कारण पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 20 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का पूर्वानुमान है। 21-22 अप्रैल को 41 डिग्री सेल्सियस व 23 अप्रैल को तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हीट वेब को लेकर अलर्ट जारी किया है। इधर केविके के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि हीट वेब के कारण तापमान में वृद्धि का क्रम जारी है। अभी तापमान में और वृद्धि दर्ज की जाएगी।

हीट वेब को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल मोतिहारी के द्वारा सभी प्रखंडों में खराब पड़े चापकलों को मरम्मत कराने के लिए कवायद शुरू की है। सभी प्रखंडों में मिस्त्री सहित अन्य कर्मी तैनात किये गये हैं। चापाकल खराबी की शिकायत दर्ज कराने के लिए पीएचईडी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर इसका दूरभाष नंबर 06252-233374 जारी किया गया है। इस नंबर पर शिकायत दर्ज करायी जा सकती है। इसके अलावा पाइप जलापूर्ति में लीकेज आदि की समस्या होने पर इसकी भी शिकायत दर्ज करायी जा सकती है। शिकायत दर्ज कराने पर तुरंत संबंधित जगह मिस्त्री व कर्मी को भेजकर इसे ठीक कराया जाएगा। जिले में पीएचईडी के द्वारा करीब 32 हजार चापाकल लगाए गये हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए अबतक 595 चापाकलों की मरम्मत करा पेयजल व्यवस्था सुचारू किया गया है। पीएचईडी कार्यालय में खुले कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर पर 52 शिकायतें आयी है। सहायक अभियंता ई आलम ने बताया कि चापाकल की खराबी की सूचना कंट्रोल रूम के नंबर पर दे सकतें हैं।