रफीगंज के कियाखाप गांव के पास से ओवरलोड गिट्टी लदा हाईवा को खनन विभाग ने जब्त किया है। खनन इंस्पेक्टर अभिमन्यु कुमार ने बताया कि सुचना के आधार पर एक हाईवा को ओवर लोड गिट्टी लदा पाया, जिसे जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रफीगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि खनन इंस्पेक्टर अभिमन्यु कुमार के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को उपहारा थाना क्षेत्र के निमड़ा गांव में अचानक आग लगने से छह बीघे का पुआल व डीजल पंपिग सेट जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार पीड़ित किसान अनिल सिंह का छः बीघे का पुआल व पास में ही डीजल पंपिंग सेट रखा हुआ था। इसमें अचानक आग लग गई। एकाएक आग की लपटें तेज हो गईं। इसे देखकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन प्रयास असफल रहा।
देवकुंड प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत रहे प्रभारी प्रधानाध्यापक स्व. शंकर चौधरी के पुत्र सूरज कुमार चौधरी ने खुद को स्व. प्रभारी के दूसरी पत्नी से उत्पन्न पुत्र होने का दावा करते हुए डीएनए जांच करवाने की बात कही है। मामले में बताया जाता है कि देवकुंड निवासी स्व. चौधरी ने अपने जीवन काल में दो शादियां किया था। पहली पत्नी शिताबी देवी व दूसरी पत्नी सेमफुल देवी जो रिश्ते में अपनी सगी बहन बताई जाती है। उसने बताया कि पिताजी की संपत्ति में कहीं हिस्सेदार न बन जाऊं इसलिए मेरी सौतेली मां ने परिवारिक सूची से हम दोनों भाई-बहन का नाम हटवाने के लिए तरह-तरह की ड्रामा नाटक कर रही है। सूरज ने बताया कि बिना जानकारी के दैनिक समाचार-पत्रों में और कम मानसिकता वाले नेताओं द्वारा गलत अफवाह राजस्व कर्मचारी विनय कुमार पर फैलाई गई है जो सरासर ग़लत है। उसने वास्तविकता की जांच पड़ताल स्थानीय स्तर से कराने की मांग किया है। वहीं गोह अंचलाधिकारी से पारिवारिक सूची में नाम दर्ज करने का भी अपील किया है।
दाउदनगर अंचल कार्यालय में डाटा इंट्री ऑपरेटर के रूप में कार्यरत देव प्रखंड के सड़कर गांव निवासी विजय कुमार को धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना शुक्रवार की बताई जाती है। वे अंचल कार्यालय दाउदनगर में ऑनलाइन दाखिल खारिज काउंटर पर कार्यरत हैं। भगवान बिगहा निवासी एक व्यक्ति और निमा निवासी एक व्यक्ति ने कार्यालय कक्ष में पहुंचकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली गलौज करते हुए उन लोगों के काम नहीं किए जाने पर जान मारने की धमकी दी गई।
ओबरा प्रखंड के कंचनपुर पंचायत के लाला बिगहा निवासी रंजीत पासवान के लगभग छः बिगहा खेत का पुआल एवं तेजपुरा पंचायत के सोहर बिगहा गांव निवासी युगल पासवान के लगभग चार बिगहा खेत का पुआल में अचानक आग लगने से जलकर राख हो गई।
दाउदनगर शहर के मौलाबाग स्थित बालिका इंटर स्कूल में इंटरमीडिएट परीक्षा का आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसका उद्घाटन गुरुवार को नगर परिषद दाउदनगर के ईओ संजय उपाध्याय ने किया। केंद्राधीक्षक ने बताया कि दाउदनगर में इस परीक्षा केंद्र को आदर्श परीक्षा केंद्र बनाया गया है।यहां 1500 छात्राओं का परीक्षा केंद्र है।
हसपुरा प्रखंंड में प्रभारी सीओ डॉ शोभा कुमारी ने आठ भूमिहीनों के बीच आवास बनाने के लिए पर्चा वितरण किया। प्रभारी सीओं ने कहा कि आवास बनाने के लिए वैसे लोगों को जमीनी पर्चा दिया गया है जिनके पास अपने घर बनाने के लिए जमीन नहीं थी।
गोह प्रखंड के पुंदौल में गुरुवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महामंत्री बिकू त्रिपाठी ने किया जबकि संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने किया। पुंदौल गांव निवासी नित्यानंद त्रिपाठी व पुनम देवी के पुत्र प्रकाश त्रिपाठी को बीपीएसी 68वीं परीक्षा में उत्तीर्ण होने और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (एससी-एसटी) बनने को लेकर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने इलाके के विद्यार्थियों को लगन के साथ पढने और असफलता की घड़ी में भी धैर्य धारण कर निरंतर परिश्रम करने की सीख दी।
दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के भखरुआं मोड़ पर एक पान दुकान की गुमटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नगद समेत हजारों रुपए की संपत्ति चुरा ली। पान दुकानदार मधु चौरसिया ने बताया कि जब गुरुवार की सुबह वे अपना दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला।
हसपुरा अंचल कार्यालय में पदस्थापित आरओ डा.शोभा कुमारी को सीओं पद में प्रोन्नति सरकार के राजस्व विभाग ने दी है। जिसे लेकर जनप्रतिनिधियों में हर्ष है। सीओ पद पर प्रोन्नति मिलने से लोगों ने हर्ष जताते हुए कहा कि उनकी कार्य कुशलता काफी बेहतर रहा है।
