वारिसनगर प्रखंडाधीन उत्क्रमित मध्य विद्यालय रोहुआ में वरीय शिक्षिका अभिलाषा कुमारी (स्नातक ग्रेड) के रहते कनीय शिक्षक विनोद कुमार पासवान के पास विद्यालय का प्रभार रखने का मामला संज्ञान में आया है। बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल) के प्रखंड अध्यक्ष विक्रम चौधरी ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय रोहुआ में कार्यालयी व विभागीय आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वारिसनगर द्वारा कई बार प्रभार सौंपने के आदेश की अवहेलना कर पत्र प्राप्त करने से इंकार कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी समस्तीपुर के पत्रांक- 580/24-02-2020 को भी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार पासवान द्वारा धत्ता बता दिया गया है। स्नातक ग्रेड की शिक्षिका अभिलाषा कुमारी के आवेदन पर पुनः पत्रांक- 1378/18-08-2020 व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वारिसनगर के ज्ञापांक- 155 दिनांक- 26-08-2020 द्वारा कनीय शिक्षक जो वर्तमान में प्रधानाध्यापक है विनोद कुमार पासवान पर वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना एवं कर्तव्यहीनता का आरोप लगाते हुए 3 दिनों के अंदर स्नातक ग्रेड की वरीय शिक्षिका अभिलाषा कुमारी को प्रभार सौंपते हुए प्रभार सूची की प्रति के साथ प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश निर्गत किया है। अन्यथा की स्थिति में वेतन बंद करते हुए अग्रेतर कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारी को प्रतिवेदित करने की बात कही गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी समस्तीपुर के आदेशों का अनुपालन होता है या नहीं वहीं विभाग आगे क्या कार्यवाई करती है।