सभी सरकारी व निजी स्कूलों का डाटा अपडेट किया जाएगा। यू डायस के माध्यम से स्कूलों के सभी डाटा को संबंधित वेबसाइट पर एचएम ऑनलाइन अपलोड करेंगे। कोरोना काल में स्कूलों के बंद रहने से इस शैक्षणिक सत्र का डाटा अपलोड नहीं किया जा सका है। लिहाजा कोरोना काल के बाद स्कूल खुलने पर इस पर जोर दिया जाएगा। विभागीय निर्देश पर अब यू-डायस के तहत कक्षा एक से लेकर 12 तक के स्कूलों का डाटा अपलोड किया जाता है। यू डायस में स्कूल की पूरी जानकारी एकत्रित कर ऑनलाइन संबंधित वेबसाइट पर अपलोड की जाती है। इसमें स्कूल भवन से लेकर छात्र-छात्राओं की संख्या, शिक्षकों की संख्या के साथ ही स्कूल में मूलभूत जरूरतों जैसे चापाकल, शौचालय आदि का शामिल है। यू डायस के माध्यम से सरकार शिक्षकों के वेतन के साथ ही स्कूल के विकास का बजट तैयार करती है। पिछले साल से सभी स्कूलों को इसे ऑनलाइन अपलोड करना जरूरी कर दिया गया है। छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सरकारी योजनाओं की राशि भी इसी से तय की जाती है। लिहाजा यू डायस भरने वाले स्कूलों को इससे लाभ है।
मोतिहारी। आगामी एक फरवरी से शुरू होने वाले इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर डीईओ संजय कुमार ने सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये हैं। ताकि परीक्षा को कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके। डीईओ के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के कम से कम 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके तहत प्रथम पाली में सुबह 920 बजे तक व द्वितीय पाली में 145 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय से विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक के अनुपात में होगी प्रतिनियुक्ति परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक 25 परीक्षार्थी पर एक वीक्षक के अनुपात में वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में न्यूनतम 2 वीक्षक प्रतिनियुक्त रहेंगे। परीक्षा तिथि के दिन प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की सहमति से केंद्राधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि कौन वीक्षक किस कमरे में प्रतिनियोजित होंगे। किसी भी परिस्थिति में गैर शिक्षक व कर्मी को वीक्षण कार्य में नहीं लगाया जाएगा। डीईओ के अनुसार, परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखने की अनुमति नहीं रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों के खुलने के समय इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्रॉफी करायी जाएगी। सीट प्लानिंग इस प्रकार की जायेगी कि परीक्षा कक्ष में एक रोल कोड के सभी परीक्षार्थी रोल नंबर आरोही क्रम में परीक्षा में बैठ सकें, जिससे कि उनके मुद्रित रॉल नंबर वाली उत्तर पुस्तिका व ओएमआर शीट वितरण करने में परेशानी न हो।
आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण वाटिका लगाने के लिए सेविकाओं को कृषि वैज्ञानिक द्वारा प्रशिक्षित करने का कार्य सोमवार से शुरू हो रहा है। पहले फेज में परियोजना के चार आंगनबाड़ी सेविका, चार महिला पर्यवेक्षिका व प्रखंड समन्वयक को कृषि वैज्ञानिक ट्रेनिंग देने का कार्य करेंगे। इसके लिए पहाड़पुर के परसौनी स्थित कृषि वैज्ञानिक केंद्र में सोमवार को प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिस प्रशिक्षण में यहां से महिला पर्यवेक्षिका प्रियंका कुमारी, ऊषा कुमारी, अर्चना कुमारी, मधु कुमारी व प्रखंड समन्वयक नेहा कुमारी के अलावे गायघाट आंगनबाड़ी केंद्र 147 की सेविका प्रियंका कुमारी, ओलाहा मेहता टोला पंचायत के केंद्र संख्या 132 की सेविका सुनीता देवी, 137 की सेविका गीता देवी, मुरारपुर केंद्र 42 की सेविका मीना देवी व मानिकपुर केंद्र 101 की सेविका गोदावरी देवी भाग लेगी। सीडीपीओ पूनम कुमारी ने बताया कि एक दिवसीय कल ट्रेनिंग है। वहां से प्रशिक्षित होकर सेविका अपने अपने केंद्र पर पोषण वाटिका लगाने का कार्य करेंगी।
पूर्वी चंपारण के जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने बंजरिया प्रखंड में अजगरी पंचायत के चुरिहारवा टोला में बिहार जाति आधारित गणना - 2022 के प्रथम चरण कार्य प्रगति का लिया जायजा। विदित हो कि दिनांक 7 जनवरी 2023 से 21 जनवरी 2023 तक बिहार जाति आधारित गणना के तहत प्रथम चरण में मकान नंबरीकारण एवं संक्षिप्त मकान सूची के निर्माण का कार्य किया जाना है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित गणना हेतु सहायक , पर्यवेक्षक एवं अन्य गणना कर्मियों द्वारा जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर / नगर निकाय स्तर पर मकान/ भवन का भौतिक सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि एक भी घर/ परिवार गणना से वंचित ना रहे । साथ ही प्रविष्टि का दोहरीकरण से बचा जा सके। राज्य भर में सभी व्यक्तियों का जाति आधारित गणना किया जाना है । चाहे वे किसी भी जाति या संप्रदाय के हों। गणना के समय बिहार के वैसे निवासी जो किसी कारणवश राज्य या देश से अस्थाई प्रवास की स्थिति में हों उनकी भी गणना की जाएगी। निर्देश देते हुए जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जाति आधारित गणना के निमित्त अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वहन ससमय सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोतिहारी, प्रभारी पदाधिकारी गणना कोषांग , जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित थे।
