बापूधाम मोतिहारी रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने चकिया थाना के पुरनछपरा बाजार पर छापेमारी कर ई रेल टिकट बनाने वाले तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। इनके पर से अलग-अलग यूजर आईडी पर निर्गत 32 पास्ट एवं फ्यूचर ई टिकट बरामद हुआ है। ई टिकट बरामद होने के बाद आरपीएफ टीम ने उनके साइबर कैफे से दो लैपटॉप, एक कम्प्यूटर, प्रिंटर व चार मोबाइल को जब्त कर तीनों के संचालक को गिरफ्तार कर लिया। बापूधाम मोतिहारी आरपीएफ पोस्ट कमांडर पंकज गुप्ता ने बताया कि मुख्यालय से प्राप्त सूचना के आलोक में सीआइबी रक्सौल व मोतिहारी आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर शाम जुरनछपरा बाजार पर छापेमारी की। बाजार के चुन्नू बाबू मार्केट स्थित सुभम साइबर कैफे से 10 ई टिकट के साथ कल्याणपुर थाना के सिरसिया निवासी संचालक राज कुमार, उसी मार्केट स्थित गणपति मोबाइल सेंटर से 08 ई टिकट के साथ सिरसिया निवासी संचालक गुड्डू कुमार तथा उसी मार्केट के बाला जी मोबाइल सेंटर से 14 ई टिकट के साथ वहीं के चन्दन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। एफआईआर दर्ज कर शुक्रवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी टीम में पोस्ट कमांडर के साथ कांस्टेबल अंकेश गुंजन, मयंक कुमार व सीआइबी रक्सौल के इंस्पेक्टर शामिल थे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर 6 सूत्री लम्बित मांगों पर अबतक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं करने से बैंक कर्मियों ने गांधी चौक पर शुक्रवार को आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। 30-31 जनवरी को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल की सफलता के लिए नारे लगाए। हड़ताल के कारण 26 से 31 अर्थात छह दिनों के बीच 27 जनवरी को मात्र एक दिन के लिए बैंक खुलेगा। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवकाश के बाद एक दिन के लिए 27 को बैंक खुलेगा। 28 को चौथे शनिवार तथा 29 को रविवार का अवकाश के साथ ही 30-31 की हड़ताल के कारण स्टेट बैंक के साथ ही अन्य व्यावसायिक बैंक भी लगातार चार दिन बैंक बन्द रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स पूर्वी चम्पारण के संयोजक डीएन त्रिवेदी ने बताया कि मांग में मुख्य रूप से 5 दिवसीय बैंकिंग, पेंशन अपडेशन, एनपीएस के बदले पुरानी पेंशन लागू करने, वेतन पुनरीक्षण और सभी संवर्गों में पर्याप्त भर्ती मांगों करना शामिल है। प्रदर्शन में भूषण कुमार, विकास रंजन, पंकज श्रीवास्तव, धनंजय भारती, सुरेन्द्र सिंह, अमित कुमार, चन्द्रभूषण तिवारी, अजय सिंह आदि थे।
छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर मोहल्ले में बच्चों के विवाद को लेकर अभिभावक उलझ गये और फायरिंग कर दी। फायरिंग में अभिषेक कुमार सिंह के सिर को छूते हुये गोली निकल गयी। सिर में जख्म हुआ है। परिजनों ने इलाज के लिये उसे छतौनी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। जख्मी के बयान पर सात नामजद व बारह अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। इंस्पेक्टर विजय कुमार का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर विशाल कुमार व आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अन्य आरोपिताें की खोज में छापेमारी जारी है। जख्मी अभिषेक ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि 19 जनवरी की शाम पांच बजे बच्चाें के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद अभिषेक के साथ मारपीट की जाने लगी। वहां से वह भागते हुये अपने संबंधी सुरेन्द्र कुमार सिंह के घर में छिप गया तो आरोपितों ने घर पर भी धावा बोल चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। छोटे भाई सुराज कुमार को पीटने लगा। पॉकेट से नगद पांच हजार रुपये छीन लिया। दूसरे दिन अभिषेक अपने संबंधी सुरेन्द्र सिंह के साथ थाने में केस करने जाने वाला था कि आरोपितों ने फिर घर पर धावा बोल दिया। आरोपित किशन साह ने पिस्टल से गोली चलायी जिससे वह जख्मी होकर गिर पड़ा। परिजनाें व मोहल्ले के लोगाें ने उसे इलाज के लिये निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जख्मी के बयान पर किशन साह, राजा साह, विपिन सहनी, धनु सहनी, कच्छा मियां, विशाल कुमार व आकाश कुमार तथा बारह अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।
जिले के करीब दो सौ डाक्टरों की क्लिनिक व नर्सिंग होम पर प्रदूषण बोर्ड पटना की कार्रवाई हो सकती है। इसको लेकर सीएस कार्यालय से प्रथम फेज में इन क्लिनिक व नर्सिंग होम के नामों के सूची बिहार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजी गयी है। जानकारी के अनुसार जिले में चल रहे डॉक्टर की क्लिनिक व नर्सिंग होम को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रमाण पत्र लेने का निर्देश दिया था। इसके लिये 15 दिसम्बर तक समय सीमा निर्धारित की गयी थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्रमाण पत्र नहीं लेने वालों की सूची सीएस कार्यालय से मांग की थी ताकि ऐसे क्लिनिक व नर्सिंग होम पर कार्रवाई की जा सके। इसकी सूची प्रखंड स्तर से आनी शुरू हो गयी है। अभी तक तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से सूची आयी है जिसमें करीब दो सौ डॉक्टरों की क्लिनिक व नर्सिंग होम का नाम शामिल है जो अभी तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्रमाण पत्र नहीं लिया है। जिसकी सूची प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पटना को सीएस कार्यालय से भेजी गई है । साथ ही सीएस ने ऐसे क्लिनिक व नर्सिंग होम पर कार्रवाई करने का निर्देश भी चिकित्सा प्रभारियों को भेजा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार सुगौली, रक्सौल व हरसिद्धि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से रिपोर्ट आयी है। अभी 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से रिपोर्ट आना बाकी है। बताया जाता है कि जिले में करीब 42 सौ डॉक्टरों की क्लिनिक व नर्सिंग होम है। जिसमें आयुर्वेदिक व एलोपैथिक व होम्योपैथिक डॉक्टर हैं। जिसमें मात्र 315 का रजिस्ट्रेशन पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से है। जिसमें एलोपैथिक डॉक्टर की अधिक है।
