सिकरहना पीएम पोषण योजना में गड़बड़ी पर डीईओ ने ढाका प्रखंड अन्तर्गत मध्य विद्यालय गुरहनवा के प्रभारी एचएम चिरंजीव कुमार झा को निलंबित कर दिया है।निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय बीईओ के सरिया का कार्यालय निर्धारित किया गया है। उक्त प्रभारी एचएम पर मार्च 2022 का फर्जी चेकर आईडी व पासवर्ड बनाकरपीएम पोषण योजना में गड़बड़ी करने तथा अप्रैल व मई माह का प्रपत्र ‘क’ उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए पीएम पोषण योजना के प्रखंड साधन सेवी सुशील कुमार ने योजना के डीपीएम व बीईओ को पत्र लिखा था।

मोतिहारी शहर के एमएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार को स्थानीय डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा महिला कॉलेज के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हाेंने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। वहीं,डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विपिन कुमार राय का स्थानांतरण बिहार विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान पीजी विभाग में हो गया है। इधर, एमएस कॉलेज से डॉ. किरण कुमारी का पुन डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा महिला कॉलेज में स्थानांतरण हो गया है। उन्हें एमएस कॉलेज से विरमित कर दिया गया है। जानकारी प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने दी।

मोतीउर्रहमान मेमोरियल अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का प्रथम सेमीफाइनल फाइनल मैच मंगलवार को ढाका उच्च विद्यालय के खेल मैदान में यूथ क्लब वीरगंज नेपाल व आरडीपीएस कोलकाता के बीच खेला गया। कोलकाता की टीम ने यूथ एकेडमी बीरगंज नेपाल को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। खेल के 54 वें मिनट में कोलकाता के 17 नंबर जर्सी के खिलाड़ी अनिल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला गोल कर अपने टीम के नाम किया। खिलाड़ी अनिल को पूर्व विधायक फैसल रहमान,लक्ष्मी नारायण यादव, जदयू के प्रदेश नेता रामपुकार सिन्हा ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। मौके पर एसडीओ इफ्तेखार अहमद, जदयू नेता संजय सिंह पटेल , नेहाल अख्तर, राजद नेता महंत विनोद दास , टूर्नामेंट के अध्यक्ष शम्स तबरेज, उपाध्यक्ष सुनील सिंह, सचिव जमील अख्तर, कोषाध्यक्ष रंगीन खान थे।

जिले के एलएनडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सौजन्य से मंगलवार को पाक्सो जागरूकता पर बेविनार का आयोजन किया गया। यह बेविनार भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, युवा मामले के राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय के निर्देशानुसार साक्षी के द्वारा संपन्न हुआ। प्राचार्य प्रो.(डॉ.) अरुण कुमार ने कहा कि संविधान में प्रदत्त लैंगिक समानता की स्थापना के लिए धरातल पर लोगों की संवेदनशीलता जरूरी है।उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुद हिंसक व्यवहार करता है तो उसे दूसरों से अहिंसक व्यवहार की कल्पना नहीं करनी चाहिए।साक्षी की रिसोर्स पर्सन डॉ.सुंबुल दाउद ने फिल्म, एनिमेशन व शॉर्ट वीडियो आदि द्वारा लैंगिक हिंसा को समझाते हुए उनके रोकथाम को रेखांकित की। यौन हिंसा केवल बालिकाओं के साथ ही नहीं होती है बल्कि यह बालकों के साथ भी हो सकता है। बच्चे व बच्चियां कई बार अपने साथ हुए यौन दुर्व्यवहार को शर्म व सामाजिक कलंक के कारण मौन रहकर साझा नहीं करते हुए इनकार कर देते हैं। ऐसी स्थिति में उनके मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। संचालन करते हुए एनएसएस पीओ प्रो. अरविंद कुमार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। मीडिया प्रभारी डॉ. कुमार राकेश रंजन ने बताया कि इस ऑनलाइन बेविनार में साक्षी की डॉ.रूपाली फूले, शिक्षकों की ओर से डॉ.पिनाकी लाहा, डॉ. सर्वेश दूबे, डॉ.राधेश्याम, डॉ.नीरज कुमार व स्वयंसेवियों की ओर सुप्रिया, सलोनी वत्स, अंशिका अनुरंजिनी, शिवानी, अंजलि, पूजा, शिवम, आदर्श, हिमांशु, कमलेश, संदीप सहित अन्य एनएसएस स्वयंसेवक व विद्यार्थी जुड़े थे।

डुमरियाघाट राजमार्ग 28 के डुमरियाघाट पुल स्थित नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में मंगलवार को 54 वां विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। भंडारे में शामिल होने के लिए पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने समाधि पर माथा टेक कर पूजा अर्चना की। साथ ही बाबा के समाधि पर चादर चढ़ाकर मन्नतें मांगी। ऐसी मान्यता है कि इस समाधि पर मन्नत मांगने से सभी मनोकामना पूर्ण होती है। इस दौरान भंडारे में पहुंचे हजारों की संख्या पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महा प्रसाद के लिए जनसहयोग से अलग-अलग जगहों लंगर लगाया गया। मन्दिर पर धीरे-धीरे लोगों के आस्था में वृद्धि हो रही है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु प्रसाद बना कर चढ़ाते हैं। साथ ही भंडारे में अपना भरपूर सहयोग देते हैं। वैसे तो इस समाधि स्थल पर सालों भर पूजा पाठ, भजन कीर्तन भंडारे का आयोजन होता है। 17 जनवरी को बाबा यहां समाधि लिए थे। इससे इस दिन का खास महत्व है। इस उपलक्ष्य में जन सहयोग से भव्य विशाल भंडारा का आयोजन किया जाता है। जिसमें शामिल होने के लिये केसरिया, कोटवा, साहेबगंज, अरेराज संग्रामपुर समेत पड़ोसी जिला गोपालगंज, छपरा, सिवान आदि जिलो से भी काफी संख्या में श्रद्धालु भक्त पहुंचते हैं। इस दौरान शांति व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस बल के साथ मौजूद थे। इस अवसर पर भव्य मेले का भी आयोजन हुआ था।

