बिहार राज्य के जमुई जिला के सोनो मे अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प सोनो - विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम भारती सर्वोदय आश्रम सिमुलतला में कृषि विज्ञान केन्द्र, जमुई एवं ग्राम भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में झाझा, चकाई एवं सोनो प्रखंड के दर्जनों गांवों के सैंकड़ों स्त्री - पुरुषों ने पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि इफको के प्रबंधक विनय कुमार कर्ण ने अपने संबोधन में पर्यावरण रक्षा के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संयमित उपभोग से ही विश्व की रक्षा संभव है।कृषि विज्ञान केन्द्र जमुई के वरीय वैज्ञानिक एवं केंद्र प्रमुख डा० सुधीर कुमार ने पार्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज हमें प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने की परम आवश्यकता है। ग्राम भारती के संचालक श्री विमलेश कुमार ने भूगर्भ के जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समुदाय के लोग वर्षा जल के संचयन हेतु सामुदायिक प्रयास के रूप में छोटे छोटे बाबड़ी, ट्रेंच, टैंक आदि का काम करें जिसमें ग्राम भारती की सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से सहयोग किया जाएगा।विल्ड ट्रस्ट की शिवानी ने पारंपरिक मोटे अनाज की महत्ता की चर्चा की।कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।मौके पर परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित लोगों को आम का पौधा नि:शुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण रक्षा का सामुहिक संकल्प लिया गया।