श्री राम कथा सुनने से सभी प्रकार के समस्याओं का निदान होता है। भगवान विष्णु के स्वरुप श्री राम की कथा शारीरिक,मानसिक व आर्थिक परेशानियों को दूर कर भविष्य में प्रगति और विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। ये बातें अपने दूसरे दिन के प्रवचन के क्रम में हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह के प्रसंग के दौरान अयोध्या से पधारे आचार्य रामप्रवेश दास जी महाराज ने कही। उन्होंने अपने प्रवचन के दौरान बताया कि भगवान अपने भक्तों की पुकार पर नंगे पैर दौड़ कर चले आते हैं और भक्तों के कष्टों को दूर कर देते हैं। उन्होंने अभिवादन पर चर्चा के क्रम में बताया कि सभी लोगों को अपने-अपने परिवार के बड़े-बुजुर्गों का सम्मान व अभिवादन रोज करते रहना चाहिए। हमारे वेदग्रंथों में स्पस्ट है कि अभिवादन रोज करने से आयु, विद्या, यश और बल की वृद्धि होती है। जिससे हमारे भविष्य की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।

मुफस्सिल थाना पुलिस ने पतौरा लाला टोला निवासी बिरजू सहनी के घर छापेमारी कर उसे बीस बोतल नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार शराब धंधेबाज को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में शिकारगंज थाना क्षेत्र के हरिहारा के रविरंजन सिंह, बिट्टू सिंह व नकरदेई थाना के बसतपुर के सुरेश यादव शामिल हैं। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत भेजे गए। गांजा की खेप नेपाल से पकड़ीदयाल होकर शहर में लायी जा रही थी। छतौनी, नगर, बंजरिया, मुफसिल एवं रघुनाथपुर थाना को गहन वाहन चेकिंग का निर्देश दिया गया था। वाहन चेकिंग के दौरान तस्कर पकड़े गये। स्कॉर्पियो जब्त कर ली गयी। मादक पदार्थ की खेप गुजरने की सूचना पर शनिवार रात पांच थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान छतौनी में पुलिस की गाड़ी व वाहन जांच अभियान को देख स्कॉर्पियो चालक गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया।

प्रशांत किशोर ने पूर्वी चंपारण के कोने-कोने से आए हज़ारों लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था खराब इसलिए है क्योंकि यहां के लोगों ने शिक्षा के लिए कभी वोट ही नहीं किया। शिक्षा व्यवस्था आज इसलिए खराब है क्योंकि आपको अपने बच्चों के भविष्य की फिक्र नहीं है। आपने वोट दिया है, भारत-पाकिस्तान के नाम पर। आपने वोट किया है गुजरात के विकास के लिए तो बिहार की बेहतरी कैसे हो सकती है। आपने गुजरात के विकास के लिए वोट दिया है तो आज वहां बुलेट ट्रेन और फैक्ट्री लग रहा है। जहां बिहार के लोग जाकर मजदूरी कर रहे हैं। जन सुराज पदयात्रा के 99वें दिन आज मोतिहारी के हवाई अड्डा मैदान में जन सुराज अभियान के पूर्वी चंपारण जिले का अधिवेशन हुआ। आज के अधिवेशन में जन सुराज के पार्टी बनने, लोकसभा चुनाव लड़ने और बिहार की सबसे बड़ी समस्या के मुद्दे पर मतदान हुआ। मतदान का नतीजा कुछ इस प्रकार रहा। कुल पड़े 3936 मत में से 3875 लोगों ने पार्टी बनने के पक्ष में वोट डाला। 61 लोगों ने मतदान के जरिए कहा कि पार्टी नहीं बननी चाहिए। अगर पार्टी बनती है तो क्या 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए, इस सवाल के उत्तर में कुल 3691 वोट पड़े। इसमें से 3515 लोगों ने कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए और 176 लोगों ने लोकसभा चुनाव लड़ने के खिलाफ वोट किया। बिहार की सबसे बड़ी समस्या के सवाल पर, 50 प्रतिशत लोगों ने बेरोजगारी और पलायन को सबसे बड़ी समस्या बताया। वहीं 33 प्रतिशत लोगों ने भ्रष्टाचार और 17 प्रतिशत लोगों ने किसानों की बदहाली को समस्या बताया। कार्यक्रम के समापन पर मतदान के नतीजे सबके सामने रखे गए और मतों की गिनती भी मीडिया और लोगों के सामने की गई।

