स्थानीय सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह व स्थानीय विधायक सुनील मणि तिवारी ने सोमवार को अरेराज, मधुबनी व भोपतपुर रेलवे स्टेशन भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास अरेराज के बरवा में किया। संसद में 25 जुलाई 1996 को विषय रेल बजट 1996-97 पर सामन्य चर्चा करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा था कि बिहार के अंदर टूरिस्ट मार्ग जो है उसमें भी कहीं एक रेल लाइन बननी चाहिए। उन्होंने कहा था कि संपूर्ण बिहार के अंदर वैशाली, केसरियाऔर अरेराज ऐतिहासिक दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण स्थान हैं। इन पवित्र स्थानों की महिमा एवं ख्याति के कारण ही देश-विदेश से हजारों पर्यटकों का आना लगा रहता है। केसरिया व अरेराज में बिहार व पड़ोसी देश नेपाल से लाखों लोग वर्ष में कई-कई बार अपनी सोमेश्वरनाथ महादेव का अभिषेक करने के लिए आते हैं। इस मार्ग में जापान 125 फीट विश्व का सबसे ऊंचा स्तूप वैशाली में ही बनवा रहा है। परन्तु इतना होने के बावजूद पर्यटकों व स्थानीय लोगों को रेल सुविधा नहीं है। हाजीपुर-सुगौली वाया लालगंज- वैशाली - केसरिया- अरेराज सीधे रेल मार्ग के निर्माण से दर्जनों व्यावसायिक व ऐतिहासिक परिक्षेत्र प्रभावित होंगे। यह मार्ग वैशाली- मुजफ्फरपुर व पूर्वी चंपारण के 11 प्रखंडों से जुड़ जायेगा। इसकी आबादी लगभग 30 लाख के आसपास है।