वाणिज्य कर विभाग जीएसटी वसूली की कवायद तेज की है। इस कड़ी में विभाग ने जिले के टॉप टैेक्स पेयर व्यवसायियों को 20 जनवरी तक एसजीएसटी रिटर्न दाखिल करने का निर्देश जारी किया है। जिले में मोतिहारी अंचल अंतर्गत करीब 22 हजार निबंधित व्यवसायी हैं। इसमें 846 टॉप टैक्स पेयर व्यवसायी शामिल हैं। वाणिज्य कर विभाग ने जनवरी 23 में 4.11 करोड़ रुपये एसजीएसटी वसूली का लक्ष्य रखा है। जबकि इस वित्तीय वर्ष में कुल 3 अरब 78 करोड़ 95 लाख रुपये जीएसटी वसूली का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरूद्ध 1 अरब 36 करोड़ 96 लाख रुपये कर की वसूली कर ली गयी है। जानकारी देते हुए राज्य कर संयुक्त कार्यालय के राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार ने बताया कि टॉप टैक्स पेयर व्यवसायी को 20 जनवरी तक रिटर्न दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। इनके अलावा क्यूआरएमपी व कम्पोजिशन टैक्स पेयर व्यवसायियों को भी उक्त तिथि तक रिटर्न दाखिल करने को कहा गया है।

शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के द्वारा सनातन धर्मावलंबियों के धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित पिछले दिनों दिये गये बयान पर मोतिहारी भाजपा जिला महिला मोर्चा ने मंगलवार को नरसिंह बाबा के हनुमान मंदिर में रामचरितमानस का पाठ करके अपना विरोध जताया है। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीना मिश्रा ने कहा है कि राम और रामचरितमानस देश का आस्था और विश्वास है। जिसका पालन सभी सनातन धर्मावलंबी करते हैं। शिक्षा मंत्री अगर सनातन धर्मावलंबी हैं तो उनको राम और रामचरित मानस का आदर करना चाहिए, नहीं कि इस तरह का बयान देना चाहिए। उनका बयान निंदनीय है। मौके पर महामंत्री उषा गुप्ता, पुतुल प्रिया ,अंजू कुमारी , पुतुल रानी, कांति, विमला मिश्रा, प्रमिला आदि थीं।

सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन मंगलवार को नाटॺ कलाकारों के द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कला-जत्था के द्वारा चरखा पार्क के पास सड़क पर सुरक्षित सफर करने का नाटक के माध्यम से मंचन किया गया। साथ ही जिला परिवहन विभाग के द्वारा 36 वाहन चालकों के आंख का जांच कर चश्मा का वितरण किया गया। वही विभाग के द्वारा साइकिल के दुकानदारों को रिफ्लेक्टिंग टेप के साथ ही साईकिल को ग्राहकों को देने का कहा गया। साथ ही एमवी एक्ट के प्रावधानों के अनुसार वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने व मोबाईल का प्रयोग नहीं करने पर चर्चा हुई। डीटीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि छतौनी में वाहन जांच किया गया। जिसमें करीब 20 लोगों को बिना हेलमेट व सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माना वसूला गया। साथ ही डीटीओ श्री कुमार ने चार पहिया वाहन चलाने वालों को सीट-बेल्ट लगाने का निर्देश दिया गया।

बिहार मुखिया संघ के निर्देश के आलोक में मंगलवार को मोतिहारी जिला मुखिया संघ के द्वारा डीडीसी को 14सूत्री मांगों का ज्ञापन जिला अध्यक्ष शशिभूषण सिंह व राजू बैठा प्रदेश सचिव मुखिया संघ बिहार के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में मनरेगा एनएनएमएस को समाप्त करने, सरकार के आदेशानुसार कैप लगाकर मुखिया शस्त्रत्त् लाइसेंस देने, लगातार 3 ग्राम सभा तथा कार्यकारिणी में अनुपस्थित पाए गए ग्राम पंचायत सदस्यों की सदस्यता रद्द करने, ग्राम सभा को स्वतंत्रता देने आदि मांगें शामिल है।

बाराचकिया में अखिल भारतीय केन्द्रीय गौ सेवा के संरक्षक शंकरलाल ने कहा कि हम अगर भारतीय गाय की शरण में जायें। इसके पंचगव्य का उपयोग करें तो हमारे जीवन में आमूलचूल परिवर्तन स्वत हो जाएगा। एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति रोगी का नहीं रोग का इलाज करती है जिसके कारण एक रोग ठीक होता है दूसरा प्रारंभ हो जाता है। उन्होंने बताया कि गौमाता के एक ग्राम गोबर में लगभग चार सौ करोड़ सूक्ष्म जीवाणु विद्यमान हैं। गोबर की गंध से ही केंचुआ सक्रिय होकर भूमि को उर्वरा बनाता है।