अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल में बुधवार को नववर्ष मंगल मिलन सह सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। जिसमें बेहतर करने वाले चिकित्सकों व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का आयोजन अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल के अधीक्षक डॉ उज्जवल प्रताप की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि अरेराज एसडीएम संजीव कुमार, पीजीआरओ लखिन्द्र पासवान व डीसीएलआर सन्नी कुमार ने अपने अपने संबोधन के माध्यम से चिकित्सकों व कर्मियों का मनोबल बढ़ाया।
मोतिहारी। पटना उच्च न्यायालय द्वारा बांका से स्थानांतरित देवराज त्रिपाठी ने गुरुवार को पूर्वाहन योगदान कर जिला जज का कार्यभार संभाल लिया है। श्री त्रिपाठी कुछ ही माह पूर्व मोतिहारी परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश से बांका के जिला जज बनाये गये थे। नये जिला जज के योगदान की सूचना मिलते ही सभी न्यायिक पदाधिकारी व अधिवक्तागण पहुंच कर शुभकामनाएं दी। जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह, महासचिव डॉ नरेन्द्र देव के नेतृत्व में अधिवक्तओं का एक प्रतिनिधिमंडल मिलकर वादकारी पक्षकारों को न्याय दिलाने में एक दूसरे के सहयोग का भरोसा की शुभकामनाएं दी।
मोतिहारी जिला कृषि विभाग गरमा खेती की तैयारी में जुट गया है। इसको लेकर गरमा 2023 के तहत अनुदानित व प्रत्यक्षण बीज के लिए आवेदन, उठाव व वितरण को लेकर शेड्यूल जारी किया गया है। बिहार राज्य बीज निगम से बीज के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 15 जनवरी तक निर्धारित की गई है। जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बीज वितरकों को 20 से 25 जनवरी तक ऑनलाइन बीज आवंटित किया जायेगा। 25 जनवरी से 2 फरवरी तक बीज वितरक व बीज विक्रेताओं के द्वारा बीआरबी एन को राशि जमा कराने की तिथि निर्धारित की गई है। बीआरबी एन के द्वारा वितरक व बीज विक्रेताओं को 3 से 20 फरवरी तक बीज उपलब्ध कराया जाएगा।15 फरवरी से किसानों के बीच बीज का वितरण शुरू कराया जायेगा। कृषि निदेशालय पटना के द्वारा निर्देश जारी किया गया है।
वीरगंज के बस पार्क व उससे जुड़े एरिया में संचालित आवासीय होटलो -रेस्टुरेंटो में पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधि में लिप्त 29 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस को शिकायत मिली थी कि क्षेत्र में शराब पी कर आने वाले पुरुषों को शिकार बनाया जाता था। वहीं,थर्ड जेंडर भी सक्रिय थी। साथ ही होटलों में देह व्यापार हो रहा था। इसकी पुष्टि डीएसपी दीपक गिरी ने की है। उन्होंने बताया कि इसमें 24 महिला व 5 पुरुष शामिल हैं।उन्होंने बताया कि मामले में जांच पड़ताल जारी है।इधर,होटल एवं पर्यटन व्यवसायी संघ के अध्यक्ष हरि पंत ने इस कदम का स्वागत करते हुए बताया कि इससे होटल का स्वच्छ कारोबार करने वाले लोग प्रभावित हो रहे थे व गलत कार्यो से शहर की बदनामी हो रही थी।
मोतिहारी। उर्वरक बिक्री में अनियमितता बरतने पर अबतक इस रबी सीजन में जिला कृषि विभाग ने 16 खाद विक्रेताओं पर कार्रवाई की है। इसमें 8 खाद विक्रेता पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इन सोलह में सात खाद विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए गए हैं। जबकि पांच विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इन खाद विक्रेताओं पर हुई एफआईआर घोड़ासहन ब्लॉक के सूरज खाद भंडार वृता चौक पर एफआईआर दर्ज कराते हुए लाइसेंस रद्द किया गया है। गुप्ता इंटरप्राइजेज घोड़ासहन पर एफआईआर दर्ज कराते हुए दुकान का लाइसेंस रद्द किया गया है। चकिया ब्लॉक के गुप्ता फर्टिलाइजर व बंजरिया ब्लॉक के दीपू खाद बीज भंडार पर एफआईआर दर्ज कराते हुए दुकान का लाइसेंस रद्द किया गया है। ढाका ब्लॉक के मुरारी मिश्रा कर्मवा, मो मोइदुर्रहमान व कुंडवा चैनपुर ढाका के ध्रुव प्रसाद बसंतपुर व डुमरिया घाट थाना के नीरज कुमार पर एफआईआर दर्ज की गई है। केसरिया ब्लॉक के कुमार फर्टिलाइजर खिजीरपुरा व मधुबन ब्लॉक के गौरव इंटरप्राइजेज के दुकान का लाइसेंस रद्द किया गया है।
