बिहार सीमा से लगे नेपाल के मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सरोज यादव होंगे।उन्हें प्रदेश प्रमुख( गवर्नर ) हरिशंकर मिश्र ने पेश दावेदारी के आधार पर संविधान की धारा 168 की उपधारा 2 के तहत सीएम नियुक्त किया है। श्री यादव संघीय गणतंत्र नेपाल के मधेश प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें सोमवार को जनता समाजवादी पार्टी(जसपा)के प्रदेश सभा के संसदीय दल का नेता चुना गया था।इस पद के लिए निवर्तमान मुख्यमंत्री लालबाबू राउत भी दावेदार थे। लेकिन, जसपा में सर्वसम्मति से संसदीय दल के नेता चुने जाने के बाद उन्होंने मंगलवार शाम अपनी सरकार बनाने की दावेदारी पेश की थी। उन्होंने प्रदेश सभा के 107 में 63 प्रदेश सभा सदस्यों का हस्ताक्षर युक्त समर्थन प्राप्त होने का दावा करते हुए सीएम पद की दावेदारी की थी। बहुमत के लिए 54 प्रदेश सभा सदस्य का समर्थन जरूरी है। कुल 63 में जसपा के 16,नेकपा एमाले के 23,जपा के 13,नेकपा माओवादी केंद्र के 9,राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी व नेपाल संघीय समाजवादी पार्टी के 1-1 व स्वतंत्र प्रदेश सभा सदस्य का समर्थन का दावा किया गया है।

रेलवे के न्यायिक दंड़ाधिकारी राजीव पांडेय के नेतृत्व में बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को मजिस्ट्रेट चेकिंग की गई। मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान 55 रेलयात्री बिना टिकट के पकड़े गए। मजिस्ट्रेट जांच में बापूधाम मोतिहारी टीटीई स्क्वायड, नरकटियागंज टीटीई स्क्वायड के आलावा आरपीएफ सब इंस्पेक्टर विपुल शर्मा, रेल थाना के विनोद सहनी, मृत्युंजय कुमार, आरपीएफ जवान संजीव कुमार, सुशील राय आदि शामिल थे। चेकिंग के दौरान न्यायिक दंड़ाधिकारी राजीव पांडेय ने पुलिस कर्मी और चल टिकट निरीक्षकों के साथ सवारी ट्रेन में जांच कर दर्जनों बेटिकट यात्रियों को पकड़ा। जिसमें से मौके पर 11 को ईएफटी बनाकर छोड़ दिया गया।

भारत से नेपाल में बगैर वीजा के अवैधरूप से प्रवेश करते संदिग्ध विदेशी नागरिक के विरुद्ध स्थानीय थाना में इमिग्रेशन अधिकारी डीएसपी अजय कुमार पंकज ने एक एफआईआर दर्ज करायी है । उस पर विदेशी अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। यह जानकारी हरैया थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज करके गिरफ्तार विदेशी नागरिक कस्परेक पीटर को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उधर मामले का पर्यवेक्षण एएसपी चंद्र प्रकाश ने की। उन्होंने गिरफ्तार विदेशी नागरिक का बयान दर्ज कर अनुसंधानकर्ता पुलिस अधिकारी को विभिन्न बिंदुओं पर जांच का आदेश दिया। इमिग्रेशन डीएसपी अजय कुमार पंकज ने बताया कि चेक गणराज्य के नागरिक व यूनाइटेड किंगडम निवासी पीटर ने गिरफ्तारी के बाद इमिग्रेशन अधिकारियों को बताया कि वह नेपाल में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए सदैव आता जाता है। इसी क्रम में फेसबुक से कोलकाता के किसी ने उसके साथ साइबर फ्रॉड कर मोटी रकम ठगी कर ली। इस घटना के बाद वह नेपाल के दूसरे बॉर्डर होकर कोलकाता चला गया। कोलकाता जाकर फ्रॉड करने वाले की खोज की व अंत में उसके विरुद्ध एक केस दर्ज कराया। वह मूल रूप से आर्टिस्ट है। आर्टिस्ट के धंधे में ही उसे काम देने के नाम फ्रॉड किया गया। फेसबुक पर यह प्रलोभन दिया गया था कि उसे प्रोजेक्ट दिया जाएगा जिसकी एवज में ऑनलाइन रकम हथिया लिया गया है। गिरफ्तार विदेशी नागरिक ने इमिग्रेशन अधिकारी को उस एफआईआर की कॉपी भी उपलब्ध कराई है।इमिग्रेशन अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से एक पासपोर्ट बरामद हुआ है जिसमें पासपोर्ट का नंबर 4393 5783, जारी तिथि 13 मार्च 2017 मान्य तिथि 13 मार्च 2027 नाम कस्परेक पीटर, जन्म तिथि 9 जुलाई 1975 है।

