कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारोें...। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है केबीसी के पहले पांच करोड़ के विजेता बने सुशील कुमार ने। चार साल पूर्व विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर आज के ही दिन उन्होंने एक बड़ी मुहिम छेड़ी थी। यह मुहिम थी विलुप्त हो रही गौरैया पक्षी के संरक्षण की। काम आसान नहीं था। लेकिन उन्होंने ठान ली तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। खुद अपने खर्च से घोंसला तैयार कर लोगों के घरों में लगाना शुरू कर दिया। साथ में धान की बाली रखते। अभियान धीरे-धीरे रंग लाने लगा। समाज के विभिन्न तबके के लोग भी जुड़ते गये। अब तक दस हजार से अधिक लगा चुके हैं घोंसला चार साल में वे दस हजार से अधिक घोंसला लगा चुके हैं। खुद से व सामाजिक सहयोग से भी घोंसला लगाया गया है। केबीसी विजेता सुशील कुमार के अनुसार इन घाेंसलों में हजारों गौरैया अपना आशियाना बनाया है। उनके अनुसार अब शहर के करीब सभी मोहल्ले में गौरेया दिखने लगी हैं। पोस्टर प्रतियोगिता का किया गया आयोजन मोतिहारी। गौरैया दिवस पर राजेंद्र नगर स्थित कला प्रशिक्षण की संस्था कलाश्रम में गौरैया संरक्षण पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता को दो श्रेणियों में रखा गया, जूनियर व सीनियर। जिसमें लगभग दो दर्जन छात्र - छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के संयोजन केबीसी विजेता सुशील कुमार ने किया। सभी छात्रों को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। छात्रों ने चित्र के माध्यम से गौरैया संरक्षण पर पोस्टर बनाया। जूनियर वर्ग में आयुष कुमार प्रथम, रित कुमारी द्वितीय व अकक्षिता तृतीय स्थान पर रही। विश्व गौरेया दिवस पर शहर में कार्यक्रमों की रही धूम मोतिहारी। विश्व गौरैया दिवस पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस दौरान, मोतिहारी नगर निगम की महापौर प्रीति गुप्ता के आवासीय परिसर में विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर गौरैया का घोंसला लगाया गया। साथ ही उपस्थित लोगों के बीच गौरैया का घोंसला वितरित किया गया। इस अवसर पर मेयर प्रीति गुप्ता ने कहा कि गौरैया बिहार की राजकीय पक्षी है और इसके संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम मोतिहारी में भी गौरैया संरक्षण संबंधित कार्य किए जायेंगे। साथ ही उन्होंने नगर के सभी निवासियों से अपील किया कि गर्मी के मौसम में चिड़ियों के लिए आंगन व छत पर पानी जरूर रखें
भारत नेपाल सीमा पर वीरगंज पुलिस ने पांच कार्टून प्रतिबंधित नशीली दवा के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया। नशीली दवाओं की तस्करी का लिंक रक्सौल के दर्जनों दवा दुकानदारों व कारोबारियों से जुड़ा है।यह तस्करी बाइक, ई रिक्शा समेत चार पहिया वाहनों से हो रही है। इसका खुलासा करते हुए वीरगंज पुलिस ने पांच कार्टून प्रतिबंधित नशीली दवा बरामद किया है। उक्त बरामदगी रक्सौल वीरगंज सड़क खंड से शंकराचार्य गेट व मैत्री पुल के पास से हुई,जो भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच में ऑन रेक्स 100एम लिखा 178 बोतल दवा बरामद हुई,जो नेपाल में प्रतिबंधित है । डीएसपी दीपक गिरी ने बताया कि वीरगंज की इनरवा पुलिस चौकी की टीम ने बरामदगी की। भिसवा निवासी चालक बलजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा पटना में आयोजित खेलो इंडिया ईस्ट जोन महिला रोड साइक्लिंग लीग मैच (18-19 मार्च) में मोतिहारी के खाते में कुल दो पदक आया। मैच के दूसरे दिन पूर्वी चंपारण जिला के खाते में एक और रजत पदक आया। दूसरे दिन भी बेबी ने ही पदक जीता। दूसरे दिन जिले की बेबी कुमारी ने सीनियर वर्ग में मास स्टार्ट इवेंट में दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता।पदक जीतने पर छह हजार रुपए का चेक भी उसे प्रदान किया गया। बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी के निदेशक पंकज राज (आईपीएस) ने बेबी को मेडल पहनाया व चेक प्रदान किया। इसके अलावा सब जूनियर वर्ग में अप्पी कुमारी, जूनियर वर्ग में बिनीता व सीनियर वर्ग में गुड़िया, श्वेता व ज्योति टॉप टेन में रही। मैच में बिहार टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। मैच में पूर्वी चंपारण जिला साइक्लिंग संघ की 13 खिलाड़ी बिहार टीम के तरफ से खेली थी। संघ के सचिव सिद्धार्थ वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में एक बार फिर से बेबी ने बेहतर खेल दिखाया और दो मेडल जीता. साथ ही सब जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग में मोतिहारी की कई खिलाड़ियों ने टॉप टेन में जगह बनाई ।