सरकारी कार्य में लापरवाही व असंसदीय भाषा का प्रयोग करने के विरूद्ध कोटवा सहकारिता पदाधिकारी विकास कुमार ठाकुर के निलंबन की अनुशंसा की गयी है। कोटवा बीडीओ सह चार्ज पदाधिकारी के रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए डीएम सह प्रधान गणना पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने बीसीओ को निलंबित करने की अनुशंसा करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में बताया गया है कि बीसीओ को आईटी कोषांग का प्रभारी बनाया गया था। ये न तो बैठक में भाग लेते हैं और न इनके द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन ही किया जा रहा है। उन्होंने शोकॉज का भी जवाब नहीं दिया है।
जिले के महिला भिक्षुकों की जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए स्किल डेवेलपमेंट को ले शांति कुटीर का निर्माण होगा। शांति कुटीर 25 बेड का होगा। इसमें महिला भिक्षुकों के आवासन, खाने पीने से लेकर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करायी जाएगी। इसके लिए जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने किराये के मकान की तलाश शुरू कर दी है। जिसमें महिला भिक्षुकों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। भिक्षावृति से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार ने जिले के महिला भिक्षुकों के लिए कई सुविधाएं मुहैया कराएगी। जिले में कराए गये सर्वे में 500 से अधिक भिक्षुकों का चयन किया गया है जिसमें महिला भिक्षुक भी शामिल हैं। महिला भिक्षुकों का चयन करेगी एजेंसी जिले के 25 महिला भिक्षुकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अधिकृत एजेंसी के माध्यम से महिला भिक्षुकोें का चयन किया जाएगा। इसमें वैसे महिला भिक्षुकों का चयन किया जाएगा जो निराश्रित होंगी। असहाय महिला भिक्षुकों का ही चयन किया जाएगा। जिनके पास रहने को अपना घर होगा,वैसे महिला भिक्षुकों का चयन नहीं किया जाएगा। शांति कुटीर में रहने पर दिलायी जाएगी ट्रेनिंग महिला भिक्षुकाें के चयन के बाद उनका स्किल डेवेलपमेंट के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इन महिलाओं के हुनर के अनुसार उन्हें खिलौना बनाने, सिलाई कटाई व बुनाई आदि का प्रशिक्षण दिलायी जाएगी। हुनरमंद बन ये महिला भिक्षुक रोजगार से जुड़ सकेंगी। ये शांति कुटीर में रहते हुए रोजगार से जुड़ कमाई भी कर सकेंगी।
महिला प्रताड़ना के आरोपित समेत 47 आरोपितों को पिछले चौबीस घंटे में गिरफ्तार किया गया है। वहीं पांच थाना क्षेत्रों से देसी व विदेशी शराब बरामद की गयी है। एसपी कांतेश कुमार मिश्र का कहना है कि छतौनी, रक्सौल, कुंडवाचैनपुर, जितना, मुफस्सिल थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 337 लीटर देसी शराब, दो बाइक व एक साइकिल बरामद की गयी है। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों से साढ़े छह हजार रुपये जुर्माना वसूल किये गये हैं।
बिहार के शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर द्वारा रामचरित मानस एवं तुलसीदास पर अभद्र टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को विश्व हिन्दू परिषद, बिहार एवं झारखंड के सम्पर्क प्रमुख सह विधि प्रकोष्ठ बिहार एवं झारखंड प्रमुख अशोक कुमार उर्फ अशोक कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में परिवाद पत्र दाखिल किया है। न्यायमूर्ति ने पंजीकृत कर 23 जनवरी को सुनवाई का तारीख निर्धारित किया है। गौरतलब हो कि शिक्षा मंत्री ने ग्यारह जनवरी को हिन्दुओं के आस्था पर कुठाराघात कर रामचरित मानस एवं तुलसीदास पर नफरत ़फैलाने की टिप्पणी की थी।
मोतिहारी डीडीसी समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला उद्योग केंद्र मोतिहारी के तत्वावधान में उद्योग विभाग से संबंधित योजनाओं में ऋण स्वीकृति व भुगतान कार्य में प्रगति को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई । प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ,प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना,मुख्यमंत्री उद्यमी योजना,स्टार्टअप पॉलिसी के आवेदकों की ऋण स्वीकृति व भुगतान की कार्रवाई में प्रगति लाने के लिए उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र,उद्योग विस्तार पदाधिकारी ,एलडीएम, बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक, डीपीएम जीविका आदि उपस्थित थे ।
लखौरा पुलिस ने गुरुवार की देर शाम संध्या गश्ती के दौरान थाना क्षेत्र के बरवा पश्चिम गांव में मीट भुजा के दुकान में छापेमारी कर 28 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने खदेड़कर दो लोगो को पकड़ा। जिसकी पहचान गणेश दास कारोबारी एवं राकेश कुमार की पहचान पियक्कड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर थाना लायी। दोनों के बिरुद्ध एफ आई आर दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया । पुष्टि थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने की है ।
