विगत कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच शुक्रवार दोपहर में निकली धूप से काफी राहत मिली है। धूप निकलने के साथ घरों से लोग बाहर निकल आए। कई जगह लोग छतों पर धूप सेंकने के लिए चढ़ गये। धूप की गर्माहट से लोग घंटों छत पर बैठे ठंड से मिली राहत का जमकर लुत्फ उठाये। धूप निकलने से पारा चार डिग्री सेल्सियस उपर आ गया। गुरुवार को ठंड इस कदर अधिक थी कि न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। इधर मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारिक ने बताया कि अगले चार दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की संभावना है। लेकिन दिन में मौसम साफ रह सकता है। लगातार पछिया हवा व सामान्य से कम तापमान रहने के कारण कनकनी अभी बरकार रहेगी।

अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति तथा वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। एसडीओ शंभू शरण की उपस्थिति में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजकिशोर लाल ने मुख्य पार्षद पवन कुमार, उपमुख्य पार्षद सुभाष कुमार, वार्ड नं एक के वार्ड पार्षद दीनानाथ साह, वार्ड पार्षद गीता देवी, वार्ड पार्षद रामकली देवी, वार्ड पार्षद पिंकी सिंह, वार्ड पार्षद प्रकाश कुमार दास, वार्ड पार्षद बिल्टू राम, वार्ड पार्षद मुन्नी देवी, वार्ड पार्षद विशाल कुमार, वार्ड

मोतिहारी दी मोतिहारी सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल की चुनाव को लेकर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की कार्रवाई शुरू है। इसको लेकर मतदाता सूची तैयार कर ली गयी है। उसकी प्रति विभिन्न कार्यालयों पर चिपका दी गयी है। समितियों के अध्यक्ष को कोई शिकायत हो तो वे दावा आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। दावा आपत्ति दर्ज कराने की तिथि 12 से 23 जनवरी तक तय है। दावा आपत्ति निष्पादन के बाद 25 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसको लेकर सदर एसडीओ श्रेष्ठ अनुपम के द्वारा पत्र जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी को दी सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसको लेकर मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी चल रही है। इसके बाद चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने की संभावना है। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार बिहार पटना के निदेश के आलोक में निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ श्रेष्ठ अनुपम ने बंजरिया सीओ मणि भूषण वर्मा को उप निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में प्राधिकृत किया है। इन्हें अपने कार्यों के अतिरिक्त प्रतिदिन अनुमंडल कार्यालय सदर में उपस्थित होकर उक्त निर्वाचन से संबंधित कार्यों का निष्पादन करने का आदेश दिया गया है।

 ई किसान भवन के समीप नये इनडोर स्टेडियम में शुक्रवार को रक्सौल नगर परिषद के नव निर्वाचित मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद सहित सभी 25 नगर पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान अपर समाहर्ता राजस्व पवन कुमार सिन्हा ने पहले मुख्य पार्षद धुरपति देवी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। फिर उपमुख्य पार्षद पुष्पा देवी को शपथ दिलाई। इसके बाद न् वार्डवार एक से 25 वार्ड तक नगर पार्षदों ओम कुमार साह, रणजीत कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, आशा देवी, जितेन्द्र कुमार दत्ता, घनश्याम प्रसाद, क्रांति देवी, सायरा खातुन, कुंदन कुमार सिंह, रवि कुमार गुप्ता, नीलाक्षी श्रीवास्तव, अनुरागिनि देवी, आशा देवी, दीपक कुमार, रंभा देवी, म.अब्बास, अंतिमा देवी, सुगंधी देवी, सोनू कुमार गुप्ता, रबीता देवी, सीमा गुप्ता, सुगंती देवी, मुकेश कुमार, डिंपल चौरसिया एवम पन्ना देवी आदि को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

डॉ राधाकृष्णन सभागार में शुक्रवार को नगर निगम मोतिहारी आम निर्वाचन 2022 के निर्वाचित मेयर, डिप्टी मेयर व पार्षदों को डीएम शीर्षत कपिल अशोक द्वारा शपथ दिलायी गयी। नगर निगम के मेयर प्रीति कुमारी, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद सहित 46 वार्ड के पार्षदों को शपथ दिलायी गयी। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मोतिहारी नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर प्रीति गुप्ता ने बताया कि जनता से जो उन्होंने वादा किया है उसे पूरा करूंगी। अर्बन डेवेलपमेंट प्लानिंग के तहत सर्वे कर शहरी क्षेत्र का चौमुखी विकास किया जाएगा। शहर से जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है। शहर में लगने वाले जाम से छूटकारा दिलाने के लिए मुख्य मार्ग व गलियों की सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में पार्किंग की स्थायी व्यवस्था की जाएगी ताकि लोग अपने वाहनों को वहां खड़ा कर सकें।

अरेराज ओपी क्षेत्र स्थित जालपा माई स्थान के दानपात्र का ताला तोड़कर बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने लगभग पचास हजार रुपये चोरी कर लिया। मामले को लेकर ओपी को आवेदन दी गयी है। जालपा माई मंदिर समिति के सदस्य संजय कुमार सिंह ने ओपी में आवेदन दिया है कि मंदिर के पुजारी सुरेन्द्र मिश्रा का पैर टूट गया है। जिसके चलते वे घर पर रहते हैं। गुरुवार की शाम दान पात्र का ताला टूटने की सूचना मिली। सूचना पर मंदिर जाने पर दानपात्र का ताला टूटा हुआ पाया गया। मालूम हो कि जालपा माई स्थान सुनसान स्थान पर है। जहां शाम में संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। जिसके चलते चोरी की घटना घटी। चोरी होने की सूचना मिलने पर ओपी पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण की।

