तुरकौलिया  विकास योजनाओं का जायजा लेने डीएम शीर्षत कपिल अशोक बुधवार को शंकरसरैया उत्तरी पंचायत के वार्ड 5 स्थित शेख शरण टोला पहुंचे। जहां नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं मनरेगा द्वारा निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया। पंचायत में सात निश्चय योजना, जल जीवन हरियाली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, धान अधिप्राप्ति कार्य प्रगति, जाति आधारित गणना कार्य प्रगति के बारे में पदाधिकारी के साथ चर्चा करते हुए दिशा निर्देश दिए। मुखिया अशरफ आलम ने पंचायत में हुए कार्यों की जानकारी दी। किसानों ने यूरिया खाद की किल्लत की जानकारी दी। डीएम ने कहा की यहां यूरिया का आवंटन का आदेश दिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र में दवा की उपलब्धता के बारे में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अर्जुन गुप्ता से पूछा। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस प्रवीण कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि मुनालाल यादव, रमेंद्र कुमार, सीओ पिंटू कुमार, आरओ सुबोध कुमार थे।

एसएसबी 47 वीं वाहिनी रक्सौल के प्रयास से मतोहारी नेपाल की पिछले छह माह पूर्व मानव तस्करी की शिकार एक महिला को जम्मू से मुक्त कराया गया। इसकी जानकारी एसएसबी इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि एसएस बी ने यह कार्रवाई नेपाल पुलिस की सूचना देने व सहयोग मांगे जाने के बाद की गई। उक्त युवती अपने घर से सोने चांदी रुपया ले कर जुलाई 2022 से गायब थी। युवती को मुक्त कराने को लेकर नेपाल व भारतीय पुलिस पूर्व में तीन चार प्रयास कर चुकी थी। किंतु सफलता नहीं मिली थी। इंस्पेक्टर श्री शर्मा ने बतया कि नेपाली युवती मानव तस्कर के चंगुल में तब पड़ी

बारा जिला के कलैया वार्ड 12 स्थित धर्मनगर में अपने घर मे आग तापते वक्त एक महिला बुरी तरह जल गई। जिसकी इलाज के क्रम में मौत हो गई। बारा जिला के पुलिस प्रवक्ता डीएसपी राजेश थापा ने बताया की महिला की पहचान लालसा देवी (35 ) के रूप में हुई है।

आगामी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा 19 जनवरी से 21 जनवरी तक आयोजित होगी। प्रायोगिक परीक्षा जिले के 474 स्कूलों में आयोजित होगी। इसमें 74,302 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इनमें,37762 छात्राएं व 36,540 छात्र हैं। जानकारी के अनुसार, विज्ञान विषय में इंटरनल एसेसमेंट के आधार अंक दिए जाएंगे। वहीं, सामाजिक विज्ञान के लिटरेसी एक्टिविटी व प्रोजेक्ट वर्क होगा।ऐच्छिक विषयों गृह विज्ञान, ललित कला, संगीत, नृत्य व दृष्टि बाधित छात्र-छात्राओं के लिए संगीत विषय की प्रायोगिक परीक्षा होगी। प्रायोगिक परीक्षा के लिए सामग्री स्कूलों को उपलब्ध करा दी गयी है। विदित हो कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी पत्र के अनुसार, पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल व बेटरमेंट कोटि के छात्र-छात्राओं का गत वर्ष के इंटरनल एसेंसमेंट/प्रायोगिक परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर ही रिजल्ट तैयार किया जाता है। ऐसे कोटि के छात्र-छात्राओं को इंटरनल एसेंसमेंट/ प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं है।

राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा 2022-23 आगामी 22 जनवरी को आयोजित होगी। परीक्षा के जिले में दो परीक्षा केंद्र जिला स्कूल व एमजेके कन्या इंटर कॉलेज को बनाया गया है। दो पालियों में सुबह 1030 बजे से अपराह्न 12 बजे तक व द्वितीय पाली अपराह्न 1 बजे से अपराह्न 230 बजे तक संचालित की जाएगी। जिला स्कूल केंद्र पर स्टेटिक दंडाधिकारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी बंजरिया मारुति नंदन सिंह व एमजेके कन्या इंटर कॉलेज में कोटवा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह होंगे। गश्ती दल दंडाधिकारी सीओ मोतिहारी सदर उमा कुमारी व उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी के रूप में श्रम अधीक्षक सत्यप्रकाश रहेंगे। परीक्षा केद्रों के बाहर परीक्षा अवधि में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक व प्रत्येक परीक्षा कक्ष में न्यूनतम दो वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति रहेगी।

