बारा जिला के सिमरौनगढ़ सड़क पर बाइक की ठोकर से महिला की मौत हो गई है। मृतका की पहचान बारा जिला के कोल्हवी नगरपालिका के बगेवा निवासी ज्ञानत्री चौधरी के रूप में हुई है। डीएसपी राजेश थापा ने बताया कि बाइक से ठोकर लगने से घायल महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान उक्त ग्राम निवासी सहदेव सहनी(60) के रूप में हुई है। जिसकी मौत को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बात को लेकर उक्त रात में पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। जिससे आहत होकर सहदेव सहनी शराब पीकर सो गया। उसकी पत्नी भी दूसरे कमरे में सो गई। बुधवार की सुबह घर के लोग अपने अपने काम में लग गए। जब देर तक सहदेव सहनी नहीं जगा। तब परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे जगाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक उसकी ईह लीला समाप्त हो चुकी थी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई है। इस बाबत थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि वह वृद्ध हो चुका था और अत्यधिक ठंड लगने के कारण उसकी मौत होना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।

राजेपुर पुलिस ने विशेष अभियान में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया।बदमाशों के पास से देसी पिस्तौल,कारतूस व चाकू बरामद किया। किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिये बदमाश कदम चौक पर एकट्ठा हुये थे। एसपी कांतेश कुमार मिश्र का कहना है कि बदमाशों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि चोरी व लूट की घटना को अंजाम देने के लिये एकट्ठा हुये थे कि पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये बदमाशों में प.चम्पारण लौरिया के अनुराग कुमार, प्रियांशु कुमार व राजेपुर थाना के राजेपुर बाजार के अमन कुमार शामिल है। बदमाशों के पास से पिस्तौल, कारतूस दो व एक चाकू बरामद किया गया। छापेमारी में राजेपुर एसएचओ ललन कुमार, सिपाही ललटू कुमार, गुलशन कुमार, कुंदन कुमार व सुधांशु कुमार थे।

 गोविन्दगंज पुलिस ने शराब बना आपूर्ति करनेवाले गिरोह के मुखिया को पुलिस ने मंगलवार शाम राजवाड़ी सड़क के पास से बड़े ही नाटकीय ढंग से दबोच लिया। पकड़ा गया शराब कारोबारी संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कोइरगावा गांव का उमेश मुखिया था। गिरफ्तारी के समय उक्त तस्कर के पास से एक चोरी की बाइक व आठ लीटर देशी शराब पुलिस ने बरामद किया। पूछताछ के दौरान उक्त तस्कर ने अरेराज पहाड़पुर, संग्रामपुर सहित अन्य कई प्रखण्डों व गांवों के चिन्हित ठिकानों पर शराब सप्लाई करने की बात स्वीकार की। उन्होंने कोइरगावां चंवर में अपने शराब भठ्ठी से शराब बनाने व आपूर्ति कराने की बात कही। पकड़े गये शराब तस्कर को संग्रामपुर पुलिस ने इसके पूर्व चार बार शराब तस्करी में जेल भेज चुकी है। शराब की बड़ी खेप पहुँचने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मंगलवार की शाम छपकिया रढिया मुख्य सड़क के राजवाड़ी सड़क के पास से बड़े ही नाटकीय ढंग से पकड़ लिया। इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के समय तस्कर शराब के सप्लाई कर वापस लौट रहा था।जिसे पूछताछ उपरांत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मोतिहारी शराब कांड में गिरफ्तार नाबालिग बच्चे को जेजे बोर्ड ने बुधवार को मुक्त कर दिया। वहीं बच्चे के किताब के बस्ता में जबरन शराब रखकर सुगौली भेजने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। उत्पाद विभाग की ओर से पांच लीटर शराब के साथ गिरफ्तार बच्चे को कोर्ट में पेश की गयी।जेजे बोर्ड के प्रधान दंडाधिकारी पंकज कुमार तिवारी ने सुनवाई करते हुए 12 वर्षीय बच्चे को मुक्त करते हुए उसके पिता को हिदायत दी कि बच्चे पर ख्याल रखे और उसकी पढ़ाई जारी रखे।वहीं दो सौ रुपये में बच्चे को बहलाकर शराब के साथ भेजने वाले चिह्रित गहवा गांव के भीम मुखिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश सुगौली थाने को दिया है।आदेश की कॉपी उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक पंकज कुमार, सुगौली थाने के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, नोडल पदाधिकारी सह मुख्यालय डीएसपी को भेजा गया है।

गोआ में पेंटिंग का काम कर रहे मेहसी के दामोदरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय मो. जुनैद की मृत्यु गोआ के ही एक मस्जिद में काम करने के दौरान गिर जाने के कारण हो गयी। उनका शव बुधवार को घर आते कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक दामोदरपुर गांव निवासी मो लाल बाबू का पुत्र बताया जाता है। वर्षो से उक्त युवक गोआ में रह कर पेंटिंग का काम करता था। अचानक घर पर मंगल वार को ़खबर मिली के उसकी मौत मस्जिद में काम करने के दौरान हो गयी। बुधवार को शव के घर पहुंचते घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। शव का अंतिम संस्कार बुधवार को कर दिया गया।