नगर पुलिस ने बेलबनवा मोहल्ले में छठू सहनी के घर पर छापेमारी की। छठू सहनी पुलिस को देख शराब का थैला फेंककर फरार हो गया। थैला से तीन लीटर शराब बरामद हुई। वहीं भागते हुये एक व्यक्ति पकड़ा गया। पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम राजकुमार बताया। वह श्रीकृष्ण नगर मोहल्ले का रहने वाला है। उसके पास से एक लीटर देसी चुलाई बरामद की गयी जो पीने के लिये खरीदी थी। एसआई कमलेश कुमार के बयान पर एफआईआर दर्ज की गयी है।

 मकर संक्रांति को लेकर ज्ञानबाबू चौक स्थित श्री गुरुद्वारा गुरुसिंघ सभा में लोहड़ी का पर्व शुक्रवार की शाम उल्लासपूर्वक मनाया गया। अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा ने बताया कि लोहड़ी को लेकर समाज व देश के कल्याण की कामना से जलती अग्नि में तिल व चिउड़ा की आहूति देकर हवन की परिक्रमा की गयी। साथ ही नवदम्पतियों के सुखमय जीवन तथा नवजात बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना को लेकर गुरुग्रंथ साहिब का अरदास किया गया ।

जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच टीम द्वारा पकड़ीदयाल बाल विकास परियोजना कार्यालय की जांच की गई। जांच टीम द्वारा डीएम से की गई लिखित शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं पर जांच की गई। जांच टीम के सदस्य सिकरहना अनुमंडल पीजीआरओ संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के अनुसार पकड़ीदयाल बाल विकास परियोजना कार्यालय दलालों का अड्डा बना हुआ है, जिसके जांच करने के लिए डीएम द्वारा तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई थी। जिसमें पकड़ीदयाल पीजीआरओ बिंदा लाल प्रसाद, रक्सौल पीजीआरओ सतीश रंजन तथा सिकरहना पीजीआरओ संजय कुमार शामिल किए गए हैं। शिकायत के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 26 तथा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 109 पर आरोप है जिसे लेकर दोनों केंद्रों की सभी पंजी को मंगा कर जांच की गई। साथ ही कार्यालय से अभिलेख सीसीटीवी फुटेज, कैश पंजी सहित अन्य दस्तावेज की मांग की गई है परंतु कार्यालय के प्रधान लिपिक के अनुपस्थित रहने के कारण उपलब्ध नहीं हो सका है। रामाधार राम और गंगाधर तिवारी पर आरोप लगा है, जिसका स्टेटमेंट ले लिया गया। जांच पूरा होने के बाद जांच प्रतिवेदन बनाकर अग्रतर कार्रवाई के लिए डीएम को सौंपा जाएगा।

जिले में ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है। ऐसे में ठंड जनित कई रोगों का खतरा छोटे बच्चों व नवजात पर दिखाई दे रहा है। तापमान में बेतहाशा गिरावट से नवजात बच्चों को हाइपोथेर्मिया व निमोनिया का खतरा बना रहता है। सदर अस्पताल के शिशु रोग चिकित्सक डॉ विजय कुमार ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी प्री- मैच्योर शिशुओं को होती है। नवजात शिशुओं में तय समय से पहले जन्म और जन्म के समय वजन कम होना अक्सर देखा जाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिशुओं को गहन देखभाल की जरूरत होती है। – कंगारू मदर केयर है लाभदायक कंगारू मदर केयर विधि से देखभाल कर हाइपोथेर्मिया से नवजात को बचाया जा सकता है। इस तकनीक में मां अपने सीने पर कंगारू की तरह नवजात शिशु को चिपकाकर रखती हैं , ताकि शिशु को मां के शरीर की गर्माहट मिल सके। शिशु के हाथ-पैर व पीठ को साफ कपड़ों से ढकना चाहिए। इसमें शिशु को गर्माहट मिलती है और तापमान का संतुलन बना रहता है। बच्चों को ऊनी वस्त्र पहनाना चाहिए, कमरे को गर्म रखने के लिए कुछ समय तक हीटर का प्रयोग करना चाहिए। बच्चों को दूध पिलाने वाली माँ भी अपना शरीर गर्म रखें, गर्म पानी पीएं। समय पर सभी आवश्यक टीकाकरण जरूर कराएँ । – कम वजनी बच्चों के लिए मददगार है एसएनसीयू सीएस डॉ अंजनी कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल के एसएनसीयू में हाइपोथेर्मिया के इलाज की पुख्ता व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि रेडिएंट वार्मर की उपयोगिता नवजात शिशुओं के तापमान को नियंत्रित करती है।यह शिशुओं के पलंग के समान है जिस पर तापमान के नियंत्रण के साथ ही सांस के अवरोध, हृदय गति आदि की जानकारियां मशीनों की स्क्रीन को देखकर दूर से ही प्राप्त की जा सकती है। जन्म के समय बहुत कम वजन, सांस लेने में समस्या, जन्म के बाद न रोने वाले, पीलिया, पेट में समस्या व निमोनिया जैसे अनेक तरह की बीमारी से ग्रसित बच्चों का यहाँ इलाज किया जाता है। उन्होंने बताया कि नवजातों में हाइपोथेर्मिया न हो इसके लिए कंगारू मदर केयर काफी कारगर है। सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में 14 वार्मर की सुविधाएं उपलब्ध हं । सीएस ने बताया कि एसएनसीयू में 24 घंटे शिशु विशेषज्ञ चिकित्सक, प्रशिक्षित जीएनएम व वार्ड अटेंडेंट उपस्थित रहते हैं। बच्चों की पूरी तरह देखभाल की जा सके, इसलिए अस्पताल में भी कंगारू मदर केयर सुविधा उपलब्ध है। यहां माताएं बच्चे को स्तनपान भी कराती हैं ।