मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पकड़ीदयाल रोड में मधुबनीघाट व ढाका रोड में रुपडीह के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर सोमवार की शाम दो बाइकें लूट ली। लूट के दोनों मामले में थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है। लूट की सूचना पर एचएचओ अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में ही छापेमारी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि लूट की दोनों घटनाओं को बदमाश के एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। पहले मधुबनीघाट में लूट के आधे घंटे के अंतराल में ढाका रोड में रुपडीह के समीप लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाशों की खोज में पुलिस वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल में जुट गयी है। पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के चोरमा गांव के चन्द्रकिशोर प्रसाद ने थाने में दिये आवेदन में कहा है कि वह बजाज कैपिटल इंश्योरेंस कम्पनी का मार्केटिंग मैनैजर है। मोतिहारी से काम कर रविवार को सात बजे चोरमा लौट रहा था कि मधुबनीघाट नया पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक आगे से घेर लिया। पिस्टल का भय दिखाकर उसकी बाइक, सेलफोन व पॉकेट से चार सौ रुपये छीन लिया। बाइक छीनने के बाद सभी बदमाश मोतिहारी की ओर भाग गये। तीनों बदमाशों का उम्र करीब बीस से पच्चीस वर्ष का रहा होगा। घटना के बाद उसने दूसरे किसी के सेलफोन से पुलिस को सूचना दी। दूसरी लूट की घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही रुपडीह के समीप हुई। मुफस्सिल पटपरिया के अवनीश कुमार डाक पार्सल का गाड़ी चलाते हैं। वह फुर्सतपुर से अपनी डॺूटी से लौट रहा था कि तो नौ जनवरी की रात साढ़े सात बजे रुपडीह के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने आगे से बाइक को घेरकर पिस्टल का भय दिखाया। बाइक , सेलफोन व पॉकेट से पांच सौ रुपये नगद छीन लिया। बाइक छीनने के बाद मोतिहारी की ओर बदमाश फरार हो गए। सभी का उम्र पच्चीस वर्ष बताया है।

मोतिहारी के बेलबनवा मोहल्ले में सत्येन्द्र प्रसाद सिंह के घर के सामने सड़क पर खड़ी कार को हटाने को बोला तो गोली मारने की धमकी दी गयी। विवाद होने पर जब मोहल्ले के लोग एकत्र हुये तो कार सवार तीन लोग कार छोड़ फरार हो गये। सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त कर ले गयी। सत्येन्द्र प्रसाद सिंह के बयान पर एफआईआर दर्ज की गयी है।

भारत नेपाल सीमा के रक्सौल बॉर्डर से संदिग्ध रूप में नेपाल वीरगंज प्रवेश करते एक विदेशी नागरिक कस्परेक पीटर को बगैर वीजा के मंगलवार अपराह्न इमीग्रेशन अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। जांच में पाया गया कि उक्त विदेशी नागरिक पांच दिन पूर्व नेपाल के किसी बॉर्डर से कोलकाता गया था। वहां पांच दिन रहने के बाद वह रक्सौल बॉर्डर से नेपाल जा रहा था। गिरफ्तार विदेशी नागरिक ने बताया कि उसके साथ साइबर फ्रॉड की घटना घटी थी। इसी सिलसिले में वह कोलकाता गया था। वहां उसने घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज करायी है। इमीग्रेशन अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से एक पासपोर्ट बरामद हुआ है, जिसमें पासपोर्ट का नंबर 43935783, जारी तिथि 13 मार्च 2017 और मान्य तिथि 13 मार्च 2027 है। पासपोर्ट पर नाम कस्परेक पीटर, पिता का नाम एडॉर्ड कस्परेक, पता 97 टेंशन रोड कैंब्रिज यूनाइटेड किंगडम अंकित है। गिरफ्तार विदेशी नागरिक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय हरैया थाने को सौंप दिया गया है। हरैया थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि मामले को लेकर एफआईआर दर्ज किया गया है।

मुफस्सिल थाना के चन्द्रहिया के चौकीदार अनिल साह की मौत हो गयी। बीमार पड़ने पर उसका इलाज छतौनी के एक निजी नर्सिंग में चल रहा था। इलाज के दौरान निजी नर्सिंग होम में ही उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ अवनीश कुमार ने सदर अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम कराया।