मोतिहारी के मिस्कॉट वार्ड नम्बर बीस में मंगलवार की रात एक टेंट हाउस से चोरों ने चहारदीवारी फांद कर गोडाउन में घुसा और ताला तोड़ कर लगभग 25 हजार नगद , कपड़ा,बर्तन ले गए। सुबह जब टेंट हाउस के संचालक मंटू कुमार ने मेन गेट खोला तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है। नगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। वहीं मंटू के टेंट हाउस से महज पचास मीटर की दूरी पर पंडित सिद्धेश्वर ओझा के घर में भी चोरी हुई। पंडित के घर के पूजा रुम से भगवान की पीतल की मूर्ति, तीन मोबाइल फोन व भवन निर्माण सामग्री भी चुरा ले गए। इंस्पेक्टर विश्वमोहन चौधरी का कहना है कि चोरों की खोज में छापेमारी जारी है।

हाड़ कंपाकपा देने वाली ठंड व सर्दी के के कारण अनुमंडल क्षेत्र के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को बंद करने का सरकारी आदेश प्राप्त है। आदेश की अवहेलना करते हुए अनुमंडल क्षेत्र में दर्जनों कोचिंग शिक्षण संस्थान बेधड़क संचालित किए जा रहे है। इसकी सूचना के बाद अनुमण्डल प्रशासन ने इसको गंभीरता से लिया है। एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा जारी बंदी आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए अरेराज में चल रहे कोचिंग संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए व सघन छापेमारी दल का गठन किया गया है। बंदी आदेश का उल्लंघन कर कमाने के लालच में छोटे छोटे बच्चों को कोचिंग संस्थान में बुला कर कोचिंग कराना जघन्य अपराध है। जिसके विरुद्ध अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

पर्सा जिला के वीरगंज महानगर पालिका वार्ड 22 जगन्नाथपुर स्थित त्रिपति ट्रेडिंग एंड सप्लायर्स कोयला डिपो में दो भारतीय कामगार की मौत हो गई।मृतकों की पहचान पूर्वी चंपारण के रक्सौल के कौवा धांगड़ के पवित्र गिरी(29 )व डिपो मैनेजर मिथिलेश यादव(30 ) के रूप में हुई है। डीएसपी दीपक गिरि ने बताया डिपो की देख रेख में रहने वाले दोनो कामगार मंगलवार की रात्रि डिपो के एक तल्ला भवन में सोए थे। सुबह जब दोनों नहीं निकले तो, गेट तोड़ा गया। जिसमें दोनों मृत पाए गए।

सीमायी शहर रक्सौल को शीघ्र ड्रेनेज की समस्या से निजात मिलनेवाली है। इसके लिए विभागीय स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। नप प्रशासन ने इसके लिए तीन बड़े नाले निर्माण का प्रस्ताव बनाकर विभाग को भेजा था। विभाग द्वारा राज्य योजना की राशि से 1.82 करोड़ रुपये की लागत से बुडको के माध्यम से निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बुडको द्वारा शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य भी आरंभ करा दिया जाएगा। इसके निर्माण होने से जहां एक ओर शहर को जलजमाव की समस्या से निजात मिल जाएगी। वहीं बरसात के मौसम में भी शहर साफ-सुथरा व चकाचक दिखेगा। कहां कहां बनेंगे नाले पहला शहर के बॉर्डर किंग होटल से अनुमंडल कार्यालय के पीछे होते हुए मुख्य नाला तक निर्माण होना है। वहीं दूसरा चावल बाजार से मछली मंडी होते हुए हजारीमल हाई स्कूल के समीप मेन रोड के मुख्य नाला तक निर्माण होना है। जबकि तीसरा तुमड़िया टोला, अंबेडकर बस्ती एवम वार्ड नंबर 05 होते हुए कस्टम ऑफिस के समीप मुख्य नाले में मिलान करने के लिए नाले का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में क्या है स्थिति नप प्रशासन द्वारा कभी - कभार नाले की उड़ाही व सफाई कार्य की पूरी कर इतिश्री कर ली जाती थी। जिससे बरसात के मौसम में जाम व ध्वस्त पड़े नालों से जलनिकासी नहीं होने से मोहल्लों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। जिसके कारण यात्रियों व राहगीरों सहित मोहल्लेवासियों को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ता था। कहते हैं अधिकारी नप के ईओ मनीष कुमार का कहना है कि शहर की ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए राज्य योजना से बुडको के माध्यम से तीन बड़े नालों का निर्माण किया जाना है। आगे की करवाई आरंभ कर दी गई है।