कड़ाके की ठंड का कहर लगातार जारी है। जिससे जन-जीवन काफी प्रभावित हुआ है। तापमान गिरने व तेज पछुआ हवा से पूरे दिन लोग ठिठुरते रहे। चौक-चौराहे पर रिक्शा-ठेला चालक, मजदूर, चाय-पान की दुकान पर आये लोग कंपकंपाते दिखे। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत महसूस हुई थी। पर आज मौसम इसके ठीक विपरित थी। पूरे दिन धूप नहीं निकलने व हवा चलने से लोग ठिठुरते रहे। अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर लोग काफी कम नजर आए। हर जगह लोग लोग ठंड से बचाव का प्रयास करते दिखे। टेम्पो चालक रामश्रेय ठाकुर ने बताया कि ठंड से खाने के लाले पड़ गए है। टेम्पो का क़िस्त जामा करना व परिवार का खर्च उठाना दुस्वार हो गया है। वहीं दुकानों पर गर्म कपड़ों व छोटे-छोटे बच्चों के जूतों की बिक्री बढ़ गई है।

मोतिहारी पुलिस ने स्कोर्पियो से ड्रग का खेप बरामद किया है। वहीं स्कार्पियो पर सवार तीन तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। बरामद समान लाखों का बताया जाता है। जिसमें लगभग 4 किलो गांजा  ब्राउन शुगर शामिल है। मोतिहारी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कार्पियो से गांजा व ब्राउन सुगर का खेप आने वाला है। जिसको लेकर छातौनी थाना पुलिस से गुजरने वाली वाहनों पर कड़ी नजर रखने लगी। व उक्त वाहन को पकड़ा। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी विद्यालय 12 जनवरी तक रहेंगे बंद जिला विधि शाखा पूर्वी चंपारण मोतिहारी के आदेश के आलोक में जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद रखने का आदेश पारित किया गया है जिले में बढ़ती ठंड एवं शीतल लहर तथा कोहरे से दुर्घटना की संभावना को देखते हुए सभी सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों को भी दिनांक 7 जनवरी 2023 शिक्षण कार्य को बंद किया गया था , लेकिन वर्तमान में बढ़ते ठंड एवं शीतलहर से दुर्घटना की संभावना को देखते हुए पुनः, सरकारी विद्यालय के साथ-साथ निजी विद्यालय के सभी शिक्षण कार्य 12 जनवरी-2023 तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक अपने कर्तव्य पर उपस्थित होकर विभागीय कार्य का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे इस परिस्थिति में विभागीय आदेश का उल्लंघन करने पर नियमा संगत कार्रवाई की जा सकती है

जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। क्यों कि उनको पीठ पर स्प्रेयर लादे, मुंह पर मास्क लगाए खेतों में कीटनाशक छिड़कने, उर्वरक डालने, मिट्टी जांचने का दौर जल्द खत्म होने वाला है। अब ड्रोन से छिड़काव कर हाईटेक खेती होगी व तीसरी आंख के रूप में लगे कैमरे की जद में फसलों की सेहत होगी। ड्रोन से फसलों पर कीटनाशक व यूरिया का छिड़काव होगा। केंद्र सरकार केविके व समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान को उपलब्ध कराएगा। जिसे संस्थान किसानों को सरकारी दर पर छिड़काव के लिए उपलब्ध कराएगा। बताया जाता है कि दोनों संस्थानों को केंद्र सरकार द्वारा राशि विमुक्त कर दी गई है। सरकार का गाइडलाइन मिलते ही ड्रोन की खरीदारी की जाएगी। बतया जाता है कि वर्तमान में महात्मा गांधी अनुसंस्थान संस्थान में दो व कृषि विज्ञान केंद्र में एक ड्रोन उपलब्ध है। हालांकि किसानों को उपलब्ध नही हो रहा है। ड्रोन का कैमरा फसलों की सेहत का रखेगा ख्याल: ड्रोन मैन्यूअल के मुकाबले 10 गुना तेजी कीटनाशक का छिड़काव करेगा। इसे एग्रीकॉप्टर का नाम दिया गया है। इसमें लगे कैमरे फसलों की सेहत पर भी नजर रखेगी। यह एक बार 15 लीटर कीटनाशक ले जाने में सक्षम होगा। यह खेत का स्मार्ट मैप बनाने में भी मदद करेगा। किसानों की सेहत का रखेगा ख्याल: मैन्यूअल कीटनाशक का छिड़काव करने पर लोगों की सेहत प्रभावित होती है। किसानों और मजदूरों पर जहरीले रसायन का बुरा प्रभाव रोकने में यह ड्रोन कारगर साबित होगा। ड्रोन में लगा अत्याधुनिक मल्टीस्पैक्ट्रल इमेजिंग कैमरा फसल की सेहत के आधार पर खेत का स्मार्ट मैप बनाने में मदद करेगा। इसमें ऑटोमेटिक कीटनाशक रीफिलिंग सिस्टम लगाया गया है। यह सुनिश्चित करता है कि कीटनाशक का छिड़काव अपने आप लगातार होता रहे। बाढ़ग्रस्त जलीय इलाके पर किसानों को इससे सर्वाधिक व महत्वपूर्ण फायदे मिल रहे हैं। रासायनिक वेस्टेज की संभावना अधिक रहती है। पहले जहां 1 एकड़ भूमि में मैन्युअल रूप से रसायनों का छिड़काव करने में घंटों लग जाते थे, अब वहीं ड्रोन के माध्यम से मुश्किल से 10-15 मिनट में उस काम को कर लिया जाएगा। इससे किसानों का काफी समय बचेगा जिसका उपयोग अन्य उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। वहीं, मैन्युअल रूप से किए जाने वाले पानी की तुलना में ड्रोन फसलों पर छिड़काव के लिए आवश्यक रसायनों को बहुत कम पानी में पतला कर देता है। साथ ही पानी का संरक्षण भी कर सकता है। केंद्र सरकार किसानों को दे रही सब्सिडी: यदि किसान स्वयं खरीदना चाहते हैं तो केंद्र सरकार ड्रोन खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है। सीमांत किसान, महिला किसान को  ‘ड्रोन सब्सिडी योजना’ के तहत सब्सिडी उपलब्ध कराया जा रहा है। क्या कहते हैं पदाधिकारी: केविके प्रमुख डॉ. अरबिंद कुमार सिंह ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष आरम्भ होते ही किसानों के खेतों में ड्रोन का दस्तक होगा। वही महात्मा गांधी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. एसके पूर्वे ने बताया कि समुचित गाइडलाइन मिलते ही ड्रोन की खरीददारी की जाएगी।

