जिलास्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन इंडोर एवं आउटडोर के खेलों का आयोजन क्रमशः इंडोर स्टेडियम एवं पोलो मैदान किया जायेगा। विभागीय निदेश के आलोक में 06 अनिवार्य खेल का आयोजन किया जायेगा। जो इस प्रकार है- फुटबॉल (बालक) अंडर-14/17/19, कबड्डी (बालक/बालिका) अंडर-14/17/19, बैडमिंटन (बालक/बालिका) अंडर- 14/17/19, एथलेटिक्स (बालक/बालिका) अंडर-14/17/19, वॉलीबॉल (बालक) अंडर-14/17/19, क्रिकेट (बालक) अंडर-14/17/19। जिला स्तरीय विद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सरकारी अथवा सीबीएससी/आईसीएससी से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को जिला खेल पदाधिकारी/उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, कार्यालय में पंजीकरण करा लेना होगा एवं विहित प्रपत्र में समुचित प्रविष्टि कराते हुए सभी प्रपत्र जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के वक्त खिलाड़ी का आधार संख्या/कार्ड अनिवार्य रूप से संलग्न किया जाय अन्यथा प्रतिभागिता संभव नहीं होगी। पंजीकरण व्यक्तिगत अर्थात खिलाड़ीवार होगा भले ही वे किसी खिलाड़ी-दल से ही संबद्ध क्यों न हो। बिना उपयुक्त पंजीकरण के किसी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जायेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि वे अपने स्तर से जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (सीबीएससी एवं आईसीएससी से मान्यता प्राप्त) को इस जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अनिवार्य प्रतिभागिता सुनिश्चित करायेंगे (केन्द्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन को छोड़कर) जिस विद्यालय की प्रतिभागिता किसी भी खेल विद्या में नहीं होगी, वहाॅ के प्रधानाध्यापक/शारीरिक शिक्षक इसके लिए दोषी माने जायेंगे। जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि 22 दिसम्बर 2021 तक अनिवार्य रूप से सभी प्रतिभागी पंजीकरण करा ले। 23 से 25 दिसम्बर 2021 तक खेल का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान साफ सफाई के संबंध में नगर निगम को तथा जीवन रक्षक दवा एवं फस्ट ऐड की व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य कार्यालय को निदेशित किया।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, मुंगेर द्वारा मुख्यमंत्री भिक्षावृत्ति निवारण योजना के तहत स्थानीय पोलो मैदान मुंगेर में स्वास्थ्य जांच सह दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन सहायक निदेशक श्रीमती अतुल कुमारी की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में सदर अस्पताल के चिकित्सकों के द्वारा लगभग 200 व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाई का वितरण किया गया। शिविर में लगभग 50 व्यक्तियों के दिव्यांगता का प्रमाणीकरण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र का लाभ दिया गया। बुनियाद संजीवनी सेवा के माध्यम से शिविर में नेत्र जांच, कान जांच की गई। शिविर में कोविड 19 का टीकाकरण किया गया। तकनीकी सहायक श्री धीरज मिश्रा के द्वारा शिविर में सामाजिक सुरक्षा निदेशालय से संचालित पेंशन योजना की जानकारी दी गई। मौके पर बुनियाद केन्द्र धरहरा के मैनेजर श्री इंद्रजीत कु0 गुप्ता उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन और एनीमियामुक्त भारत कार्यक्रम के प्रति जागरूकता को ले उन्मुखीकरण कार्यशाला - सदर अस्पताल के एएनएम स्कूल सभागार में उन्मुखीकरण कार्यशाला का सिविल सर्जन ने किया उद्घाटन - उन्मुखीकरण कार्यशाला में स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी हुए शामिल मुंगेर, 16 दिसम्बर । प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) और एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के प्रति जागरूकता को ले गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम स्कूल सभागार में उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गयी। उन्मुखीकरण कार्यशाला का उद्घाटन मुंगेर के सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र आलोक, डीपीएम नसीम रजि सिहित कई पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर