ढाका पुलिस ने फाइनेंशियल कम्पनी के ग्राहकों का जमा रुपये लेकर फरार होने के मामले में वैशाली जिला के पातेपुर थानांतर्गत सकोहुई गांव के मो. आलम आजाद को पकड़ा है। वहीं हनुमान नगर गांव में चोरी मामले में मठिया मोहन के छोटू कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया।
माधोपुर मधुमालत पंचायत के कमिटी बाजार स्थित एक किराना दुकान के पीछे का दीवाल तोड़कर बीती रात चोरों ने नकदी सहित करीब सवा लाख रुपये की किराना सामान चोरी कर ली है। पीड़ित दुकानदार माधोपुर शेखटोली का मोहम्मद महस गाजी हैं। दुकानदार ने घटना को ले थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध आवेदन दिया है। दुकानदार ने बताया कि उसकी दुकान माधोपुर कमिटी बाजार पर शेख मुस्लिम के मकान में स्थित है। रविवार की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह दुकान का शटर खोला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके दुकान में चोरों ने पीछे के दीवाल में सेंधमारी कर समान को तीतर-बितर कर दिया गया था। साथ ही दुकान का गल्ला गायब था। जिसमें करीब 35 हजार रुपये के सिक्का व नोट था। दुकान में रखे तेल, सैम्पू, साबुन, माचिस डिब्बा सहित करीब 75 हजार के संपत्ति की चोरी अज्ञात चोरों के द्वारा कर ली गयी है। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
परसा गांव में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें यज्ञकर्ता सहित बड़ी संख्या में कन्याएं शामिल थे। यह कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकल गांव स्थित पोखर पर पहुंचा व वहां से जल भर कर पुन यज्ञ स्थल तक पहुंचा। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना शुरू हुई। कलश यात्रा में यज्ञकर्ता डॉ एल. बी. प्रसाद, डॉ प्रीति प्रसाद सहित प्रभु प्रसाद, संतोष कुमार, बी एन राय, मुखिया बाबूलाल प्रसाद,जितेंद्र प्रसाद व ग्रामीण शामिल थे। यज्ञकर्ता डॉ. एल. बी. प्रसाद ने बताया कि नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार से अष्टयाम शुरू हुआ है।
भागवत कथा सुनने से आर्थिक व मानसिक सहित सभी दोषों का नाश होता है और पुण्यफल की प्राप्ति होती है। भागवत कथा कर्म करने की शिक्षा भी देती है। हमको केवल कर्म करने का अधिकार मिला है,फल की चिंता नहीं करनी है। ये बातें अपने दूसरे दिन के प्रवचन के क्रम में कथावाचिका कविता कृष्णा ने राजा बाजार स्थित एनसीसी कैम्प के पास देवी स्थान में आयोजित भागवत कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं से कही। उन्होंने भागवत परायण में नारद मुनि के ज्ञान व वैराग्य को बताते हुए धुंधकारी और गोकर्ण की कथा भी श्रद्धालुओं को सुनाया। उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ हेना चंद्रा व मनरेगा डीपीओ अमित कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि जिस स्थान पर कथा होती है उसके आस पास का वातावरण भक्तिमय हो जाता है। कथा में व्यास पीठ का पूजन पंडित जितेन्द्र उपाध्याय के द्वारा किया गया। मौके पर विमला देवी, निशा कुमारी, श्रीकांत पाठक,गीता देवी, मंजू देवी व अरुण सिंह सहित अनेक थे।
कुण्डवा चैनपुर बाजार पर नव निर्मित भगवती मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ के दूसरे दिन सोमवार सुबह मंडप प्रवेश व पूजन के बाद मूर्ति का नगर परिभ्रमण कराया गया। यात्रा कुण्डवा चैनपुर से निकल कर आस पास के गांवों में भ्रमण कर पुन यज्ञ स्थल पर पहुंची। गांव गांव में लोगों ने मूर्ति का दर्शन किया व यात्रा के रास्ते पर पुष्प वर्षा की। आचार्य मनीष पाठक ने बताया कि नगर परिभ्रमण का बहुत ही महत्व है। परिभ्रमण से लोगों का यज्ञ व यज्ञ स्थली के प्रति जुड़ाव होता है। परिभ्रमण में सौकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। बैंड बाजे व आकर्षक झांकियां लोगों को आकर्षित कर रही थी । आचार्य ने बताया कि नगर परिभ्रमण के बाद मूर्ति का अधिवास कार्यक्रम शुरू होगा। वेदी पूजन से मंगलवार को तीसरे दिन के यज्ञ की शुरुआत होगी। विधिवत पूजन अर्चन के बाद 18 जनवरी को मूर्ति को मंदिर में स्थापित किया जायेगा। राजस्थान से आयी भव्य संगमरमर की मूर्ति आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। क्षेत्र के लोग बढ़चढ़ कर यज्ञ में हिस्सा ले रहे हैं। परिभ्रमण के आचार्य के अलावा उपासक नागेंद्र कुमार, त्रिलोकी झा,कृष्णन्दन सिंह थे।
नगर निगम क्षेत्र वॉर्ड 31 के हरदिया गांव स्थित ई ललन प्रसाद के आवास पर सोमवार को श्रम विभाग द्वारा निशुल्क श्रम कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। उद्घाटन नगर निगम के डिप्टी चेयरमैन डॉ लालबाबू प्रसाद व वार्ड पार्षद विद्यावती देवी ने किया। मौके पर डॉ लालबाबू ने कहा कि नगर निगम को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए काम किया जाएगा। मजदूरों को श्रम कार्ड बनाकर रोजगार देने का प्रयास किया जाएगा। चंपारण सेवा समिति के अध्यक्ष ई ललन प्रसाद ने कहा कि वार्ड 31 के लोगों को मूलभूत सुविधा देने का प्रयास रहेगा। उन्हें सड़क, बिजली, नलजल आदि उपलब्ध कराने का उनका सपना साकार होगा। मौके पर श्रम विभाग के डाटा ऑपरेटर गोलू जायसवाल,मनोज सिंह ने श्रमिको का श्रम कार्ड बनाया। इस दौरान लालबाबू सहनी, बिपिन सहनी, नंदकिशोर सहनी ,पुनीत महतो, कमलेश महतो, दिनेश महतो,रवींद्र पासवान,उपेंद्र पासवान, सोनालाल पासवान,शंभू सिंह,सहज्जाद हुसैन, दया पटेल , संतोष महतो, रामचंद्र राम, अशोक लाल पटवा ,मानकेश्वर राम सहित 200 लोगों का ई श्रम कार्ड बनाया गया।
