पताही प्रखंड के जिहुली पंचायत अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय अलीशेरपुर में भवन का घोर अभाव है। उक्त विद्यालय में वर्ग एक से वर्ग पांच तक की पढ़ाई होती है जिसमें लगभग डेढ़ सौ छात्र छात्राएं नामांकित हैं वहीं शिक्षकों की संख्या पांच है। भवन के नाम पर मात्र दो जीर्ण शीर्ण कमरे हैं और इन्ही दो कमरों में विद्यालय के कार्यालय संबंधित कार्य,स्टॉफ रूम, मध्याह्न भोजन के स्टोर व निर्माण का कार्य भी होता है।ऐसे में छात्रों को पेड़ के नीचे पढ़ाया जाता है। बरसात के दिनों में पढ़ाई में दिक्कत होती है। कहते हैं प्रधानाध्यापक विद्यालय के प्रभारी एचएम विजय प्रसाद ने बताया कि भवन के अभाव में पठन पाठन में का़फी दिक्कत होती है। विद्यालय में मात्र दो जीर्ण शीर्ण स्थिति में कमरे हैं। खिचड़ी शेड नहीं होने के कारण एक कमरा में मध्याह्न भोजन की सामग्री रखी जाती है तथा बनाया जाता है । वहीं, एक कमरे में कार्यालय,स्टॉफ के बैठने तथा विद्यालय संबंधित कागजात आदि को भी सुरक्षित रखा जाता है। कहते हैं पदाधिकारी बीईओ अरविन्द कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालय में भवन की कमी है। जिसके लिए विभाग को लिखा गया है।
