गर्मी की धमक के साथ शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लेकिन अभी तक नगर निगम की ओर से शहर में फॉगिंग नहीं की जा रही है। जिससे शहर वासियों की परेशानी बढ़ गयी है। नगर निगम के पास है दो फॉगिंग मशीन: मोतिहारी नगर निगम के पास दो फॉगिंग मशीन है। लेकिन इनका संचालन नहीं हो रहा। दोनों मशीनें कार्यालय की ही शोभा बढ़ा रही है। मच्छरों का बढ़ा प्रकोप: शहर में मच्छरों का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। शाम होते ही लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की नियमित उड़ाही नहीं होने के कारण गंदे पानी का जमाव होने से मच्छरों की संख्या में इजाफा हुआ है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तुरंत शहर में फॉगिंग कराने की मांग की है। नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव ने बताया कि जल्द ही वार्डवार रोस्टर के अनुसार फॉगिंग कराया जाएगा। ताकि शहरवासियों को मच्छर से निजात मिल सके।