शिकारगंज थानान्तर्गत चमही गांव निवासी विनय सिंह ने ढाका थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी राजकुमार सिंह उर्फ अप्पु सिंह, जमुना सिंह, अजय सिंह, पप्पु सिंह, नीलूू देवी व सिकील देवी पर साढ़े छह लाख रुपये लेकर उसे वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। इसमें उन्होंने कहा है कि करीब एक साल पूर्व ढाका में श्वेता मेडिकल पर उक्त लोगों ने साढ़े छह लाख रुपये लिया और झांसा दिया कि दो माह के अंदर उक्त रुपये वापस कर दूंगा। अगर वापस नहीं किया तो जमीन रजिस्ट्री करने की बात कही। जब उक्त रुपये की मांग करने लगा तो 2 नवम्बर को साढ़े छह लाख का चेक निर्गत कर दिया लेकिन चेक को बैंक में जमा करने पर खाते में रुपये नहीं होने पर उसे वापस लौटा दिया गया।

सड़क, नाला व सफाई के साथ साथ सबका साथ व सबका विकास करना मुख्य प्राथमिकता होगी। उक्त बातें नगर पंचायत अरेराज के मुख्य पार्षद अमितेश कुमार पांडेय उर्फ रंटू पाण्डेय ने कही। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य है कि नगर पंचायत के सभी चौदह वार्डो की सड़कें पक्की हों। सभी घरों तक पक्का व स्लैब युक्त नाला की पहुंच हो। सड़कों व गलियों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। मुहल्लों में मच्छर से बचाव के लिए फॉगिंग होगा।घरों को शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए कदम उठाये जायेंगे। वंचित लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, निशक्तता पेंशन, राशन कार्ड आदि का लाभ मिले इसके लिए पहल होगी। किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव नहीं होगी।

मोतिहारी महात्मा गांधी केंद्रीय विवि अंतर्गत प्रबंधन विज्ञान विभाग में तृतीय सेमेस्टर के छात्र सुनित तिवारी ने सफलता का परचम लहराया है। देश की इंडियामार्ट में सुनित को पदाधिकारी के रूप में नियुक्ति मिली है।कंपनी में वे एग्जीक्यूटिव क्लाइंट सर्विसिंग के पद पर कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद विवि परिवार में हर्ष व्याप्त है।यह जानकारी प्रबंधन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.प्रो. पवनेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन कर सुनित ने यह उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने सुनित को अपने यहां सेवाएं देने के लिए सहमति पत्र दे दिया है।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के जिला स्कूल स्थित चाणक्य परिसर (संस्कृति संकुल ) में जंतु विज्ञान विभाग में नए सत्र 2022-23 में नामांकित छात्रों के लिए फ्रेशर्स पार्टी ‘कनिष्ठोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में नव नामांकित स्नातकोत्तर छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति के द्वारा सबका मन मोह लिया। कनिष्ठोत्सव को सम्बोधित करते हुए जंतु विज्ञान विभाग के डीन प्रोफेसर आर्तत्रण पाल ने विद्यार्थिओं के उज्जवल भविष्य की कामना की । वहीं, जीवन में उत्कृष्ट कार्य क्षमता विकसित करने के लिए अनेकों टिप्स दिए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष सह मुख्य प्रॉक्टर प्रो प्रणवीर सिंह ने कहा कि जीवन में एकाग्रता तथा निरंतरता के द्वारा किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सच्चाई व सफाई पर भी ध्यान देने को कहा। साथ ही विभाग के अन्य प्राध्यापक डॉ प्रीति बाजपेई , डॉ श्याम बाबू प्रसाद , डॉ कुंदन किशोर रजक , डॉ अमित रंजन , डॉ बुद्धि प्रकाश जैन ने विद्यार्थिओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन मिस्टर व मिस फ्रेशर के चयन के साथ हुआ। मिस्टर फ्रेशर प्रशांत कुमार को तथा मिस फ्रेशर प्रियदर्शिनी मिश्रा को चुना गया।

चकिया प्रखंड स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता को सफल बनाने को लेकर बीडीओ अब्दुल कयूम की अध्यक्षता में एक बैठक बीआरसी में शनिवार को हुई। बैठक में शारीरिक शिक्षकों समेत सभी मध्य, उच्च विद्यालय व उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रखण्ड में 20 जनवरी तक कराया जाना है। बीडीओ अब्दुल कयूम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अंडर ,14,17,19 आयु वर्ग के बच्चों के बीच एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल प्रतियोगिता होगा।

रक्सौल बॉर्डर स्थित आईसीपी में तैनातउ एसएसबी 47 वीं बटालियन के जवान सुदेश पाल के शव को पूरे सम्मान के साथ उनके घर भेजा गया। मृत जवान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी तिलक राम के पुत्र थे। घटना की बाद एसएसबी आईसीपी कैंप में शोक व्याप्त है। विदित हो कि जवान की मौत शुक्रवार अहले सुबह संदिग्ध अवस्था में आईसीसी गेट 3 नंबर के पास हो गई। जवान को आईसीपी गेट नंबर 3 के पास अचेत अवस्था में लुढका पाया गया। एसएसबी सूत्रों के अनुसार बेहोश जवान को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय डंकन अस्पताल में लाया गया। जहां जांच इलाज के उपरांत उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। समझा जाता है कि एसएसबी जवान की मौत ठंड लगने से हुई है। घटना की पुष्टि हरैया थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि एसएसबी की ओर से एक आवेदन दिया गया है।