चकिया के चिंतामनपुर गांव में अंचल एवं पिपरा पुलिस के संयुक्त करवाई में अतिक्रमणवाद के तहत गैरमजरूआ भूमि पर बने पुनीत प्रसाद का घर हटाया गया। चकिया सीओ हेमंत कुमार झा ने बताया कि इस मामले में चिंतामनपुर निवासी चंद्रिका कुशवाहा ने चकिया सीओ के यहां अतिक्रमण वाद दायर किया था। जिसमें आम गैरमजरूआ भूमि पर बने पुनीत प्रसाद के घर को अतिक्रमण वाद के तहत हटाने का आदेश दिया गया। इस मामले में पुनीत प्रसाद माननीय उच्च न्यायालय में सीडब्ल्यूजेसी नंबर 14286/ 2022 दायर किया। इसमें माननीय उच्च न्यायालय ने पूर्वी चंपारण डीएम को चार सप्ताह के अंदर मामले की सुनवाई कर फैसला देने का आदेश दिया। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जिला पदाधिकारी मोतिहारी के अतिक्रमण अपील वाद 44/22 में पारित आदेश के अनुपालन में अंचलाधिकारी के अतिक्रमण वाद संख्या 18- 19/20 में आम गैरमजरूआ रास्ता में स्थित पुनीत प्रसाद के घर को हटा दिया गया।

गणतंत्र दिवस समारोह, मकरसंक्रांति व नए साल का प्रथम मेला बसंत पंचमी के आयोजन को लेकर अनुमण्डल कार्यालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। एसडीओ संजीव कुमारने कहा कि इस साल गणतंत्र दिवस के पूर्वसडक सुरक्षा को लेकर रन फॉर अरेराज का आयोजन किया जाएगा । मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले युवकों के निबन्धन को लेकर काउंटर पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सड़क सुरक्षा विषयक निबंध प्रतियोगिता,क्विज कांटेस्ट, पेंटिंग प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए छात्रों कोबिशेष अवसर प्रदान किये जायेंगे। योग शिविर भी आयोजित किये जाएँगे ।गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को सोमेश्वर प्लस टू विद्यालय अरेराज के मैदान में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर अलग अलग विभाग की ओर से प्रस्तुत झांकी भी आकर्षण का केंद्र होगा। फैंसी क्रिकेट मैच मीडिया बनाम प्रशासन के बीच खेला जाएगा।बसंत पंचमी मेले में नेपाल यूपी सहित बिहारके अन्य जिलों से पधारने वाले कावरियों को ठण्डसे निजात दिलाने के लिए भरपूर अलाव की व्यवस्था उपलब्ध कराने की जिंम्मेवारी नगर पंचायत को सौपी गयी।इतना ही नही सड़क पर प्रवाहित दूषित जल को नियंत्रित करने व अनाधिकृत अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पंचायत को पहल करने का आग्रह किया गया।बैठक में जिन गणमान्य व्यक्तियों ने अपने सुझाव व्यक्त किये उनमें पीजीआरओ लखिन्द्र पासवान,अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी जगन्नाथ प्रसाद राय, डीसीएलआर सन्नी कुमार सौरभ,अवर निर्वाचन पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा थे।

भगवान को जिस समय उनको पुकारा जाता है वे उसी समय ही किसी न किसी रुप में प्रकट हो जाते हैं। सच्चे विश्वास और भक्ति से ही भगवान की प्राप्ति होती है। ये बातें पांचवे दिन के प्रवचन के क्रम में अयोध्या से पधारे संगीतमय श्री रामकथा वाचक रामप्रवेश दास जी महाराज ने हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में आयोजित संगीतमय श्रीरामकथा ज्ञानयज्ञ के पांचवें दिन के कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं से कही। उन्होंने भगवान श्रीराम की बाल-लीला व मिथिला गमन की कथा सुनाते हुए कहा कि रामचरितमानस का प्रत्येक चौपाई एक महामंत्र है। जीवन की सभी समस्याओं का निदान मानस में हेै। गोस्वामी तुलसीदास ने सबके लिए सरल और सहज भाव से इसे लिखा है।प्रत्येक घर में इसका पाठ होना चाहिए।हमें भगवान पर विश्वास रखनी चाहिए। किसी काम के होने में विलम्ब हो सकता है पर भगवान के दरबार में कभी भी गलत नहीं हो सकता है। बताया कि बड़े भाग्य से हमें मनुष्य जन्म मिला है। इसका सदुपयोग भगवान की पूजा, जप, ध्यान व सत्कर्म में किया जाना चाहिए। हमें इस प्रकार का कर्म करना चाहिए जिससे किसी को कोई परेशानी नहीं हो। हमें अच्छा कर्म करना चाहिए। अच्छे कर्म का फल अच्छा ही होता है। छात्र करें माता सरस्वती की पूजा उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उत्तम विद्या तथा उत्तम बुद्धि के लिए माता सरस्वती की प्रतिदिन पूजा करनी चाहिए। अगर पूजा संभव नहीं हो तो कम से कम माता सरस्वती के एकादशाक्षर मंत्र ऊं हृं ऐं हृीं सरस्वत्यै नम का जाप अवश्य करना चाहिए।