भारत नेपाल सीमा पर इन दिनों मादक पदार्थ की तस्करी तेज हो गई है।इसी बीच ट्रक पर लदे गांजा समेत एक भारतीय नागरिक को शनिवार की रात्रि गिरफ्तार किया गया है। उक्त बरामदी वीरगंज पुलिस ने वीरगंज रक्सौल सड़क खंड से लगे इनरवा वार्ड 16 में अवस्थित धर्म कांटा के पास से गुप्त सूचना तब की,जब यह ट्रक वीरगंज से भारतीय सीमा क्षेत्र की ओर जा रही थी।इसकी पुष्टि करते हुए एसपी कोमल शाह ने बताया कि गुप्त सूचना पर भारतीय ट्रक को रोक कर जांच की गई। जिसमें 1 क्विंटल 49 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में ट्रक चालक बिहार के पूर्वी चंपारण के सपहा, दक्षिणी मान सिंघा लक्ष्मीपुर वार्ड 11 निवासी 27वर्षीय ओम प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मिनी ट्रक में गुप्त तहखाना बना कर गांजा को छुपाया गया था।
बिहार मदरसा एजुकेशन बोर्ड के नवमनोनित चेयरमैन अब्दुस सलाम अंसारी का मदरसा करीमिया ढाका में आगमन पर मदरसा के सचिव मो. इमतेयाज अख्तर के नेतृत्व में कमेटी की ओर से उन्हें बुके व अंगवस्त्रत्त् से सम्मानित किया गया। अध्यक्षता मदरसा कारिमिया के एचएम मौलाना अमजद सल्फी व कार्यक्रम का संचालन डॉ कासिम अंसारी ने किया। मदरसा करीमिया के सचिव मो. इमतेयाज अख्तर ने बोर्ड के चेयरमैन से मांग किया कि मदरसों के शिक्षा पद्धति को नया स्वरूप दिया जाए। मदरसा कारिमिया को भी एक नई पहचान दिया जाए।
बीआरएबीयू में सत्र 2023-26 में स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया एक मई से शुरू करने की तैयारी है। विवि प्रशासन ने दाखिले और कक्षा के लिए एडमिशन कैलेंडर तैयार किया है। इसे कुलपति के पास अनुमति के लिए भेजा जा रहा है। कैलेंडर के अनुसार स्नातक में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन एक मई से लिया जाएगा। हालांकि डीएसडब्ल्यू प्रो. अभय कुमार सिंह का कहना है कि एडमिशन कैलेंडर तैयार कर लिया गया है, लेकिन बिहार बोर्ड, आईसीएसई और सीबीएसई परीक्षा का रिजल्ट निकलने के बाद ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। इसे अभी टेंटेटिव ही माना जाएगा। एक महीने तक लिया जाएगा आवेदनस्नातक में नामांकन के लिए 1 से 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन लिये जाएंगे। इसके बाद सात जून से 14 जून के बीच पहली मेरिट लिस्ट का दाखिला होगा। दूसरी मेरिट लिस्ट 20 जून को जारी होगी और 27 जून तक दाखिला होगा। तीसरी मेरिट लिस्ट चार जुलाई को जारी होगी और 11 जुलाई तक दाखिला लिया जाएगा। 25 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। एक अगस्त से नये सत्र की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। नये सत्र से सेमेस्टर सिस्टम लागू करने की तैयारीविवि में नये सत्र में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने पर काम चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पटना विवि में स्नातक में सेमेस्टर सिस्टम लागू कर दिया गया है, इसलिए अब बीआरएबीयू में भी सेमेस्टर सिस्टम लागू किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय से भी इसका निर्देश है।
दसवीं व बारहवीं 2023 के फाइनल परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चों के लिए सीबीएसई बोर्ड के द्वारा पूरे देश में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सीबीएसई पटना रीजन में टॉप 30 बेस्ट परफॉर्मर्स स्कूल में मोतिहारी शहर स्थित जीवन पब्लिक स्कूल ने भी अपना स्थान सुनिश्चित किया। इस उपलब्धि के लिए सीबीएसई पटना रीजन के रिजनल ऑफिसर अरविंद कुमार मिश्रा ने विद्यालय के चेयरमैन जीवन प्रकाश व निदेशक स्वर्णिम श्रीवास्तव को संयुक्त रूप से मोमेंटो देकर सम्मानित किया। विद्यालय के उपाध्यक्ष मनोज रंजन ने बताया कि हमारे विद्यालय के सभी छात्र- छात्राएं पढ़ाई में बेहतर करते आ रहे हैं।
