इस बार गर्मी की छुट्टी में स्कूली बच्चे बुनियादी पढ़ाई और गणित में दक्षता प्राप्त करेंगे। इसके लिए राज्य सरकार एक माह का समर कैंप लगाएगी। इसमें ऐसे बच्चे शामिल होंगे जो अन्य बच्चों की अपेक्षा कमजोर हैं। इसके लिए पूरे प्रदेश में छठी व सातवीं के बच्चों का चयन किया जाएगा। बच्चों के चयन की जिम्मेवारी स्कूल के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापकों को सौंपी गयी है। योजना की निगरानी जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) करेंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। पहली जून से 30 जून के बीच लगने वाले ये कैंप गांव और टोला स्तर पर लगाए जाएंगे। इसके लिए यह ध्यान रखा जाएगा कि ये कैंप चयनित बच्चों के घर के आसपास हों तो बेहतर होगा। इस कैंप के लिए प्रथम संस्था सहयोग करेगी। इसके प्रशिक्षित वोलिंटियर के माध्यम से प्रतिदिन दो घंटे तक विशेष शिक्षा प्रदान की जाएगी। प्रत्येक कैंप में 10 से 15 बच्चों को शामिल किया जाएगा। समर कैंप की सारी तैयारी 25 मई तक कर लेने का निर्देश दिया गया है।
