सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम ने विकासखंड बिछुआ के 2 छात्रावासों का किया निरीक्षण ======================= जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री आर.एस.मरकाम और क्षेत्र संयोजक श्री रवि कनौजिया द्वारा आज जिले के विकासखंड बिछुआ के आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास धनेगांव और उत्कृष्ट आदिवासी बालक छात्रावास बिछुआ का निरीक्षण किया गया। उन्होंने दोनों संस्थाओं के अधीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये तथा निर्देशों के परिपालन में आगामी 5 दिनों के भीतर जिला कार्यालय में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम ने बताया कि आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास धनेगांव के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक श्री रमेश पराड़कर और अन्य कर्मचारी उपस्थित पाये गये। वर्तमान में छात्रावास अन्य शासकीय भवन में संचालित है जिसमें स्थान का अभाव है तथा पास में ही नवीन भवन निर्माणाधीन है। उन्होंने नवीन छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया और शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये ताकि विद्यार्थियों को छात्रावास में रहने की समस्या न हो। छात्रावास में सुबह और शाम नाश्ता व भोजन दिया जा रहा है। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किये जाने के निर्देश देने के साथ ही संस्था में स्वीकृत सीट के मान से अधिक छात्र को दर्ज करना पाये जाने पर स्वीकृत सीट संख्या के अनुसार ही छात्रों को दर्ज करने के निर्देश भी दिये । इसके उपरांत उन्होंने उत्कृष्ट आदिवासी बालक छात्रावास बिछुआ का निरीक्षण किया, जहां अधीक्षक श्री अनुराग शर्मा उपस्थित पाये गये। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई और डस्टबिन शयनकक्ष के अंदर रखे हुए पाये गये। कुछ छात्रों द्वारा भोजन की गुणवत्ता को लेकर समस्या बताई गई जिसे तत्काल निराकृत करने के निर्देश दिये गये । दोनों ही संस्थाओं में चादर और कंबल पर्याप्त संख्या में नहीं पाये जाने पर सभी छात्रों का एनपीसीआई 9 दिसंबर तक कंप्लीट कर जिला कार्यालय को अवगत कराने और शीत लहर को ध्यान में रखते हुए आवश्यक शयन सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये।