क्रिकेट विश्वकप लिग टूर्नामेंट में नेपाल की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो खिलाड़ियों को वीरगंज महानगर पालिका ने सम्मानित किया है। दोनो वीरगंज के हैं और आपस में भाई हैं। नेपाल विश्वकप क्वालिफायर में चुने जाने के बाद पहली बार रविवार को गृहनगर वीरगंज पहुंचे ,जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। नेपाली राष्ट्रीय क्रिकेट टी के खिलाडीद्वय आरिफ शेख( बैट्स मैन ) व आसिफ शेख (विकेट कीपर )को वीरगंज महानगर पालिका के मेयर राजेश मान सिंह ने हौसलाफजाई करते हुए शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया।साथ ही आगामी दिनों नागरिक अभिनंदन में उपहार स्वरूप बाइक देने की घोषणा की। मेयर ने कहा कि हमें दोनो भाईयो पर गर्व है क्योंकि,इन्होंने वीरगंज ही नहीं नेपाल का नाम रौशन किया है । आरिफ व आसिफ के पिता शेख सलाम तथा स्थानीय प्रशिक्षक जाहुर अन्सारी को भी सम्मानित किया गया।इस दौरान प्रमुख प्रशासकीय अधिकृत अरविंद लाल कर्ण, वार्ड सदस्य बैजू लाल स्वर्ण कार,प्रदीप चौरसिया,सुरेश गुप्ता,जगत साह,आदि उपस्थित थे।
भाजपा सरकार ने जुब्बा सहनी के नाम पर डाक टिकट जारी किया। मुजफ्फरपुर में जुब्बा सहनी पार्क बनाया गया। केंद्र की मोदी सरकार ने निषाद समाज की बेहतरी के लिए मत्स्य संपदा योजना के तहत बड़ी राशि का प्रावधान बजट में किया है। राशि बिहार सरकार के माध्यम से खर्च होगी। बिहार सरकार योजनाओं के क्रियान्वयन में रुकावट डाल रही है। इसलिए बिहार सरकार से बहुत उम्मीद नहीं करना है। यह बातें पूर्व केन्द्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने रविवार को गांधी कॉम्पलेक्स स्थित भाजपा कार्यालय में अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चांदमारी रेलवे ओवरब्रिज का काम एक-दो महीने में शुरू हो जाएगा। छतौनी में फ्लाई ओवर का टेंडर भी जल्द होगा। मोतिहारी का रेलवे स्टेशन कुछ दिनों में हवाईअड्डा की तरह हो जाएगा।विधान पार्षद हरिनारायण सहनी ने कहा कि राष्ट्रधर्म से बड़ा कोई धर्म नहीं है। े अमर शहीद जुब्बा सहनी देशभक्त थे।अध्यक्षता भाजपा मत्स्यजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ललन सहनी व संचालन रविन्द्र सहनी ने किया। नगर विधायक प्रमोद कुमार ने भी संबोधित किया।मौके पर नगर निगम के उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, मुखिया राजकिशोर सहनी, गोपालजी सहनी सहित कई थे।
स्वतंत्रता की पचहत्तरवीं वर्षगांठ पर आगामी इक्कीस मार्च को नगर भवन में जिलास्तरीय एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित करने को लेकर बेलबनवां स्थित अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिला कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष श्री किशोर पाण्डेय ने बताया कि सविनय अवज्ञा आंदोलन व भारत छोड़ो आंदोलन सहित ब्रिटिश सरकार के खिलाफ हुए सभी आंदोलनों में संयुक्त चम्पारण के वीर सेनानियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। उन सेनानियों ने देश को स्वतंत्र कराने के लिए अपना तन,मन और धन सब कुछ समर्पित कर दिया था। जिलाध्यक्ष ने शहीद सेनानियों की याद में स्मारक और सेनानियों की स्मृति में एक स्मृति भवन का निर्माण कराने तथा स्वतंत्रता सेनानी के उत्तराधिकारियों के परिवार को राष्ट्रीय परिवार घोेषित करने की मांग जिला प्रशासन,बिहार सरकार व केन्द्र सरकार से की। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष अमिता निधि, प्रधान महासचिव राजकिशोर शर्मा व उपाध्यक्ष कौशल किशोर पाठक ने कहा कि अन्य राज्यों की तर्ज पर स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को प्रतिमाह सम्मान पेंशन बिहार सरकार से मिलना चाहिए। इस अवसर पर राम सिंह व मीडिया प्रभारी संजय सत्यार्थी सहित अनेक उपस्थित थे।