इस वर्ष मकर राशि की सूर्य संक्रांति चौदह जनवरी शनिवार की रात्रि 02.53 बजे से आयेगी अर्थात् भगवान भुवन भास्कर मकर राशि में प्रवेश कर जायेेंगे। चूंकि संक्रांति रात्रि में लग रही है इसलिए शास्त्रीय मान्यता के अनुसार इसका पुण्यकाल अगले दिन रविवार पंद्रह जनवरी को खिचड़ी का पर्व मनाया जाएगा। इसके साथ ही सूर्य उत्तरायण हो जायेंगे और खरमास समाप्त हो जाएगा।विवाह आदि मांगलिक कार्य आरंभ हो जायेंगे। वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार पाण्डेय,आचार्य रुपेश ओझा व विकास पाण्डेय ने दी। आचार्यों ने बताया कि मकर संक्रांति सूर्योपासना का त्योहार है तथा आध्यात्मिक रिवाज में सूर्य को विशेष स्थान प्राप्त है।

जिले में मिट्टी नमूनों की जांच शुरू है। टारगेट पूरा करने के लिए जिला मिट्टी जांच लैब व छह मिनी लैब को मिट्टी नमूने दिए गए हैं। इसके तहत मिट्टी नमूनों की जांच कर 66 हजार 363 मृदा स्वास्थ्य कार्ड तैयार किया गया है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड तैयार होने के साथ इसे किसानों के बीच वितरण करने का काम भी किया जा रहा है। जिले में इस वर्ष 1.25 लाख किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया जाना है। इसके विरुद्ध अब तक 42 हजार से अधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों के बीच बांटा जा चुका है। जिले को मिला है बीस हजार मिट्टी नमूनों के जांच का लक्ष्य पूर्वी चंपारण जिले को राज्य स्तर पर सर्वाधिक 20 हजार मिट्टी नमूनों के जांच का टारगेट दिया गया है। इसमें करीब 13 हजार 549 मिट्टी नमूनों की जांच कर ली गई है। इसमें जिला लैब के द्वारा 6331 व मिनी लैब के द्वारा 7218 मिट्टी नमूनों की जांच की गई है। मार्च तक शेष मिट्टी नमूने जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। एक ग्रिड में दस से पंद्रह किसानों के खेत के नमूने एक मिट्टी नमूने का एक ग्रिड बनाया गया है। एक ग्रिड में 10 से 15 किसान शामिल हैं । इसमें इन किसानों के खेत की मिट्टी को मिलाकर रखा गया है। लक्ष्य के अनुसार जिले में एक से डेढ़ लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड तैयार किया जाना है।

जिला कृषि कार्यालय के सभागार में गरमा योजना की तैयारी को लेकर मंगलवार को बीआरबीएन के डीलरों की बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए डीएओ चंद्रदेव प्रसाद ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा किसानों के दरवाजे तक मूंग व मक्का बीज पहुंचाने का काम डीलर करें। ताकि किसानों को बीज लेने में परेशानी नहीं हो। किसानों की सुविधा के लिए विभाग का यह निर्देश है। इसके बदले किसानों को शुल्क डीलर को देना होगा। उन्होंने कहा कि गरमा योजना के बीज लेने के लिए ऑनलाइन डिमांड शुरू हो गया है। किसान वसुधा केंद्र या अपने मोबाइल से ऑनलाइन डिमांड करें। उन्होंने कहा कि इस सीजन में गन्ना किसानों को गन्ना के खेत में लगाने के लिए मूंग बीज दिया जाएगा। साथ ही उन्हे बीज व दवा भी दी जाएगी। ताकि मूंग की अच्छी खेती हो सके।