यमलोक से आकर तुरकौलिया में मिठाई दुकान चलाते हैं सुधीर पटेल! सुनकर आपको आश्चर्य होगा। लेकिन ऐसा वाक्या कर दिखाया है श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सीमा कुमारी ने थाने में आवेदन देकर दो दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमे ंएक मिठाई दुकानदार सुधीर पटेल का नाम शामिल है। सुधीर पटेल की मौत करीब छह माह पूर्व सड़क दुर्घटना में हो गई है। एफआईआर में बताया गया है कि जिला से गठित धावा दल की टीम तुरकौलिया चौक पर बुधवार को विभिन्न दुकानों में छापेमारी की। जहां एक मिठाई दुकान व एक भूंजा दुकान से दो छोटे छोटे बच्चों को कार्य करते हुए पाया गया। आवेदन में कहा गया है कि मिठाई दुकान हरिलाल प्रसाद के पुत्र सुधीर पटेल का है। भुजा दुकान सिकिन्दर पासवान का है। टीम में सीमा सिंह के आलावे पीपरा कोठी, मेहसी के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी व प्रयास संस्था एवं निर्देश संस्था के कर्मी थे। दिए आवेदन के आलोक में पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर लिया। जांच में पाया गया है कि नामजद अभियुक्त बने सुधीर पटेल की करीब छह माह पूर्व मृत्यु हो चुकी है। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। इस संबंध में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि छापेमारी में अगल बगल को दुकानदारों के बताए नाम के आधार पर आरोपित किया गया। सवाल उठता है कि एफआईआर करने के पहले नाम का सत्यापन क्या जरूरी नहीं था।

श्रीपुर पंचायत के श्रीपुर उत्तरवारी ग्राम वार्ड संख्या-6 में पीसीसी सड़क के किनारे नाले को अतिक्रमित कर लेने से सड़क पर करीब पचास मीटर की दूरी में गन्दे पानी का जमाव हो गया है। कड़ाके की ठंड में सड़क पर गन्दे पानी में पांव रख सड़क से गुजरने में ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है और वर्त्तमान में यह रास्ता पूरी तरह बन्द हो गया है। मोहन राय,शिव सहाय पासवान,कमोद देवी,प्रभु महतो सहित दर्जनों प्रभावित नागरिकों ने अंचलाधिकारी को मंगलवार को दिये आवेदन में बताया है कि गांव में शिवमंदिर के आगे धीरज प्रसाद की दूकान तक पीसीसी सड़क पर मिट्टी भर कर इयार खां,अलीम डार खां नथु खां,जाकिर हुसैन व सत्येन्द्र प्रसाद के द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमित कर रास्ता अवरूद्ध कर दिया गया है। वहीं कवैया ग्राम के अलीरंजन,बिल्टु पासवान आदि के द्वारा नाला को अतिक्रमित कर अवरूद्ध कर देने से पानी सड़क पर जमा हो गया है।ग्रामीणों ने नाला व सड़क को अतिक्रमणमुक्त करा कर समस्या को दूर करने की मांग अंचल प्रशासन से की है। अंचलाधिकारी के अनुसार समस्या का निराकरण किया जाएगा।