तीन विभाग शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। जिला स्वास्थ्य समिति और सदर अस्पताल मुंगेर में पदस्थापित पदाधिकारी, डॉक्टर, एएनएम/जीएनएम , जिला के सभी सीएचसी/पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा के अलावा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, समाज कल्याण विभाग के तहत सभी प्रखण्डों में कार्यरत सीडीपीओ और एलएस आदि मौजूद थे। उन्मुखीकरण कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र आलोक ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम 10 अक्टूबर 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिला के रजिस्ट्रेशन से लेकर गुणवत्तापूर्ण सुरक्षित संस्थागत प्रसव, छह महीने तक मां और नवजात शिशु के स्वास्थ्य की सही देखभाल को सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिला की सम्मानपूर्ण तरीके से पूरी तरीके से निःशुल्क प्रसव सुनिश्चित करने के साथ ही अगले छह महीने तक मां और नवजात शिशु को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ताकि मातृ- शिशु मृत्यु को समाप्त करने के साथ ही उन्हें सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर और सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है। उन्मुखीकरण कार्यशाला में शामिल पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए डा नीलू ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत 100 परसेंट मैटरनल और चाइल्ड डेथ की रिपोर्टिंग और रिव्यु को सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं की 4 एएनसी जांच और 6 एचबीएनसी विजिट को सुनिश्चित करने के साथ -साथ सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए प्रशिक्षित डॉक्टर्स और नर्स की उपलब्धता भी सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही प्रसव बाद मां को तत्काल स्तनपान और नियमित टीकाकरण के लिए भी प्रेरित करना है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिला स्वास्थ्य समिति के जिला सामुदायिक उत्प्रेरक निखिल राज ने बताया कि गर्भवती महिलाओं सहित बच्चों एवं अन्य लोगों में खून की कमी या खून में हीमोग्लोबिन कि कमी होने के कारण एनीमिया की स्थिति पैदा हो जाती है। इसकी कमी से गर्भवती महिलाओं की मृत्यु तक हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए देश भर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ- साथ शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के कार्यरत समेकित बाल विकास निदेशालय (आईसीडीएस) के अधिकारी और कर्मचारी के रूप में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं। इसी को ले गुरुवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया है जिसमें सभी तीनों विभाग के पदाधिकारी और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा 5 साल से कम उम्र के बच्चों को आयरन की सिरप पिलायी जाती है। वहीं 5 से 9 साल के बच्चों को गुलाबी टैबलेट और 9 से 18 साल के बच्चों को नीली टैबलेट स्कूलों में शिक्षकों की निगरानी में खिलाई जाती है। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एएनएम और आशा जबकि घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा गर्भवती महिलओं एवं अन्य लोगों को आयरन की लाल टैबलेट खिलाई जाती है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में खून की कमी को दूर करते हुए मैटरनल डेथ को समाप्त करना है। इसके साथ बच्चे एवं अन्य लोगों को एनीमिया से बचाना है।
नल जल कनेक्शन में लगाया निजी मोटर तो होगी कार्रवाई देना होगा जुर्माना। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा अधिष्ठापित जलापूर्ति योजना मकवा ग्रामीण जलापूर्ति, असरगंज ग्रामीण जलापूर्ति, तारापुर ग्रामीण जलापूर्ति एवं खैरा बहुग्रामीणीय जलापूर्ति योजना के वितरण प्रणाली में कई लोगों द्वारा निजी मोटर पम्प लगाकर उपयोग किया जा रहा है। जिससे की सभी ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जनसंख्या ज्यादा होने के कारण जलापूर्ति सुचारू रूप से अंतिम छोर तक नहीं हो पा रही है। उपभोक्ता द्वारा अपना निजी मोटर पम्प एक सप्ताह के अंदर नहीं हटाया जाएगा तो विभागीय निदेशानुसार पांच हजार रुपये जुर्माना प्रशासनिक सहयोग लेते हुए सम्पत्ति को जब्त कर लिया जायेगा। उपभोक्ता द्वारा अगर जुर्माना की राशि भुगतान नहीं की जाती है तो सर्टिफिकेट वाद दायर करते हुए जुर्माना की राशि वसूली जायेगी और उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रांगण में गुरुवार को प्राकृतिक खेती करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव टेलीकास्ट प्रोग्राम दिखाया गया जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से 300 किसानों ने भाग लिया