मोतिहारी। सदर अनुमंडल के डीएसपी व सभी एसएचओ के साथ मुफस्सिल थाने में चार जनवरी की शाम एसपी कांतेश कुमार सिंह ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान सभी थानों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। वहीं यह निर्देश दिया कि शराबियों व शराब माफियाओं का नाम गुंडा पंजी में दर्ज करने के लिये प्रस्ताव भेजे। पहले से जिन लोगों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज है उनका हर माह संबंधित थाने पर परेड कराएं। जमानत पर निकलने वालों बदमाशों पर नजर रखें। अब थाना दैनिकी में इंट्री के बाद ही कोई भी एफआईआर दर्ज होगी। एसपी ने पुलिसिंग का पाठ पढ़ाया और आम नागरिकों से कुशल व्यवहार रखने का निर्देश दिया। गंभीर मामले हत्या, लूट, डकैती, दहेज हत्या आदि में फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने व कांडों का निपटारा करने का निर्देश दिया। थानों में सचिकाओं के निर्धारण के तरीका बताएं। समीक्षा बैठक में सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्त, नगर इंस्पेक्टर विश्वमोहन चौधरी थे।
मोतिहारी।नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि बिहार में जनता का नहीं, बदमाशों का राज है। सुशासन का नहीं, कुशासन का राज है। यहां अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ मकर संक्राति के बाद सभी जिले में भाजपा आंदोलन चलाएगी। सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के साथ नए बिहार के लिए आंदोलन होगा। नेता प्रतिपक्ष स्टेशन रोड स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की कमजोर नीतियों के चलते शराब माफिया का मनोबल बढ़ा हुआ है। इसके चलते पुलिस पदाधिकारी धन-कुबेर बन गए हैं। इसकी समीक्षा होनी चाहिए। सीएम समाधान यात्रा ढोल बजाकर निकाल रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे राजा की अगुआई में ढोल बजाया जा रहा है। यह उनकी अंतिम यात्रा- विदाई यात्रा है। प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक करवाने वाले पदाधिकारी पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
मोतिहारी । शहर के ठाकुरबाड़ी मोहल्ले में आपसी विवाद को लेकर गुरुवार को हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गये। जख्मी लोगाें को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट में राजा कुमार, उसकी मां मालती देवी व बहन संगीता देवी हो गयी। राजा कुमार के बयान पर सोनु कुमार, गणेश महतो, ललिता देवी, सोनी कुमारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेतरिया प्रखंड के कोठिया पंचायत में वर्ष 2020में मुखिया व अनुश्रवण समिति के सदस्यों ने मिलीभगत कर बड़ी संख्या में दूसरे जिला व दूसरे पंचायत के लोगों को बाढ़ राहत की छह हजार देने का आरोप कोठिया पंचायत के भगवानपुर गांव निवासी जदयू नेता सत्यपाल आर्य ने लगाते हुए पकड़ीदयाल अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी से शिकायत की थी। जांच में पाया गया कि 112लाभुक दुसरे पंचायत व दुसरे जिला के है।जिन्हें बाढ़ राहत की राशि दी गयी है। ऐसे में पकड़ीदयाल अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बृंदा लाल ने तेतरिया सीओ आरती कुमारी को आदेश दिया है कि अनुश्रवण समिति के जिन सदस्यों के द्धारा लाभुकों की पहचान व सूची पर हस्ताक्षर किया गया है उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करें। डेढ़ माह बीतने के बाद भी सीओ ने एफआईआर दर्ज नहीं कराये जाने का आरोप शिकायत कर्ता ने लगाया है। सीओ आरती कुमारी ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
बारा जिला के निजगढ़ में एक 15 बर्षीय नाबालिक किशोरी से बलात्कार के आरोप में एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया गया है। बताया गया है कि बिहार के मुजफ्फरपुर के सरहिया निवासी लाल बाबू चौधरी ( 37) निजगढ़ वार्ड 10 में किराया ले कर अस्थाई रूप से रहता था। आरोप है कि उसने बहला फुसला कमरे में ले गया व दुष्कर्म किया।डीएसपी राजेश थापा ने बताया कि मामले में जांच के क्रम में लालबाबू को हिरासत में ले कर जांच पड़ताल व कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
