अपग्रेड हुए मिडिल और हाईस्कूल में अलग-अलग इकाई होंगी। मिडिल से प्लस 2 में अपग्रेड स्कूलों को लेकर सरकार ने यह निर्देश दिया है। पहली से 8वीं और 9वीं से 12वीं तक के लिए अलग-अलग शैक्षणिक और प्रशासनिक इकाई होंगी। सरकार ने निर्देश दिया है कि दोनों स्कूल का संचालन भी अलग-अलग समिति के माध्यम से होगा। यही नहीं, दोनों का यू डायस कोड भी अलग-अलग होगा। कई स्कूलों में यू डायस भरने में मिडिल और हाईस्कूल के शिक्षकों के बीच मामला फंसा था। ऐसे स्कूल जो मिडिल से प्लस 2 स्कूल में अपग्रेड हुए हैं और जहां वर्तमान में बीपीएससी के माध्यम से प्रधानाध्यापक की प्रतिनियुक्ति की गई है, वहां नियमित प्रधानाध्यापक को ही यूजर आईडी और पासवर्ड मिला था। इन स्कूलों में मिडिल के शिक्षकों ने शिकायत की थी कि उन्हें छात्रों का डाटा भरने में इस कारण परेशानी आ रही है। शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव संजय कुमार ने इसे लेकर निर्देश दिया है।