जन सुराज पदयात्रा के दौरान शंकर सरैया दक्षिणी पंचायत में आम सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि आज बिहार लेबर का सप्लायर् बन गया है। नेता जानबूझकर कर बिहार में फैक्ट्री नहीं लगाते, उन्हें पता है कि अगर बिहार में फैक्ट्री लगा दिया गया तो 12 हज़ार में 10 लाख मजदूर आएंगे कहाँ से? इसलिए देश के नेता बिहार में फैक्ट्री न लगाकर सूरत, गुजरात जैसों जगहों में फैक्ट्री लगा रहे हैं। कोरोना के समय बिहार के लड़को को मार-मार कर दूसरे राज्यों में घर से बेघर कर दिया गया। वक़्त के साथ जैसे ही कोरोना खत्म हुई वैसे ही दूसरे राज्यों के बड़े फैक्ट्रियों के मालिक बस भेज कर बिहार से मजदूरों को मंगवाने लगे, इससे साफ पता चलता है कि वो बिहारियों को लेबर से ज्यादा कुछ नहीं समझते। पूरा गुजरात में 10 लाख बिहारी मजदूरी कर रहा हैं, किसी बिहार के नेता को देखा है, इसपर चर्चा करते? आज कहानी ठीक वैसी हो गई है जैसे नील की खेती होती थी बिहार में और कपड़े बनते थे इंग्लैंड में।

सैंड आर्टिस्ट मधुरेन्द्र आचार्य प्रमुख सागर सम्मान से सम्मानित

मोतीहारी के पकड़ीदयाल से अपराधिक गिरोह रुद्रा गैंग का प्रमुख पुलिस के हत्थे आखिरकार चढ़ गया। पुलिस ने उसे  गिरफ्तार किया है। दो दिन पूर्व रंगदारी के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार के घर पर फायरिंग किया था। गिरफ्तार अपराधी पकड़ीदयाल के परसौनी गांव का रहने वाला है। पकड़ा गया अपराधी रामचंद्र सिंह का पुत्र मुनचुन सिंह है। 9 जनवरी को प्रभात इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार के घर पर अपने साथियों के साथ फायरिंग किया था। एसपी ने कहा की रुद्रा गैंग के प्रमुख के पकड़े जाने से तीन अपराधिक मामले का उद्भेदन हुआ है।

बिहार राज्य के पूर्वी चम्पारण से रवि मोबाइल वाणी के माध्यम से अंजलि कुमारी से बातचीत की। बातचीत में अंजलि कुमारी ने बताया उनको मैसेज आया पैसे काटने का जबकि उन्होंने पैसे नहीं निकाले थे उन्होंने बैंक में जाकर बात भी किया लेकिन कोई सहायता नहीं मिल सका ।

पीपराकोठी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वानिकी एवं उद्यानिकी महाविद्यालय के सभागार में बुधवार को बमेति पटना के तत्वावधान में जैविक खेती अनुकूल एवं प्रमाणीकरण विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आरंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने दीप प्रज्वलित कर किया।  इस अवसर पर संबोधित करते हुए डीएम श्री अशोक ने जैविक खेती के बढ़ावा देने पर जोर देते हुए धरातल पर कार्य रूप देने की बात कही। वही डीन डा कृष्ण कुमार ने बताया कि जैविक खेती आज के समय के लिए महत्वपूर्ण है। कहा कि जैविक खेती अपनाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति में हो रही ह्रास, जल, वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन कम करता है।  इससे कम लागत से अधिक उपज प्राप्त किया जा सकता है. कार्यक्रम में गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सारण, सीतामढ़ी, सहित कई जिलों के कृषि समन्यक मौजूद थे. मौके पर डॉ आरके झा, डा एसके वर्मा, डा राम निवास सिंह, डा अनिल कुमार सिंह, डा एपी राकेश, डा वरुण, डा आरपी प्रसाद सहित कई अधिकारी व वैज्ञानिक मौजूद थे।

पुलिस ने छापामारी कर पास्को एक्ट के फरार अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पंडीतपुर के प्रसाद पासवान का पुत्र शिवशंकर पासवान है। जो एक गांव की छात्रा को भागा ले गया था। लड़की के परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस दबिश के कारण लड़की बरामद हो गई थी। लेकिन वह फरार हो गया था।

लाखों के घोटाले में फंसे जिला मत्स्य पदाधिकारी उदय प्रकाश के निलंबन की अनुशंसा की गयी है।मत्स्य निदेशालय बिहार पटना के उप मत्स्य निदेशक (मु.) ने डीएफओ के विरूद्ध आरोप पूर्णत प्रमाणित होने के फलस्वरूप अनुशासनिक कार्यवाही की अनशंसा करते हुए विभाग को रिपोर्ट भेजी है। मुख्यमंत्री मत्स्य विकास योजना अंतर्गत मत्स्य किसानों के भ्रमण दर्शन योजना व मुख्यमंत्री मत्स्य विपणन योजना वर्ष 2021-22 में बरती गयी अनियमितता व सरकारी राशि के गबन के आरोप में जिला मत्स्य पदाधिकारी पर कार्रवाई की अनुशंसा की गयी है। उप मत्स्य निदेशक (मु.) ने विभागीय पत्रांक 2534 ,5 दिसम्बर 22 के आलोक में उक्त कार्रवाई की अनुशंसा की है। जिसमें जिला मत्स्य पदाधिकारी के द्वारा दिये गये स्पष्टीकरण व जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गयी है।