पीपरा थाना के महुआवा गांव के सामने एनएच पर रात के अंधेरे में टैंकर से गैस क टिंग कर रसोई गैस सिलेंडर में गैस भरने के धंधा का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। एसपी कांतेश कुमार मिश्र का कहना है कि गैस क टिंग करते रंगेहाथ दो धंधेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।वहीं गैस टैंकर,38 रसोई गैस सिलेंडर व दो मोबाइल जब्त किया गया है। पीपरा थाने में सात ईसी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है। गिरफ्तार धंधेबाजों में पीपरा थाना क्षेत्र के महुआवा गांव के अरुण कुमार कुशवाहा उर्फ सुनील भगत व पीपरा के ही मधुरापुर के जितेन्द्र कुमार सिंह शामिल है। अरुण कुमार कुशवाहा पर वर्ष 2022 में गैस क टिंग से संबंधित एफआईआर पीपरा थाने में दर्ज की गयी थी। उस समय वह फरार हो गया था। काफी दिनों से दोनों गिरफ्तार धंधेबाज टैंकर से गैस क टिंग का धंधा करता आ रहा है। पुलिस का कहना है कि पाइप व नोजल के सहारे टैंकर चालक से मिलीभगत कर रसोई गैस सिलेंडर में गैस भरते हैं। गैस सिलेंडर को महंगे दाम पर छोटे होटलों में बेचने का काम करते हैं। इसके बदले में टैंकर चालक को प्रति सिलेंडर दो सौ रुपये धंधेबाज देते हैं। एनएच के विभिन्न लाइन होटलों व सुनसान इलाके में यह धंधा वर्षो से चल रहा है। नये एसपी के संज्ञान में आते छापेमारी करा दी गयी। सबसे आश्चर्य की बात है कि इस गैस क टिंग के दौरान कहीं आग लग गयी तो बड़ा हादसा हो सकता है।

पर्सा जिला पुलिस ने 22 लाख 50 हजार रुपये अवैध रकम के साथ दो हुंडी कारोबारी को हिरासत में लिया है।उक्त बरामदगी वीरगंज के घंटाघर चौक से हुई।मामले में वीरगंज महानगर पालिका वार्ड 16 नगवा निवासी विकास साह व वार्ड 18 मनियारी के सुभाष कुमार साह को हिरासत में लिया गया है।दोनों भारतीय नबंर की स्कूटी पर सवार थे। डीएसपी दीपक गिरि ने बताया कि दोनों अपने साथ रखे झोले में उक्त रकम रखे थे। उन्होंने बताया कि इसमें पांच सौ और एक हजार के नोट शामिल है। बरामद रकम के बारे में नहीं बताने के बाद दोनों के खिलाफ बैंक एवं वित्तीय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार अवैध हुंडी कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके तहत छह माह में सात लोगों को अभी तक पकड़ा गया है।

महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में बुधवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत बालिकाओं से संबंधित गतिविधियों को समाहरणालय परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें डीएम शीर्षत कपिल अशोक के द्वारा शपथ दिलायी गयी। इस दौरान सेल्फी प्वाइंट बनायी गयी थी। परिसर से गुब्बारा गुच्छा छोड़कर जागरूकता फैलाई गई। डीएम ने बालिकाओं के उत्थान के लिए शपथ दिलाते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत हम सब मिलकर शपथ लेते हैं कि बेटी के जन्म पर खुशी उत्सव मनाएंगे। हम अपने बेटियों पर गर्व करेंगे और पराया धन की रूढ़िवादी मानसिकता का विरोध करेंगे। हम अपनी बेटी का स्कूल में दाखिला जरूर कराएंगे और उनकी शिक्षा को बरकरार रखेंगे। बाल विवाह व दहेज प्रथा का दृढ़ता पूर्वक विरोध करेंगे। हम पुरुषों व लड़कों के जेन्डर रूढ़िवादी सोच को चुनौती देंगे। हम महिलाओं व बेटियों के संपत्ति के अधिकार को समर्थन देंगे। हम अपने आस-पड़ोस समाज को लिंग भेद और हिंसा मुक्त एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करेंगे। डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ अभियान कार्यक्रम को हर हाल में सफल बनाएं। बेटियों के उत्थान के लिए महिलाओं ने नारे लगाए। मौके पर अपर समाहर्ता पवन कुमार सिन्हा, अनुमंडल मोतिहारी सदर श्रेष्ठ अनुपम, पीजीआरओ सदर गौरव कुमार आदि मौजूद थे।

डुमरियाघाट सरेया गांव के समीप स्थित सड़क किनारे चंवर में बने एक पोखर में बुधवार को एक बच्ची डूब गई। लड़की अभी तक नहीं मिली है। लापता माला कुमारी (6) रामपुर खजुरिया पंचायत के वार्ड दो स्थित रामपुरवा डीह निवासी चंचल महतो की पुत्री है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह अन्य बच्चों के साथ पोखर के पास खेल रही थी। जहां खेलने के दौरान वह पोखर में गिर गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से शव निकलने का अथक प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। लापता लड़की के खोज के लिए ग्रामीणों ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाने के लिए प्रशासन से मांग की। लेकिन संध्या तक एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुचने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

मोतिहारी। गांधीवादी चिंतक पूर्व मंत्री गांधी संग्रहालय के सचिव ब्रजकिशोर सिंह के 93 वें जन्म दिन पर बुधवार को गांधी संग्रहालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। श्री सिंह ने कहा कि आज की परस्थिति में युवा गांधीजी के पद चिन्हों पर चले तो अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सत्य अहिंसा की संस्कृति को आत्मसात करने की सलाह दी। उन्होंने कहा की युवा पीढ़ी अपने मार्ग से भटके नहीं इसके लिए जरूरी है गांधी जी के जीवन को पढ़ें। मौके पर जिला सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष राय सुन्दर देव शर्मा थे।