हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा की प्रदेश प्रावीण्य सूची और जिला प्रावीण्य सूची में सम्मिलित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को किया गया सम्मानित ======================================== कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले द्वारा आज माध्यमिक शिक्षा मण्डल म.प्र. भोपाल द्वारा आयोजित मण्डल हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा सत्र 2022-23 में प्रदेश प्रावीण्य सूची में सम्मिलित तीन विद्यार्थियों और जिला प्रावीण्य सूची में सम्मिलित 10 विद्यार्थियों को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उनके अभिभावकों और शिक्षकों के साथ सम्मानित किया गया। सम्मानित करने के पूर्व उन्होंने सभी विद्यार्थियों से एक-एक कर उनकी सफलता व भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, की जानकारी प्राप्त की । सभी बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को देते हुये स्वयं की मेहनत और लगन का परिणाम बताया। कलेक्टर श्रीमती पटले द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी के माता-पिता को पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया और विद्यार्थियों को प्रशस्तिपत्र व महापुरूषों की जीवनियों की पुस्तक व सेलिब्रेशन किट देकर प्रशंसा की गई। उन्होंने सभी अभिभावकों, गुरुजनों और विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनायें देते हुये विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिये स्वयं का आत्मविश्वास, दृढ इच्छा शक्ति और कड़ी मेहनत करने का संदेश देते हुये प्रेरित किया । उन्होंने जिले के अन्य सभी विद्यार्थियों को भी उनकी सफलताओं के लिये बधाई व शुभकामनायें प्रेषित की और ऐसे विद्यार्थी जो किन्ही कारणों से अपेक्षा के अनुरूप परिणाम प्राप्त नहीं कर पाये हैं, को संदेश दिया कि वे निराश नहीं हों, क्योंकि यह परीक्षा उनके जीवन की अन्तिम परीक्षा नहीं है, बल्कि इसके आगे भी उनके सामने अनेक अवसर आयेंगे जिनमें वे पुनः मेहनत कर सफलता प्राप्त कर सकते हैं । जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल ने बताया कि म.प्र.माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी राज्य प्रावीण्य सूची में जिले के तीन विद्यार्थियों को स्थान प्राप्त हुआ जिसमें हायर सेकेण्डरी परीक्षा कक्षा 12वीं में कला संकाय में जिले के ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरवाड़ा की छात्रा कु.मौली नेमा पिता श्री अनिल नेमा द्वारा 500 में से 489 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान, विज्ञान एवं गणित संकाय में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाडा के छात्र श्री अनुज माहोर पिता श्री राकेश माहोर द्वारा 500 में से 480 अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में 8वाँ स्थान और वाणिज्य समूह में ब्राईट कैरियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरवाड़ा की छात्रा कु.अनन्या जैन पिता श्री चन्द्रकुमार जैन द्वारा 500 में से 474 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है । उन्होंने बताया कि जिले की कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चांद की छात्रा कु.सौम्या बंदेवार पिता श्री विनीत बंदेवाद ने 500 में से 484 अंक प्राप्त कर प्रथम, शासकीय नंदलाल सूद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुन्नारदेव की छात्रा कु.महिमा पवार पिता श्री तोशनलाल पवार, राज राजेश्वरी पब्लिक स्कूल घोडावाडी की छात्रा कु.आयशा सूर्यवंशी पिता श्री ब्रजेशप्रसाद व ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरवाड़ा की छात्रा कु.प्रतिभा वर्मा पिता श्री श्याम कुमार वर्मा ने 500 में से 483 अंक प्राप्त कर व्दितीय और लिटिल स्टेप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरगांव की छात्रा कु.आयुशी गोड़बोले पिता श्री नरेन्द्र गोडबोले व शासकीय एलबीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांढुर्णा की छात्रा कु.लिजा शेख पिता श्री अब्दुल रउफ शेख ने 500 में से 482 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है । इसी प्रकार कक्षा 12वीं की जिला प्रावीण्य सूची में सरस्वती शिशु मंदिर गणेश चौक छिंदवाड़ा की छात्रा कु.खुशी बारापात्रे पिता श्री योगेश्वर बारापात्रे ने 500 में से 477 अंक प्राप्त कर प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलटवाडा के छात्र श्री दीपेश पिता श्री अशोक ने 500 में से 472 अंक प्राप्त कर व्दितीय और डेनियलसन इंग्लिश मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा के छात्र श्री अमेय जैन पिता श्री संदेश जैन व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संजय गांधी तिगांव की छात्रा कु.प्राची वालके पिता श्री रत्नाकर वालके ने 500 में से 471 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है ।
