पूर्वी चंपारण में राहुल सिंह गैंग का कुख्यात शूटर कुणाल सिंह एके-47 के दम पर रंगदारी का गिरोह चला रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में इसका खुलासा हुआ है। उत्तर बिहार में निर्माण कंपनियों से टेंडर राशि पर यह गैंग दो प्रतिशत रंगदारी वसूल रहा है। गैंग के 36 शार्प शूटर चिह्नित किए गए हैं, जिसकी सूची बनाई गई है। विशेष टीम गैंग के सभी शूटरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बेतिया डीआईजी जयंतकांत ने इसकी पुष्टि की है। ठेकेदारों से रंगदारी वसूली के अलावा यह गैंग प्रापर्टी डीलिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय है। बड़े बिल्डर से वसूली के अलावा जमीन पर कब्जा दिलाने का भी गैंग ठेका ले रहा है। मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, शिवहर, बेतिया और सारण में गैंग के दर्जनों शार्प शूटर हैं। इस गैंग में कई एके 47 हथियार के अलावा विदेशी पिस्टल हैं। रंगदारी नहीं देने वालों पर हथियार से लैस शार्प शूटर धावा बोलते हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो गैंग के सरगना राहुल सिंह के अलावा देवा गुप्ता, विकास सिंह, सिगरेट सिंह, कुणाल आदि बड़े नाम हैं। गैंग के शूटर राजतिलक, अतुल सिंह, गब्बर सिंह समेत 10 कुख्यात अभी जेल में बंद हैं। जेल भेजे गए कुणाल सिंह से अन्य बड़ी जांच एजेंसियों के अधिकारी भी पूछताछ कर चुके हैं।