प्रधानमंत्री जनमन मिशन के अंतर्गत भारिया जनजाति बसाहटों में विभिन्न प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन ========================= कलेक्टर श्री मनोज पुष्प के मार्गनिर्देशन में प्रधानमंत्री जनमन मिशन के अंतर्गत छिन्दवाड़ा जिले के भारिया जनजाति बसाहटों में विभिन्न प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है जिससे वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिये प्रेरित हो सकें और उनका उत्थान व विकास हो सकें। इसी क्रम में हर्रई नगर में छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर तथा ग्राम पंचायत घटलिंगा में दीवार लेखन का कार्य कर और प्रधानमंत्री जनमन योजना के पोस्टर लगाकर भारिया ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री जनमन मिशन के अंतर्गत आदिवासी विकासखंड हर्रई के नगर हर्रई में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हर्रई की छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई और योजना के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इसी प्रकार आदिवासी विकासखंड तामिया की ग्राम पंचायत घटलिंगा में भारिया आदिवासियों की क्षेत्रीय भाषा में योजनाओं संबंधी नारों का दीवार लेखन कर और प्रधानमंत्री जनमन योजना के पोस्टर लगाकर योजना के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।