अरेराज सोमेश्वर प्लस टू विद्यालय के खेल मैदान क्रिकेट क्लब व फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों द्वारा 16 जनवरी से 8 दिवसीय टेनिस बॉल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन कर्ता द्वारा पीच पर पानी का छिड़काव कर समतल बनाया जा रहा है। 9 जनवरी से 16 जनवरी तक नॉकआउट टूर्नामेंट में सभी टीमें एक दूसरे के साथ में मैच जीत कर सेमीफाइनल में अपना जगह बनाएंगी।
बंजरिया थाना क्षेत्र में एन एच 28 ए खड़वा पुल के पास एक टूरिस्ट गाड़ी व बाइक की टक्कर में बाइक सवार डीलर मनोज पांडेय की मौत देर शाम हो गई । पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा के निवासी है जो पीडी एस दुकानदार थे । वे सेमरा से मोतिहारी आ रहे थे। पुष्टि चैलाहा मुखिया शहनाज प्रवीण व समाजसेवी जिकरुल्लाह ने की ।
जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नियमित राशन का उठाव व वितरण जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के हड़ताल से ठप पड़ गया है। जिससे दिसंबर माह का राशन उपभोक्ताओं के बीच नहीं वितरण हो रहा है। जबकि जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि हड़ताल की कोई सूचना नहीं मिली है। राशन का उठाव व वितरण हो रहा है। इधर फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन संघ ब्लॉक मोतिहारी के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के अनुसार ब्लॉक के सभी पीडीएस दुकानदार 1 से 10 जनवरी तक हड़ताल पर हैं। जिससे राशन का उठाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 33 माह से दुकानदारों का मार्जिन मनी बकाया है जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके साथ दिसंबर माह में जो डीलर ड्राफ्ट जमा कराए हैं उनकी राशि वापस नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी आठ सूत्री मांग को जबतक पूरा नहीं किया जायेगा तब तक सभी डीलर हड़ताल पर रहेंगे। जिला आपूर्ति पदाधिकारी पीके झा ने बताया कि उन्हें हड़ताल संबंधी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। दिसंबर माह के खाद्यान्न का उठाव व वितरण का कार्य हो रहा है। यदि कोई पीडीएस दुकानदार राशन का उठाव व वितरण नहीं करते हैं तो सरकारी निर्देश के मुतलिक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि पीडीएस विक्रेताओं के बकाया मार्जिन मनी भुगतान को लेकर सरकार कार्रवाई कर रही है।
ईस्ट चंपारण चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों ने नव पदस्थापित पुलिस कप्तान कांतेय कुमार मिश्रा को शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया है। साथ ही एसपी को पुष्प गुच्छ देकर जिले के समस्या से अवगत कराया गया। एसपी श्री मिश्र के द्वारा हाई क्वालिटी का कैमरा आवश्यक जगह पर लगाने को कहा। मौके पर सचिव ओम गुप्त, देवनारायण गुप्ता, राजेश कुमार, रॉबिन कुमार, अभिषेक, शिवम आदि थे।
जिले में एनएफएल कंपनी के 1299.78 मीट्रिक टन किसान यूरिया की खेप पहुंची है। यूरिया खाद की रैक आने के साथ इसे ब्लॉक वार आवंटन कर वितरण का निर्देश दिया गया है। रबी सीजन में नियमित यूरिया खाद की आपूर्ति होने से खाद की किल्लत से परेशान किसानों को काफी राहत मिली है। जिले में रबी सीजन में 60 हजार मीट्रिक टन यूरिया खपत का लक्ष्य था। इसके विरुद्ध करीब 34 हजार मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति हुई है। जिला कृषि पदाधिकारी चंद्र देव प्रसाद ने बताया कि किसानों के बीच निर्धारित दर पर खाद वितरण का निर्देश दिया गया है। उर्वरक वितरण में जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
चकिया रानीगंज बाजार स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में रविवार समाजवादी विचारधारा मंच एवं महागठबंधन द्वारा नगर परिषद चुनाव में निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड जदयू अध्यक्ष लखन पटेल तथा संचालन प्रखंड राजद अध्यक्ष माधव मधुकर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभापति पवन सर्राफ, उपसभापति सुभाष कुमार, नागार्जुन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत सभी पच्चीस पार्षदों को बारी बारी से अंग वस्त्रत्त् व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान व्यवसाई संघ के लालू मोदी व कन्हैया सर्राफ ने चकिया व्यवसाई संघ की तरफ से सभापति व उपसभापति को स्वर्ण मुकुट पहना सम्मानित किया। इस मौके पर नवनिर्वाचित सभापति पवन सर्राफ ने अगले माह से चकिया को जाम से पूरी तरह निजात दिलाने की बात कही। वहीं उपसभापति सुभाष कुमार ने आपसी सहयोग से काम करने की बात कही।मंच का संचालन प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम के संयोजक संजय मोदी ने सभी समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों का आभार प्रकट किया। मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव, प्रभु नारायण सिंह, मुखिया सुनिल सिंह,जिला परिषद सदस्य अभय गुप्ता, ब्रजेश सिंह बब्लू, सुनिल यादव,नवल यादव, विश्वनाथ पासवान, अशोक यादव, अवधेश श्रीवास्तव,मो कमरूद्दीन, सत्येन्द्र मिश्रा, अरूण कुशवाहा,टूना पाठक, शंभू शरण सिंह, सत्यनारायण प्रसाद,लखिन्द्र यादव, कुणाल कुमार,नंद प्रसाद यादव, जयप्रकाश यादव, आजाद आलम सहित सैकड़ों की संख्या में महागठबंधन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