 पंद्रह जनवरी रविवार को मंकरसंक्रांति को लेकर नगर से लेकर गांवों तक में एक त्योहार का माहौल बन गया है। जिधर देखा जाय उधर लाई,तिलवा बनाने की जोरदार तैयारी चल रही है। इसके लिए लोग आवश्यक खरीदारी में भी जुटे हुए हैं। नगर के बाजारों में लाई, तिलकुट व तिलपापड़ी की बहुत डिमांड है। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों तक लाई व तिलकुट की एक अलग किस्म की सोंधी खुशबू फैली हुई है। संक्रांति को लेकर नगर के जानपुल चौक,गांधी चौक,छतौनी चौक,कचहरी चौक, बलुआ बाजार, हेनरी बाजार,कुंआरी देवी चौक व मीना बाजार में तैयार लाई अस्सी रु. प्रति किलो,तिलवा 180 रु.प्रति किलो से 200रु.किलो की दर से बिका। वहीं कच्चा हल्दी साठ रु.किलो,अदरख अस्सी रुपये से एक सौ रुपये किलो,साधारण चूड़ा पचास रु.किलो,मिर्चा चूड़ा नब्बे रुपये से एक सौ रु.किलो,गुड़ पचास रु.किलो तथा उड़द का दाल एक सौ बीस रु.किलो की दर से बिक रहा है। दही की हुई खूब खरीदारी दही चूड़ा खाने व खिलाने के लिए लोगों ने दही की खरीदारी खूब की । वहीं नगर के अधिकतर मिष्टान्न भंडारों में दही के आर्डर दिये गये हैं। पर्व को लेकर नगर के बाजारों में मिर्चा का चूड़ा एक सौ बीस रुपये किलो, गुड़ पचास रुपये किलो, खुला लाई अस्सी रुपये किलो, चूड़ा साधारण चालीस से पचास रुपये किलो, कच्चा हल्दी रुपये किलो, अदरख साठ रुपये किलो, उड़द की दाल डेढ़ सौ रुपये किलो,काला तिल डेढ़ सौ रुपये किलो तथा उजला तिल एक सौ सत्तर रुपये किलो की दर से खूब बिका।

सर्दी का कहर झेल रहे लोगों को धूप निकलने से काफी सकुन मिला है। शनिवार को सुबह से ही खिली धूप को देख लोग काफी खुश हुए। दिन चढ़ने के साथ लोग घर से बाहर निकलने लगे। लोग अपने छत पर आकर धूप का लुत्फ उठाने लगे। इससे लोगों की दिनचर्या सामान्य हो गयी। धूप निकलने से वृद्ध व बच्चों को ठंड से काफी राहत मिली है। कड़ाके की ठंड से दिनभर गर्म वस्त्र पहनने से लोगों को छुटकारा मिला। धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि दिनभर रूक रूककर पछिया हवा चलती रही। इससे थोड़ी कनकनी बरकरार रही। विगत बीस दिनों से कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों को धूप निकलने से काफी राहत मिली है। इधर मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया कि पछिया हवा चलने से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। अगले एक दो दिन में घना कोहरा छाने की अनुमान है। उसके बाद कोहरा कम होने का पूर्वानुमान है।

बिहार के शिक्षा मंत्री डा चंद्रशेखर के राम चरित्र मानस जैसे हिन्दुओं के पवित्र ग्रंथ पर दिया गया विवादित बयान से बिहार अपमानित हुआ हैै। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद डा संजय जयसवाल ने रक्सौल के पोस्ट ऑफिस चौक पर शनिवार को भाजयुमो के तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कही। इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। चौराहे पर बिहार के शिक्षा मंत्री के विरोध में प्रदर्शन किया। अध्यक्षता भाजयुमो के जिला अध्यक्ष प्रो मनीष दुबे ने की। भाजपा विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने कहा कि डा चंद्रशेखर जैसे नेता ही देश को बांटने का प्रयास करते हैं व मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के कारण हिंदुओं को अपमानित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।

सरकारी कर्मियों सहित बोर्ड,निगम,डिग्री कॉलेज के प्रिंसपल को चल अचल संपत्ति का ब्योरा उपलब्ध कराना होगा। चल अचल संपत्ति की विवरणी नहीं जमा कराने पर वेतन रुक जाएगा।15 फरवरी तक जिला स्थापना शाखा में चल अचल संपत्ति का ब्योरा जमा कराना होगा। चल अचल संपत्ति को ब्योरा नहीं जमा कराने पर फरवरी माह का वेतन नहीं मिलेगा। इसको लेकर डीएम ने निर्देश जारी किया है। बताया गया है कि चल अचल संपत्ति का ब्योरा जमा कराने के बाद इसे 28 फरवरी को अपलोड कर सार्वजनिक किया जाएगा।