जिला जल व स्वच्छता समिति कार्य प्रगति की संबंधित पदाधिकारियों के साथ सोमवार को समीक्षा बैठक की गई। अध्यक्षता डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने की। बैठक में मुख्य रूप से व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लंबित भुगतान की समीक्षा की गयी। डीएम ने सामुदायिक शौचालय निर्माण के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रथम चरण 51 ग्राम पंचायत में ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य प्रगति की समीक्षा की।110 ग्राम पंचायत में ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्य की समीक्षा की गयी। ओडीएफ प्लस गांव व रिट्री फिटिंग की समीक्षा करते डीएम ने पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गांव को सुंदर बनाए रखने के लिए तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना अंतर्गत सोख्ता निर्माण कराएं। उन्होंने सॉक पीट निर्माण व हाउस टू हाउस कनेक्शन गुणवत्ता पूर्ण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक मजबूती, जलवायु को आकर्षित करने के लिए गार्जियंस ऑफ चंपारण व कैच द रेन योजना अंतर्गत बेहतर कार्य करने वाले मुखिया व पीआरएस को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त समीर सौरभ, निदेशक डीआरडीए मेघा कश्यप, सिविल सर्जन डॉ. अंजनी कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी गुप्तेश्वर कुमार, नगर निगम सिटी मैनेजर, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी मनीष कुमार, प्रबंधक जीविका, जिला
जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालय मंगलवार से खुल जाएंगे। शीतलहर और ठंड की स्थिति के बीच स्कूलों के संचालन के समय में प्रशासन ने बदलाव कर दिया है। सभी सरकारी व निजी विद्यालय सुबह के 10 बजे से दिन के 3 बजे तक संचालित होंगे। डीईओ संजय कुमार ने इस मामले में डीएम शीर्षत कपिल अशोक की अनुमति के बाद निर्देश जारी कर दिया है। गौरतलब है कि जिले में पर रही अप्रत्याशित ठंड व शीतलहर को लेकर डीएम ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों को 26 दिसंबर से बंद कर दिया था। जिसके कारण स्कूलों में पठन पाठन पिछले 22 दिनों से ठप था। इधर ठंड कुछ कम होने व धूप निकलने के कारण स्कूलों को मंगलवार से खोलने का निर्णय लिया गया है।
अरेराज नगर पंचायत अरेराज के नव निर्वाचित मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद व पार्षदों ने सोमवार को नगर पंचायत के कार्यालय में अपना प्रभार संभाल लिया। इससे पहले नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद व पार्षदों को सम्मानित किया। सम्मानित होने व प्रभार संभालने के बाद सभी नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों ने अपने कर्तब्य का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने की बात कही। प्रभार लेने वालों में मुख्य पार्षद अमितेश कुमार पाण्डेय उर्फ रण्टू पाण्डेय, उप मुख्य पार्षद अहमद अली आजाद, पार्षद मनीष देवी, रामनारायण प्रसाद, हिकैती देवी, स्वाति आनंद, अंशु कुमारी, श्रीकांति देवी, नीकु पाण्डेय, राम दुलारी देवी, ज्योति गुप्ता, कृष्ण भूषण दास उर्फ श्रवण दास, मीना देवी, खुशबू कुमारी, प्रमोद महतो व प्रभु प्रसाद गुप्ता आदि पार्षद शामिल थे।
रक्सौल नगर परिषद कार्यालय के सभागार में सोमवार को नगर परिषद के नव निर्वाचित मुख्य व उपमुख्य पार्षद सहित पार्षदों के कार्यभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। नप के ईओ डॉ मनीष कुमार ने कहा कि नगर निकाय सत्ता की एक ऐसी इकाई है जहां जनता के द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि अपने धैर्य, बुद्धि और विवेक के माध्यम से शहर का सर्वांगीण विकास करने का कार्य करते हैं। उन्होंने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए नगर के विकास में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के दौरान ईओ ने मुख्य पार्षद धुरपति देवी व उपमुख्य पार्षद पुष्पा देवी को बुके देकर सम्मानित किया। वहीं नप के कर्मियों ने बारी बारी से सभी 25 नगर पार्षदों को बुके देकर सम्मानित किया। जबकि मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद द्वारा सभी नप के सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म दिया गया। मुख्य पार्षद धुरपति देवी व उपमुख्य पार्षद पुष्पा देवी ने संयुक्त रूप से कहा कि शहर की साफ सफाई एवम ड्रेनेज सिस्टम को चुस्त दुरुस्त करने के लिए शीघ्र एक मास्टर प्लान बनाकर उसे कार्यरूप दिया जाएगा। साथ ही शहर में पार्क , स्टेडियम व नगर भवन बनाने का कार्य किया जाएगा।