डीएम नवीन कुमार ने गुरुवार को मुंगेर खगड़िया रेल सह सड़क पुल के अंतिम चरण के निर्माण कार्य को प्रगति को लेकर स्थल निरीक्षण किया। साथ में एनएचएआई के परियोजना निदेशक सूरज प्रकाश एवं एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। उन्होंने एजेंसी को कई आवश्यक निर्देश दिए। तकनीकी एवं मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग करके ससमय लोकार्पण करने की दिशा में सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। त्वरित ढंग से गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का निर्देश एजेंसी को दिया गया।
मुंगेर के जामिया रहमानी खानकाह में मास कम्युनिकेशन का 1 साल का डिप्लोमा कोर्स की शुरुआत गुरुवार को हो गई ।इसको लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्घाटन शरीयत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी ने किया
धरहरा (संवाददाता):-धरहरा प्रखंड स्थित लक्ष्मी नाट्य कला परिषद के मंच पर आज कांग्रेस कार्यकारी युवा जिला अध्यक्ष विकाश सिंह ने धरहरा प्रखंड युवा कांग्रेस कमेटी का गठन किया। कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष के पद पर अभिनव आनंद और अनमोल मिश्रा को मनोनीत किया गया। प्रखंड उपाध्यक्ष कन्हैया,अनिल बिंद,बरूण कुमार,शीलवंत सिंह, प्रखंड महासचिव रंजीत कुमार, गोविंद नारायण,ज्ञानी पासवान, प्रखंड सचिव विपुल कुमार, अमलेश कुमार,हिमांशु मिश्रा, मिथिलेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष पद पर मनोवर आलम को मनोनीत किया गया। मौके पर बंकिम सिंह,प्रभाकर सिंह सहित दर्जनों कांग्रेसी मौजूद थे। इस मौके पर कार्यकारी युवा जिला अध्यक्ष विकाश सिंह ने कहा कि जमीनी स्तर पर बूथ लेवल तक कांग्रेस के संगठन को खड़ा करने तथा राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने के लिए संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लोगों का सम्मान करती है कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान वार्ड स्तर तक चलाया जा रहा है जिससे प्रखंड में कांग्रेस पार्टी एक नई ऊंचाई पर पहुंचे। इस मौके पर दूरभाष के माध्यम से बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य डॉ समीर कुमार सिंह एवं मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक डॉ अजय कुमार सिंह ने मनोनीत सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना: प्रत्येक महीने 9 तारीख को होने वाले एएनसी जांच को ले एएनएम, बीसीएम एवं लैब टेक्नीशियन का उन्मुखीकरण कार्यक्रम - सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम स्कूल सभागार में उन्मुखीकरण कार्यक्रम, -प्रशिक्षकों ने दी हाई रिस्क प्रेग्नेंसी सहित अन्य तकनीकी जानकारी - एएनसी जांच के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी और सीवियर एनीमिक वाली गर्भवती महिलाओं को प्रत्येक महीने की 21 तारीख को किया जाएगा स्पेशल केयर मुंगेर 15 दिसम्बर। जिला के सभी अस्पतालों और सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अन्तर्गत प्रत्येक महीने होने वाले एंटी नेंटल केयर टेस्ट (एएनसी) जांच के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी), एचबी %, एचआईवी ,सिम्फिल्स, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज आदि के परीक्षण को गुणवत्तापूर्ण बनाने को ले सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम स्कूल सभागार में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्मुखीकरण कार्यशाला में हिस्सा लेने के लिए जिला के सभी अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम, ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर और लैब टेक्नीशियन को बुलाया गया था। उन्मुखीकरण कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिला स्वास्थ्य समिति मुंगेर के जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रजि ने बताया कि जिला के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में प्रत्येक महीने की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं का एंटी नेंटल केयर टेस्ट (एएनसी) टेस्ट किया जाता है। इस दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी टेस्ट, डायबिटीज, एचआईवी, ब्लड एनियमिक टेस्ट, सिम्फिल्स टेस्ट सहित कई टेस्ट किए जाते हैं । ताकि पता लगाया जा सके कि किसी गर्भवती महिला में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी या सीवियर एनीमिक का केस तो नहीं है । यदि एनीमिक लेवल 7 या उससे कम होता है तो उसे सीवियर एनीमिक केस में रखा जाता है। आज के उन्मुखीकरण कार्यशाला में शामिल एएनएम, बीसीएम और लैब टेक्नीशियन को एएनसी जांच को गुणवत्ता पूर्ण बनाने को ले विशेषज्ञ के द्वारा तकनीकी जानकारी दी जा रही है ताकि इस तरह का केस होने पर प्रत्येक महीने की 21 तारीख को इन सभी गर्भवती महिलाओं को बुलाकर उनका स्पेशल केयर करते हुए उनका ख्याल रखा जा सके ।ताकि आने वाली परेशानी से समय रहते हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के दौरान माता और नवजात शिशु दोनों को सुरक्षित बचाया जा सके । उन्मुखीकरण कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक के तौर पर मौजूद सदर अस्पताल मुंगेर में कार्यरत एनसीडी इंचार्ज सबा नाज़, आईसीटीसी इंचार्ज राजेश विश्वकर्मा और लेबर रूम इंचार्ज सिस्टर नीतू ने एएनसी जांच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों सहित तमाम तरह की तकनीकी जानकारियों से उपस्थित सभी एएनएम, बीसीएम और लैब टेक्नीशियन को अवगत कराया ताकि सही समय पर सही जांच रिपोर्ट मिलने के बाद गर्भवती महिलाओं को उसके अनुसार से देखभाल किया जा सके और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के दौरान भी सुरक्षित संस्थागत प्रसव को संभव बनाया जा सके। उन्होंने मैटरनल और चाइल्ड डेथ के रेट को कम से कमतर करने को ले सही एएनसी जांच को सबसे महत्वपूर्ण बताया ताकि गर्भावस्था की गंभीर जटिलताओं को समय रहते दूर करते हुए माता और शिशु कि प्राणों की रक्षा की जा सके। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति मुंगेर के जिला योजना समन्वयक विकास कुमार, जिला आरबीएसके समन्वयक डॉ. बिंदु, जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक शैलेन्दु कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
प्रेस विज्ञप्ति आज दिनांक 15.12.2021 को नवस्थापित जिला राजद कार्यालय किला क्षेत्र, मजार के पीछे जिला राजद के द्वारा भारत के पूर्व गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी का पुण्यतिथि मनाया गया इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ.देवकीनंदन सिंह जी के द्वारा पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि पटेल जी ने आजादी की लड़ाई में जिस प्रकार से अहम भूमिका निभाकर हिंदुस्तान को एक सूत्र में बांधने का जो उन्होंने काम किया यह निश्चित रूप से एक महान कार्य है आज देश उनके बताए रास्ते पर अगर चलता रहे तो निश्चित रूप से हिंदुस्तान विश्व गुरु बनेगा पुष्पांजलि सभा में मुख्य रूप से उपस्थित थे राज्य परिषद सदस्य नरेश सिंह यादव, प्रधान महासचिव प्रो. डॉ. बमबम यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर शब्बीर हसन, जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार सुमन, जिला उपाध्यक्ष संजय पासवान जी, जिला महासचिव रंजीत गुप्ता जी, जिला अध्यक्ष महिला सेल बबीता भारती जी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ राजू जी, एससी एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अशोक रजक जी, वरिष्ठ राजद नेता नागेश्वर यादव,जिला महासचिव भाबानंद कुशवाहा जी, युवा राजद के महासचिव प्रफुल्ल गुप्ता जी सहित दर्जनों राजद के कार्यकर्ता साथी गण उपस्थित थे.
