सरकारी स्कूलों के बच्चों की दीक्षा एप से होगी ऑनलाइन पढ़ाई पीपराकोठी। सरकारी स्कूलों के बच्चों की दीक्षा एप से ऑनलाइन पढ़ाई होगी। इसको लेकर विभागीय स्तर पर तैयारी की जा रही है। ताकि ऑनलाइन ढंग से बेहतर पढ़ाई कराई जा सके। इसको लेकर शिक्षकों को भी तैयार किया जा रहा है। प्रथम चरण में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। इसके बाद मास्टर ट्रेनर प्रखंडों में जाकर हेडमास्टर और शिक्षकों को दीक्षा एप से ऑनलाइन पढ़ाई कराने की जानकारी देंगे। शिक्षकों को राज्य शिक्षा एवं शोध प्रशिक्षण परिषद पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कराया गया।  दीक्षा एप पोर्टल के बेहतर उपयोग के लिए क्षमता वर्धन को लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद पटना में दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।  सभी प्रतिभागियों को अपने मोबाइल में दीक्षा एप डाउनलोड करने को कहा गया है। प्रशिक्षण से मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा रहे हैं, जो प्रखंडों में जाकर ट्रेनिंग देंगे और इसी ट्रेनिंग के आधार पर ऑनलाइन क्लास चलाई जाएगी। घर बैठे भी पढ़ सकेंगे बच्चे: दीक्षा एप के माध्यम से बच्चों को शिक्षा की मुहिम से जोड़े जाने की कवायद की जा रही है। इसके तहत नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन की ओर से जारी एप्लीकेशन के माध्यम से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थी घर बैठे पढ़ाई कर सकते हैं। दीक्षा एप में बेसिक शिक्षा के पाठ्यक्रमों से वीडियो अपलोड रहेंगे जिससे कक्षावार बच्चे पढाई कर सकेंगे।